इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2026) में मंगलवार को हैदराबाद और दिल्ली (SRH vs DC) के बीच खेले गए मुकाबले का पूरा शो अभिषेक शर्मा ने चुरा लिया. अभिषेक ने सिर्फ 68 गेंदों पर 10 चौकों और इतने ही छ्क्कों से ऐसी नाबाद 135 रनों की पारी खेली, जो करोड़ों फैंस को बहुत ही लंबे समय तक याद रहेगी. यह अभिषेक की पारी का ही असर था कि हैदराबाद ने 2 विकेट पर 242 का स्कोर टांगा, तो यहीं साफ हो गया कि मैच का भविष्य क्या होगा. और ठीक वैसा ही हुआ. बहरहाल, तूफानी बल्लेबाजी से अभिषेक के बल्ले से कई बड़े रिकॉर्ड निकले. और इनमें से एक बड़ा कारनामा करते हुए टी20 में कोहली के 9 शतकों की बराबरी कर ली.
गेल के इस मामले में सभी के बॉस!
जब बात टी20 में सबसे ज्यादा शतकों की आती है, तो इस मामले में विंडीज के पूर्व दिग्गज क्रिस गेल (22 शतक) के साथ पहले नंबर पर हैं. वहीं, बाबर आजम (12) दूसरे, डेविड वॉर्नर (10) तीसरे नंबर पर हैं. मगर अब अभिषेक कोहली की बराबरी करते हुए संयुक्त रूप से चौथे नंबर पर आ गए हैं. इसी नंबर पर बाकी दूसरे बल्लेबाज क्विंटन डिकॉक, रिले रोसोव और पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान हैं. अब यहां से एक शतक के साथ ही अभिषेक डेविड वॉर्नर की बराबरी कर लेंगे और फिर इसके बाद पाकिस्तान के बाबर आजम का नंबर आएगा, जिस पर उनके साथ-साथ अभिषेक के करोड़ों चाहने वालों की भी नजर लगी है.
प्लेयर ऑफ द मैच बने अभिषेक: संक्षिप्त रिपोर्ट!
प्लेयर ऑफ द मैच ' अभिषेक ने दिल्ली के गेंदबाजी आक्रमण की धज्जियां उड़ाते हुए 68 गेंदों की नाबाद पारी में 10 छक्के और इतने ही चौके लगाए. उनकी इस पारी की बदौलत सनराइजर्स ने दो विकेट पर 242 रन बनाने के बाद कैपिटल्स को नौ विकेट पर 195 रन पर रोक दिया. इस जीत से टीम अंक तालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गयी है. टीम के नाम सात मैचों में अब चार जीत है. कैपिटल्स की टीम छह मैचों में तीसरी हार के बाद पांचवें स्थान पर है.
कैपिटल्स के लिए नीतिश राणा ने 30 गेंदों में सबसे ज्यादा 57 रन बनाए. उन्होंने लोकेश राहुल (23 गेंद में 37) के साथ दूसरे विकेट के लिए 45 गेंदों में 86 रन की साझेदारी की, लेकिन इस साझेदारी के टूटने के साथ ही टीम ने लय गंवा दी. टीम का स्कोर एक विकेट पर 107 रन से चार विकेट पर 107 रन हो गया. मलिंगा ने आईपीएल में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया. उन्हें दिलशान मधुशंका (36 रन पर एक विकेट) और शाकिब हुसैन (29 रन पर एक विकेट) का अच्छा साथ मिला, जबकि हर्ष दुबे ने आखिरी ओवर में तीन विकेट चटकाए.
अभिषेक ने की तीन अहम साझेदारियां
अभिषेक ने आईपीएल में अपनी दूसरी शतकीय पारी के दौरान शुरुआती तीन विकेटों के लिए बड़ी साझेदारियां कीं. उन्होंने ट्रेविस हेड (26 गेंद में 37) के साथ पहले विकेट के लिए 53 गेंदों में 97 रन और कप्तान इशान किशन (13 गेंद में 25 रन) के साथ दूसरे विकेट के लिए 35 गेंदों में 79 रन की साझेदारी की. इसके बाद उन्होंने हेनरिख क्लासेन (13 गेंद में नाबाद 37) के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 गेंदों में 66 रन की अटूट साझेदारी कर टीम के बड़े स्कोर को सुनिश्चित किया.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं