विज्ञापन

IPL 2026: 6 मुकाबलों के बाद ही पीटरसन ने कर दी भविष्यवाणी, बताया कौन सी 4 टीमें प्लेऑफ के लिए करेंगी क्वालीफाई

आईपीएल 2026 के शुरुआती छह मुकाबले बीत जाने के बाद केविन पीटरसन ने प्लेऑफ को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है. पीटरसन ने उन चार टीमों के नाम बताए हैं, जो उनके हिसाब से टूर्नामेंट में प्लेऑफ का टिकट कटा सकती हैं.

IPL 2026: 6 मुकाबलों के बाद ही पीटरसन ने कर दी भविष्यवाणी, बताया कौन सी 4 टीमें प्लेऑफ के लिए करेंगी क्वालीफाई
Kevin Pietersen

इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज केविन पीटरसन (Kevin Pietersen) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के प्लेऑफ को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है. पीटरसन ने उन चार टीमों के नाम बताए हैं, जो उनके हिसाब से टूर्नामेंट में प्लेऑफ का टिकट कटा सकती हैं. इस सीजन अब तक छह मैच खेले गए हैं और हर टीम ने एक-एक मुकाबला खेल लिया है. दिल्ली कैपिटल्स के पूर्व मेंटर रह चुके पीटरसन के अनुसार, मुंबई इंडियंस (MI), दिल्ली कैपिटल्स (DC), राजस्थान रॉयल्स (RR) और पंजाब किंग्स (PBKS) आईपीएल 2026 के प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं. हालांकि उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों के अचानक चोटिल होने की वजह से इसमें बदलाव भी हो सकता है.

पीटरसन ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'एक्स' पर लिखा, 'इस सीजन में आईपीएल के पहले राउंड के मुकाबले देखने के बाद और अभी की स्थिति के हिसाब से एमआई, डीसी, आरआर और पीबीकेएस चार टीमें होंगी, जो प्लेऑफ में पहुंच सकती हैं. हालांकि, चोट या फिर किसी और कारण से इसमें बदलाव भी हो सकता है.'

पीटरसन ने मौजूदा चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को अपनी इस लिस्ट में शामिल नहीं किया है. उन्होंने कहा कि मेरे हिसाब से आरसीबी के लिए इस सीजन मिडिल ओवर्स, स्पिनर्स और हेजलवुड की फिटनेस चिंता का विषय होगी. आरसीबी ने टूर्नामेंट का आगाज जीत के साथ किया है. टीम ने पहले मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद को 6 विकेट से हराया था.

पीटरसन को यह भी लगता है कि इस सीजन में कोई भी टारगेट सुरक्षित नहीं है, क्योंकि उन्होंने आरसीबी और मुंबई इंडियंस को 200 से ज्यादा के स्कोर का आसानी से पीछा करते देखा है. पीटरसन के अनुसार, टॉस बहुत ज्यादा अहम हो गया है. इस सीजन की सबसे अजीब बात यह है कि बल्लेबाजों को यह नहीं पता कि पहली पारी में सुरक्षित स्कोर क्या है.

45 साल के इस खिलाड़ी के मुताबिक, पांच बार की चैंपियन चेन्नई सुपर किंग्स (CSK), तीन बार की विजेता कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) और 2016 में खिताब को अपने नाम करने वाली सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) को टाइटल की दौड़ में शामिल होने के लिए कुछ असाधारण करना होगा और बड़े बदलाव लाने होंगे. छह मुकाबलों के बाद आईपीएल 2026 के प्वाइंट्स टेबल में राजस्थान रॉयल्स की टीम पहले स्थान पर है. टीम का नेट रन रेट 4.171 है, जबकि दूसरे नंबर पर आरसीबी मौजूद है.

यह भी पढ़ें- IPL 2026: उम्मीद की किरण बनकर आईपीएल में चमक रहे हैं ये 5 युवा सितारा, भारतीय टीम में जल्द मिलेगा मौका

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com