Javed Miandad on Pakistan Cricket: बांग्लादेश (PAK vs BAN Test Series) के खिलाफ दोनों टेस्ट मैचों में पाकिस्तान को हार का सामना करना पड़ा है. पहली बार पाकिस्तान की टीम को बांग्लादेश के खिलाफ टेस्ट सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है. अपने ही घर में बांग्लादेश से मिली हार ने पाकिस्तान क्रिकेट को झकझोर कर रख दिया है. हर तरफ पाकिस्तान क्रिकेट की आलोचना हो रही है. वहीं, पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर जावेद मियांदाद (Javed Miandad) भी पाकिस्तान क्रिकेट के परफॉरमेंस से निराश हैं और कहा है कि" पाकिस्तान टीम के खिलाड़ी किसी बच्चे की तरह खेल रहे हैं. उन्हें सही मेंटरशिप की दरकार है."
अपने यू-ट्यूब चैनल पर बात करते हुए पूर्व पाकिस्तानी दिग्गज जावेद मियांदाद ने कहा कि "टेस्ट में कुछ ऐसे फैसले हुए हैं जो निराश करने वाला रहा है. जैसे टीम ने टॉस को लेकर कोई रणनीति नहीं बनाई थी. प्लेइंग इलेवन को लेकर भी टीम में रणनीति नहीं नजर आई. पाकिस्तान टीम को देखकर ऐसा लग रहा था कि ये सभी बच्चे हैं. इस टीम को सही मेंटरशिप की जरूरत है. "
मियांदाद ने अपनी बात आगे ले जाते हुए कहा कि, "देखिए पाकिस्तान ने अपनी इलेवन में स्पिनरों को मौका नहीं दिया. वहीं, विरोधी टीम ने अपनी इलेवन में स्पिनर को जगग दी थी. इससे स्पष्ट हो जाता है कि पाकिस्तान टीम के पास टेस्ट मैच को लेकर किसी तरह की कोई रणनीति नहीं थी. हम अपने घर पर खेल रहे थे, हमें विरोधी टीम पर दबाव बनाना होता है लेकिन हम ऐसा नहीं कर सके, हमारी परफॉर्मेंस बेहद ही खराब थी. अब समय आ गया है कि पाकिस्तान क्रिकेट गंभीरता से लेना का. टीम को एक ऐसे मेंटर की दरकार है जो उन्हें मैच से पहले और मैचों के दौरान हमेशा बताएं कि आखिर आगे क्या करना है. आगे क्या प्लान है और टेस्ट मैच को किस तरह से बढ़ाना है".
मियांदाद ने सीधे तौर पर कहा कि, "मुझे टीम की रणनीति में कमी नजर आई. ऐसा लग रहा था कि टीम को कुछ भी पता नहीं है कि क्या करना है. टीम के पास ठोस रणनीति नहीं थी. अब यहां से पाकिस्तान क्रिकेट को संभलने की जरूरत है और ऐसे लोगों को टीम के साथ जोड़ने की दरकार है जो टीम के साथ तालमेल बैठाने में सफल हो सके."
बता दें कि पाकिस्तान की टीम अपने नए टेस्ट कोच जेसन गिलेस्पी कार्यकाल में पहला टेस्ट सीरीज हार गई है. पाकिस्तान की टीम को अब आगे ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बड़ी सीरीज खेलनी है. ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि टीम पाकिस्तान बड़े सीरीज में वापसी कर पाती है या नहीं. इसके अलावा शान मसूद की कप्तानी को लेकर भी सवाल खड़े हो रहे हैं. रिपोर्ट्स की मानें तो मोहम्मद रिजवान को पाकिस्तान क्रिकेट का नया कप्तान बनाया जा सकता है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं