IND vs AFG, Rohit Sharma and Hardik Pandya Fitness Update: भारत और अफगानिस्तान के बीच एक टेस्ट और तीन वनडे मैचों की सीरीज होने जा रही है. इस दौरे का एकमात्र टेस्ट मैच 6 जून से शुरू होगा, जबकि वनडे सीरीज का आगाज 13 जून से होने वाला है. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने दोनों ही सीरीज के लिए टीम इंडिया के खिलाड़ियों के नामों का ऐलान कर दिया है. इस वनडे टीम में रोहित शर्मा और हार्दिक पांड्या को शामिल तो किया गया है, लेकिन वे मैच खेलेंगे या नहीं, यह पूरी तरह उनकी फिटनेस पर निर्भर करता है. बोर्ड ने साफ कर दिया है कि फिटनेस टेस्ट पास करने के बाद ही उन्हें मैदान पर उतरने की हरी झंडी मिलेगी.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या इस समय बेंगलुरु में बीसीसीआई के 'सेंटर ऑफ Excellence' (CoE) जाने की तैयारी में हैं. वह वहां करीब एक हफ्ता बिताएंगे और अपनी फिटनेस पर काम करेंगे, जिसके बाद वह अफगानिस्तान वनडे सीरीज के लिए बाकी भारतीय खिलाड़ियों के साथ जुड़ेंगे. रिपोर्ट में यह भी बताया गया है कि बोर्ड ने हार्दिक के साथ-साथ रोहित शर्मा को भी बेंगलुरु पहुंचने का निर्देश दिया था, लेकिन फिलहाल रोहित शर्मा की फिटनेस और वहां पहुंचने को लेकर कोई नया अपडेट सामने नहीं आया है.
अफगानिस्तान के खिलाफ भारत की वनडे टीम इस प्रकार है
शुभमन गिल (कप्तान), रोहित शर्मा, विराट कोहली, श्रेयस अय्यर (उप-कप्तान), केएल राहुल (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, प्रिंस यादव, गुरनूर बरार और हर्ष दुबे.
अफगानिस्तान टेस्ट से पहले भारत के नेट्स में गेंदबाज़ी के लिए चुने गए 7 खिलाड़ियों में आकिब और जीशान भी शामिल.
जम्मू और कश्मीर के सीमर आकिब नबी डार, जिनका भारतीय टेस्ट टीम में चयन न होने पर व्यापक आलोचना हुई थी, उन्हें टीम प्रबंधन ने 6 जून से शुरू होने वाले अफ़गानिस्तान के ख़िलाफ़ अकेले टेस्ट मैच से पहले नेट्स में गेंदबाज़ी करने के लिए छह अन्य खिलाड़ियों के साथ बुलाया है.
आकिब के अलावा, UP के दुबले-पतले लेग-स्पिनर ज़ीशान अंसारी, जो IPL में सनराइजर्स हैदराबाद के लिए खेलते हैं, उन्हें भी नेट्स में गेंदबाज़ी करने के लिए कहा गया है, क्योंकि अफगानिस्तान की टीम में कुछ रिस्ट स्पिनर होने की उम्मीद है. "हां, आकिब नबी को इंडिया नेट्स में शामिल होने के लिए कहा गया है. सिर्फ आकिब ही नहीं, बल्कि छह और खिलाड़ी भी हैं जिन्हें इंडिया नेट्स में शामिल होने के लिए बुलाया गया है. मौसम की बहुत ज्यादा खराब स्थिति के कारण, दो मुख्य तेज गेंदबाज - मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा सात दिनों में तीन थकाने वाले मैचों और सफर के बाद नेट्स में पूरी ताकत से गेंदबाज़ी नहीं कर सकते. बल्लेबाज़ों को काफी अभ्यास की जरूरत होगी," BCCI के एक सूत्र ने, जो इस घटनाक्रम से परिचित है, PTI को बताया.
आकिब, जिसने 60 विकेट लेकर सबसे ज़्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज़ का ख़िताब जीता था और जम्मू-कश्मीर को रणजी ट्रॉफ़ी जिताने में अहम भूमिका निभाई थी, उसे भारतीय टीम में पंजाब के लंबे क़द के तेज़ गेंदबाज़ गुरनूर बरार ने पीछे छोड़ दिया था. जम्मू-कश्मीर के इस मीडियम पेसर को टीम में न लिए जाने पर काफी हंगामा हुआ था. भारत के पूर्व कप्तान और चयन समिति के पूर्व अध्यक्ष दिलीप वेंगसरकर ने सवाल उठाया था कि अगर रणजी ट्रॉफ़ी में किए गए प्रदर्शन को इनाम नहीं मिलता, तो इस टूर्नामेंट की अहमियत ही क्या रह जाती है.
PTI को मिली जानकारी के अनुसार, आकिब को अभी तक 15 सदस्यीय टीम में शामिल नहीं किया गया है, लेकिन वह मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा और गुरनूर बरार के साथ स्टैंड-बाय खिलाड़ियों में शामिल है. भारतीय टीम का पहला अभ्यास सत्र मंगलवार दोपहर को होगा, लेकिन IPL फ़ाइनल में हिस्सा लेने वाले सभी खिलाड़ियों के पहले दिन अभ्यास करने की संभावना कम है. जानकारी के लिए बता दें कि गुजरात टाइटंस के सात खिलाड़ी (कप्तान शुभमन गिल, बी साई सुदर्शन, गुरनूर बरार, प्रसिद्ध कृष्णा, मोहम्मद सिराज, मानव सुथार और वॉशिंगटन सुंदर) टेस्ट टीम का हिस्सा हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं