Tilak Varma Credit Rohit Sharma for His Knock vs PBKS: मुंबई इंडियंस (MI) ने पंजाब किंग्स (PBKS) को 6 विकेट से हराकर इस सीजन की अपनी चौथी जीत दर्ज की. धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में खेले गए इस मैच में पंजाब किंग्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रभसिमरन सिंह के 57 रन और अजमतुल्लाह उमरजई के कैमियो (17 गेंद, 38 रन) की बदौलत 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 200 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया था. मुंबई इंडियंस के लिए यह रन चेज बेहद खास रहा, जिसे तिलक वर्मा की तूफानी पारी (33 गेंद, 75 रन) और रयान रिकेल्टन के 48 रनों के दम पर टीम ने 19.5 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया. अंत में विल जैक्स ने भी 10 गेंदों में नाबाद 25 रन बनाकर टीम की जीत पर मुहर लगाई.
रोहित शर्मा ने तिलक की पारी को बताया सबसे खास
इस रोमांचक रन चेज के बाद मुंबई इंडियंस के खेमे से सीनियर और जूनियर खिलाड़ी के बीच का एक बेहद खूबसूरत बॉन्ड देखने को मिला. मैच के बाद पूर्व कप्तान रोहित शर्मा ने तिलक वर्मा की इस मैच जिताऊ पारी की दिल खोलकर तारीफ की. हिटमैन ने फोन पर बात करते हुए कहा, "भले ही आप इस मैच में मेरी पारी को मत देखिए, लेकिन तिलक वर्मा ने मैदान पर जो नॉक खेली है, उसे बार-बार देखना बनता है." रोहित का मानना था कि तिलक ने जिस दबाव में आकर 6 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़े, वह उनकी परिपक्वता को दर्शाता है.
We agree with Rohit here. That was truly 'unreal.' 🔥
— Mumbai Indians (@mipaltan) May 15, 2026
#PBKSvMI pic.twitter.com/xgF9Vrz6RC
'आधा श्रेय रोहित भाई आपको जाता है' - तिलक
सीनियर खिलाड़ी रोहित शर्मा से मिली इस तारीफ के बाद प्लेयर ऑफ द मैच तिलक वर्मा भी काफी भावुक नजर आए. उन्होंने रोहित शर्मा के प्रति अपना सम्मान जाहिर करते हुए एक बड़ा बयान दिया. तिलक ने कहा, "रोहित भाई, मैदान पर मेरी इस आक्रामक और मैच जिताऊ पारी का आधा श्रेय सिर्फ और सिर्फ आपको ही जाता है."
तिलक ने बताया कि क्रीज पर रहने के दौरान रोहित भाई की सलाह और उनके साथ के कारण ही वे इस मुश्किल पिच पर खुद को शांत रख पाए और अंत तक रहकर मैच फिनिश कर सके. सोशल मीडिया पर दोनों खिलाड़ियों का यह बयान और उनके बीच की जुगलबंदी अब जमकर वायरल हो रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं