- भारत ने श्रीलंका को 90 रन से हराया
- कप्तान प्रियम गर्ग और ध्रुल जुरेल के अर्द्धशतक
- सिधेश वीर बने मैन ऑफ द मैच
मौजूदा विजेता भारत ने अंडर-19 विश्व कप (Under 19 World Cup) की शानदार शुरुआत करते हुए रविवार को खेले गए अपने पहले मैच में श्रीलंका को 90 रनों से करारी मात दी. भारत ने मानगाउंग ओवल पर पहले बल्लेबाजी करते हुए 50 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 297 रनों का स्कोर खड़ा किया और श्रीलंकाई टीम को 45.2 ओवरों में 207 रनों पर ढेर कर जीत हासिल की.
India Under 19 kick off #U19CWC campaign with a 90-run win over Sri Lanka Under 19.
— BCCI (@BCCI) January 19, 2020
Report https://t.co/rWHJJun7fy#INDvSL pic.twitter.com/pRPv3KrFh1
यह भी पढ़ें: कप्तान विराट कोहली ने विकेटकीपिंग को लेकर ऋषभ पंत और एमएस धोनी को दिया बड़ा संदेश
श्रीलंका के शीर्ष क्रम और मध्य क्रम के बल्लेबाजों ने शुरुआत तो अच्छी की लेकिन उन्हें बड़ी पारी में तब्दील नहीं कर पाए. कप्तान निपुन धनंजय ही अर्धशतक जमा सके. उन्होंने 59 गेंदों पर दो चौके और एक छक्के की मदद से 50 रन बनाए. राविंडु रसांथा एक रन से अर्धशतक से चूक गए. कामिला मिसारा ने भी 39 रनों का योगदान दिया लेकिन इन तीनों के अलावा मध्य क्रम में कोई और बल्लेबाज खड़ा नहीं हो सका और टीम का निचला क्रम तो पूरी तरह से ढह गया. भारतीय अंडर-19 टीम के लिए आकाश सिंह, सिद्देश वीर, रवि बिश्नोई ने दो-दो विकेट लिए. कार्तिक त्यागी और सुशांत मिश्रा ने एक-एक विकेट लिया.
यह भी पढ़ें: ऑस्ट्रेलिया को 7 विकेट से हराकर भारत ने सीरीज पर किया 2-1 से कब्जा
इससे पहले भारतीय बल्लेबाजों ने अपना दम दिखाया और टीम को मजबूत स्कोर दिया. यशस्वी जयसवाल (59) और दिव्यांश सक्सेना (29) ने पहले विकेट के लिए 66 रन जोड़े. इसी स्कोर पर दिव्यांश आउट हो गए और यशस्वी 112 के कुल स्कोर पर पवेलियन लौटे. उन्होंने अपनी पारी में 74 गेंदों का सामना कर आठ चौके मारे. यशस्वी के अलावा कप्तान प्रियम गर्ग ने 72 गेंदों पर 56 और ध्रुव जुरेल ने 48 गेंदों पर नाबाद 52 रन बनाए. प्रियम ने अपनी पारी में सिर्फ दो चौके मारे. जुरेल ने अपनी पारी में 48 गेंदें खेलीं और तीन चौके तथा एक छक्का लगाया.
VIDEO: पिंक बॉल बनने की कहानी, स्पेशल स्टोरी.
जुरेल के साथ सिद्देश भी 44 रन बनाकर नाबाद रहे. सिद्देश ने तेजतर्रार पारी खेली. उन्होंने 27 गेंदों की पारी में छह चौके और एक छक्का लगाया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं