विज्ञापन

'तुम्हारे माता-पिता यही सब सिखाते हैं', पठान ने किया संगकारा के साथ हुई तीखी झड़प का खुलासा, जानें कैसे खत्म हुई 'दुश्मनी'

अब जब दोनोें देशों के बीच टेस्ट सीरीज शुरू होने को है, तो भारत और श्रीलंका दोनों के ही दिग्गज क्रिकेटर रोमांचक किस्सों का खलासा कर रहे हैं

'तुम्हारे माता-पिता यही सब सिखाते हैं', पठान ने किया संगकारा के साथ हुई तीखी झड़प का खुलासा, जानें कैसे खत्म हुई 'दुश्मनी'
इरफान पठान और कुमार संगाकारा
source: social Media

Pathan revelation on kumar Sangakkara: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने साल 2005 में दिल्ली में खेले गए टेस्ट मैच के दौरान श्रीलंका के महान क्रिकेटर कुमार संगकारा के साथ हुई अपनी एक अनजान तीखी बहस को याद किया है. उन्होंने खुलासा किया कि कैसे बदले हुए गेंद को लेकर शुरू हुआ विवाद व्यक्तिगत छींटाकशी तक पहुंच गया था. हालांकि बाद में दोनों ने इस घटना को भुलाकर आपस में दोस्ती कर ली. फिरोजशाह कोटला में खेले गए उस यादगार टेस्ट में पठान भारत की पारी के केंद्र में थे, जहां ऊपरी क्रम में भेजे जाने के बाद उन्होंने 93 रनों की पारी खेली थी.मुरलीधरन की गेंदों पर दो छक्के जड़ने वाली उनकी इस आक्रामक पारी के साथ ही संगकारा के साथ उनकी कहासुनी भी हुई, जिसे पूर्व भारतीय ऑलराउंडर सालों बाद भी याद करते हैं.

JioHotstar के 'चीकी सिंगल्स कार्यक्रम में बोलते हुए, पठान ने बताया कि इस तनाव की जड़ें श्रीलंकाई टीम की उस निराशा में थीं जो उनकी गेंदबाजी के दौरान इस्तेमाल की गई गेंद को लेकर थी. इरफान ने कहा, 'दिल्ली में एक टेस्ट मैच था. मैंने ओपनिंग की और 93 रन बनाए. पहली पारी के बाद जब हम गेंदबाजी करने गए, तो गेंदों का बॉक्स बदल गया था या ऐसा ही कुछ हुआ था, जिससे श्रीलंकाई खिलाड़ी खुश नहीं थे. संगकारा इसमें सबसे ज्यादा मुखर  थे. इसके बाद जब मैं बल्लेबाजी करने गया, तो मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि क्या हुआ था. मुझे ओपनिंग करने के लिए कहा गया था. मैंने मुरलीधरन को दो छक्के मारे.'  पूर्व भारतीय ऑलराउंडर ने बताया कि जैसे ही उन्होंने श्रीलंका पर हमला बोलना शुरू किया, संगकारा काफी हताश और परेशान होने लगे.

पठान ने कहा, 'अगर नई गेंद से किसी (गेंदबाज) को छक्के पड़ रहे हैं, तो इसका मतलब है कि आपने विपक्षी टीम की रणनीति को थोड़ा भटका दिया है. लेकिन अचानक संगकारा कहने लगे कि तुम लोग धोखाधड़ी करते हो, तुम्हारे माता-पिता तुम्हें यह सब सिखाते हैं और फलां-फलां. वह बात को पर्सनल (व्यक्तिगत) ले गए, और मैंने भी जवाब दिया. इसकी शुरुआत उन्होंने ही की थी.' उन्होंने आगे कहा. पठान के अनुसार, यह कहासुनी किसी टेस्ट मैच की सामान्य प्रतिस्पर्धी छींटाकशी  की सीमा पार कर गई थी और व्यक्तिगत बन गई थी.

इस घटना के बाद दोनों क्रिकेटरों के बीच हमेशा के लिए कड़वाहट बनी रह सकती थी। लेकिन इसके बजाय, अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से दूर आईपीएल में किंग्स इलेवन पंजाब (KXIP) के सेटअप में दोनों फिर से एक साथ आए. पठान ने स्वीकार किया कि जब उन्हें एहसास हुआ कि वे आईपीएल में संगकारा के साथ ड्रेसिंग रूम साझा करने जा रहे हैं, तो स्थिति थोड़ी अजीब थी.

उन्होंने कहा, 'ऑक्शन (नीलामी) के बाद मैंने देखा कि मैं पंजाब में संगकारा के साथ खेलूंगा. अब मैं उनके परिवार के साथ खाना खा रहा था और मुझे समझ नहीं आ रहा था कि क्या करूं. मैं गया और उनसे सॉरी (माफी) कहा. उन्होंने भी माफी मांगी और फिर हम अच्छे दोस्त बन गए. भावनाओं के प्रवाह में गलतियां हो जाती हैं. बात यह है कि आप चीजों को कितनी परिपक्वता से संभालते हैं.' 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Irfan Khan Pathan, Kumar Sangakkara, India, Sri Lanka, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com