Aus Vs Ind 2nd test: मोहम्मद सिराज (Mohammed Siraj) पिछले महीने अपने दिवंगत पिता का अंतिम संस्कार नहीं कर पाये थे क्योंकि वह राष्ट्रीय टीम के साथ आस्ट्रेलिया में थे और शनिवार को उनके परिवार ने कहा कि तेज गेंदबाज ने भारत के लिये टेस्ट पदार्पण करके उन्हें गौरवान्वित कर दिया. भारतीय टीम नवंबर में आस्ट्रेलिया पहुंची थी और इसके एक हफ्ते बाद 20 नवंबर को 26 वर्षीय सिराज के पिता मोहम्मद गौस का हैदराबाद में निधन हो गया लेकिन कोविड-19 पाबंदियों (COVID_19) के कारण वह घर नहीं लौट सके. उनके भाई इस्माइल ने कहा कि उनके पिता का सपना था कि सिराज टेस्ट मैचों में देश के लिये खेले और आखिरकार एमसीजी में शनिवार को उनका सपना पूरा हो गया. इस्माइल ने हैदराबाद से पीटीआई से कहा, ‘‘मेरे (दिवंगत) पिता का सपना था कि सिराज को टेस्ट में भारत का प्रतिनिधित्व करना चाहिए. वह हमेशा उसे (सिराज को) नीली और सफेद जर्सी में देश का प्रतिनिधित्व करते हुए देखना चाहते थे इसलिये आज हमारा सपना पूरा हो गया. हम पूरी रात नहीं सोए थे. हमने सुबह 4 बजे से ही टेस्ट मैच देखना शुरू कर दिया था. यह मौका हमारे लाइफ का सबसे यादगार लम्हा था. मैंने 4 बजे ही टीवी ऑन कर लिया था. हमारे लिए यह गौरवान्वित पल है. सिराज देश के लिये एक वनडे और तीन टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं.
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ शनिवार को यहां दूसरे टेस्ट में पदार्पण करने वाले तेज गेंदबाज मोहम्मद सिराज ने कहा कि भारतीय ‘टेस्ट कैप (टेस्ट मैच की टोपी)' हासिल करना उनकी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि है जिसे उन्होंने डॉट गेंदों की मदद से बल्लेबाजों को दबाव में डालकर यादगार बनाया. भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले 298वें खिलाड़ी बने सिराज ने बीसीसीआई टेलीविजन पर कहा, ‘‘ टेस्ट क्रिकेट का कैप मिलना मेरी जिंदगी की सबसे बड़ी उपलब्धि है.
मुझे अज्जू भाई (अजिंक्य रहाणे) और जस्सी भाई (जसप्रीत बुमराह) के साथ बात कर के अच्छा लगा। वे मेरा हौसला बढ़ा रहे थे. अपने डेब्यू टेस्ट में सिराज ने 40 रन देकर 2 बड़े विकेट लिए. उन्होंने मार्नस लाबुशाने और कैमरून ग्रीन को आउट कर ऑस्ट्रेलियाई पारी को जल्द आउट करने में अहम भूमिका निभाई.
VIDEO: कुछ दिन पहले विराट ने करियर को लेकर बड़ी बात कही थी.
(हेडलाइन के अलावा, इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है, यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं