विज्ञापन

रासी वैन डर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, दक्षिण अफ्रीका के लिए खेले 146 मैच

Rassie van der Dussen Announces Retirement: रासी वैन डर डुसेन ने कहा, युवा खिलाड़ियों को मेरी सलाह हमेशा यही रही है और रहेगी कि बड़े सपने देखो और अपने सपनों को पाने के लिए अपना सब कुछ लगा दो.

रासी वैन डर डुसेन ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से लिया संन्यास, दक्षिण अफ्रीका के लिए खेले 146 मैच
Rassie van der Dussen Announces Retirement:

Rassie van der Dussen Announces Retirement: दक्षिण अफ्रीका के शीर्ष क्रम के बल्लेबाज रासी वैन डर डुसेन ने गुरुवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया. 37 साल के धाकड़ बल्लेबाज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट साझा करते हुए अपने संन्यास की घोषणा की. रासी वैन डर डुसेन ने एक्स पर लिखा, "गर्व और शुक्रगुजार रहते हुए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास की घोषणा करता हूं. अपने देश के लिए खेलना मेरी जिंदगी का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. यह सफर सालों के त्याग से बना है." डुसेन ने आगे लिखा, "मेरे साथी खिलाड़ी, कोच, मेंटर्स और दोस्तों, मुझे इस कहानी का हिस्सा बनाने के लिए धन्यवाद. क्रिकेट ने मुझे सब कुछ दिया है, और कई मायनों में, मैं अपनी जिंदगी का एहसानमंद हूं.

युवा खिलाड़ियों को मेरी सलाह हमेशा यही रही है और रहेगी कि बड़े सपने देखो और अपने सपनों को पाने के लिए अपना सब कुछ लगा दो. मैंने खुद को कभी भी दूसरे इंसान से ज्यादा खास या प्रतिभावान नहीं माना. मैं अपना सबसे बड़ा सपना जी पाया हूं. आप भी जी सकते हैं. चाहे आपका सपना कुछ भी हो." फैंस के लिए दाएं हाथ के बल्लेबाज ने लिखा, "दक्षिण अफ्रीका के लोगों और फैंस का धन्यवाद. सड़कों पर नारा सुनने या भरे हुए वांडरर्स स्टेडियम में गूंजने वाली आवाज के बीच बैटिंग करने के रोंगटे खड़े कर देने वाले अनुभव जैसा कोई एहसास नहीं है. जुड़ाव के उन पलों को बताना मुश्किल है, और वे इमोशन हमेशा मेरे साथ रहेंगे." 

अपनी पत्नी के लिए उन्होंने लिखा, "लारा, तुम हर कदम पर मेरे साथ रही हो. तुमने जबरदस्त उतार-चढ़ाव का सामना हमदर्दी, शालीनता और ताकत के साथ किया है, और तुम मेरी सबसे बड़ी चीयरलीडर रही हो, जिसके बिना मैं यह नहीं कर पाता." 

उन्होंने आखिर में कहा, "दक्षिण अफ्रीका की जर्सी में मेरा समय भले ही खत्म हो गया है, लेकिन मेरा सफर अभी खत्म नहीं हुआ है. मैं अपने प्यारे लायंस के लिए खेलना जारी रखूंगा, और मैं साउथ अफ्रीकी क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को सिखाकर और उन्हें गाइड करके इस खूबसूरत खेल को कुछ वापस देने के लिए प्रतिबद्ध हूं. मुझे दक्षिण अफ्रीका और क्रिकेट से प्यार है. हर चीज के लिए धन्यवाद."

अक्टूबर 2018 में टी20 से अपने अंतरराष्ट्रीय करियर का आगाज करने वाले डुसेन ने दक्षिण अफ्रीका के लिए 18 टेस्ट, 71 वनडे, और 57 टी20 मैच खेले. टेस्ट में 6 अर्धशतकों की मदद से 905 रन, वनडे में 6 शतक और 17 अर्धशतकों की मदद से 2,657 रन, और टी20 में 10 अर्धशतकों की मदद से 1406 रन उनके नाम दर्ज हैं. 

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com