MS Dhoni and Rohit Sharma Back; MI vs CSK IPL 2026: गुरुवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में आखिरकार दुनिया भर के क्रिकेट फैंस एमएस धोनी और रोहित शर्मा का एक साथ दीदार कर सकेंगे. NDTV को टीम के सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक धोनी और रोहित शर्मा दोनों की वापसी की उम्मीद एक ऐसे मुकाबले में की जा रही जो उनकी टीमों के लिए सीज़न की दिशा तय कर सकते हैं. ऐसे में गुरुवार को मुंबई बनाम चेन्नई एक एल-क्लासिको जैसा महा-मुकाबला बन गया है. क्रिकेट भले ही टीम गेम हो, लेकिन खेल के दो सुपरस्टार्स – धोनी और रोहित शर्मा की संभावित वापसी की खबर से क्रिकेट की दुनिया की हलचल बेहद बड़ी हो गई है. दोनों के गुरुवार रात खेलने की संभावना है, क्योंकि उनकी टीमों के लिए दांव बहुत ऊंचे हैं.
इंडियन प्रीमियर लीग की सबसे चर्चित प्रतिद्वंद्विता वानखेड़े लौट रही है – एक ऐसा मैदान जो लीग के कुछ सबसे निर्णायक पल का गवाह रहा है. हालांकि, गुरुवार के मुकाबले का संदर्भ है – ज़रूरत, बेताबी और अस्तित्व यानी टूर्नामेंट में बने रहने की लड़ाई. इस कहानी के केंद्र में लीग के दो सबसे बड़े आइकॉन हैं – धोनी और रोहित शर्मा. दोनों दिग्गज स्थिति की गंभीरता से वाकिफ हैं.
यह MSD का सीज़न में पहला मैच होगा. उनकी संभावित एंट्री की जितनी ज़रूरत है चेन्नई को है उतनी ज़रूरत IPL के सभी टीमों के फैन्स भी महसूस कर रहे हैं. चेन्नई के लिए उनके फार्म में खेल रहे युवाआयुष म्हात्रे के चोटिल होने से टीम का संतुलन बिगड़ गया है. चेन्नई के लिए फायदे की बात यह है कि MSD मांसपेशियों के खिंचाव से उबरते दिख रहे हैं. वो टीम के साथ यात्रा कर रहे हैं, और ट्रेनिंग सेशन में विकेटकीपिंग और बल्लेबाज़ी भी कर रहे हैं. भले ही मैच के दिन वह 100% फिट न हों, सभी संकेत वानखेड़े में उनकी वापसी की ओर इशारा कर रहे हैं – वही मैदान जहां उन्होंने 2011 वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की जीत पक्की की थी.
चेन्नई, हैदराबाद के खिलाफ 10 विकेट की करारी हार से उबर रही है – एक ऐसा नतीजा जिसने उनके IPL की रेस में बने रहने के अभियान को खतरे में डाल दिया है. छह मैचों में सिर्फ दो जीत के साथ, एक और हार उनके प्लेऑफ की उम्मीदों का दरवाज़ा लगभग बंद कर सकती है. टीम में प्लेइंग XI के चयन के फैसले, जिसमें स्पेंसर जॉनसन को लाना शामिल है, पर बारीकी से नज़र रखी जाएगी क्योंकि टीम जवाब तलाश रही है.
इस बीच, मुंबई इंडियंस लय के साथ आ रही है. गुजरात पर मुंबई की 99 रन की शानदार जीत ने न सिर्फ उनका नेट रन रेट बढ़ाया है बल्कि उनका भरोसा भी. फिर भी, जीत के बावजूद चिंताएं बनी हुई हैं. टॉप पर रोहित शर्मा की कमी महसूस की गई, टीम ने पावरप्ले में तीन विकेट गंवाए. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मैच के दौरान शर्मा को हैमस्ट्रिंग इंजरी हुई थी.
रोहित की वापसी मुंबई के लिए स्थिरता ला सकती है. धोनी की तरह, उनकी मौजूदगी आंकड़ों से कहीं बढ़कर है. दोनों फ्रेंचाइजी, पांच-पांच बार की चैंपियन और IPL इतिहास के स्तंभ, इस सीज़न में खुद को अनजानी स्थिति में पा रही हैं. छह मैचों में दो जीत के समान रिकॉर्ड के साथ, गलती की गुंजाइश लगभग खत्म हो चुकी है. मुंबई के पास बेहतर नेट रन रेट और 21-18 की ऐतिहासिक हेड-टू-हेड बढ़त है, लेकिन ऐसे सीज़न में ये आंकड़े थोड़ा भी सुकून नहीं देते जहां निरंतरता गायब रही है और समीकरण यह है: प्लेऑफ बर्थ पक्की करने के लिए आमतौर पर कम से कम आठ जीत ज़रूरी होती हैं.
दोनों टीमों के लिए, एक और हार का मतलब होगा बाकी सात में से छह मैच जीतने होंगे – IPL जैसी बेहद मुश्किल लीग में लगभग नामुमकिन चढ़ाई. इससे गुरुवार रात का मुकाबला सिर्फ एक प्रतिद्वंद्विता से कहीं ज़्यादा बन जाता है. इस मुकाबले के टिकट हाथों-हाथ बिक गए हैं। उम्मीद है कि कई CSK फैंस धोनी को एक्शन में देखने आएंगे. स्पॉटलाइट दोनों आइकॉन पर होगी, भले ही वे अपनी टीमों के साथ IPL सीज़न 19 में बने रहने के लिए सामूहिक रूप से लड़ रहे हों.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं