Kolkata Knight Riders Captain Ajinkya Rahane Statement After Defeat Against Mumbai Indians: आईपीएल 2026 के दूसरे मुकाबले में रविवार (29 मार्च) को मुंबई इंडियंस की भिड़ंत कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ हुई. जहां केकेआर की टीम को पांच गेंद शेष रहते छह विकेट से शिकस्त का सामना करना पड़ा. विपक्षी टीम के खिलाफ मिली हार के बाद केकेआर के नियमित कप्तान अजिंक्य रहाणे काफी दुखी नजर आए. मैच के बाद उन्होंने अपना विचार साझा करते हुए कहा, 'मुझे बहुत ज्यादा क्रैंप्स आ गए थे. जिसकी वजह से मैदान छोड़कर बाहर जाना पड़ा. उम्मीद है जल्द ही फिट हो जाऊंगा. बल्लेबाजी करते हुए हम एक अच्छा स्कोर खड़ा करने में कामयाब हुए थे. 220 से 225 रनों का स्कोर अच्छा स्कोर माना जाता है. मगर मुंबई की टीम में एक से बढ़कर एक बल्लेबाज हैं. उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया. ग्रीन के गेंदबाजी शुरु करते ही हमारी टीम और अच्छी नजर आएगी एवं हम बेहतर संतुलन बना पाएंगे. ग्रीन के फिटनेस के बारे में क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया से सवाल किया जाना चाहिए. मुझे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं है. हमारे लिए सीखने के लिहाज से यह मैच अच्छा रहा.'
आईपीएल 2026 के पहले मुकाबले में केकेआर को मिली शिकस्त
कोलकाता नाइट राइडर्स को आईपीएल 2026 के अपने पहले मुकाबले में शिकस्त का सामना करना पड़ा है. वानखेड़े स्टेडियम में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की टीम 20 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर 220 रन बनाने में कामयाब हुई थी. पारी का आगाज करते हुए कैप्टन अजिंक्य रहाणे का प्रदर्शन सराहनीय रहा. टीम के लिए उन्होंने 40 गेंदों में 67 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा अंगकृष रघुवंशी 29 गेंद में 51 रन बनाने में कामयाब रहे.
विपक्षी टीम की तरफ से जीत के लिए मिले 221 रनों के लक्ष्य को मुंबई इंडियंस की टीम ने 19.1 ओवरों में चार विकेट के नुकसान पर आसानी से प्राप्त कर लिया. पारी का आगाज करते हुए रयान रिकलटन ने 43 गेंदों में 188.37 की स्ट्राइक रेट से 81 रनों की सर्वाधिक अर्धशतकीय पारी खेली. उनके अलावा रोहित शर्मा ने 38 गेंदों में 205.26 की स्ट्राइक रेट से 78 रनों का योगदान दिया.
इन गेंदबाजों का रहा जलवा
आज के मुकाबले में मुंबई इंडियंस की तरफ से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक तीन सफलता प्राप्त की. उनके अलावा हार्दिक पंड्या ने एक विकेट चटकाया. वहीं कोलकाता नाइट राइडर्स की तरफ से वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी और सुनील नारायण को क्रमशः एक-एक सफलता हाथ लगी. रिकलटन को अनुकूल रॉय ने रन आउट किया.
यह भी पढ़ें- VIDEO: स्पीड ब्रेकर के पास आकर फंस गई पंड्या की 12 करोड़ी फरारी 12 सिलिंड्री कार, फिर ऑलराउंडर ने लगाया दिमाग
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं