IPL 2026 Points Table Updated After Gujarat Titans vs Kolkata Knight Riders Match: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में अजिंक्य रहाणे की अगुवाई वाली कोलकाता नाइट राइडर्स को अभी भी सीजन की पहली जीत का इंतजार है. शुक्रवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में हुए लीग के 25वें मुकाबले में कोलकाता को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 5 विकेट से हार का सामना करना पड़ा. यह कोलकाता की छह मैचों में पांचवीं हार है. इस हार के साथ ही कोलकाता के प्लेऑफ में पहुंचने की उम्मीदों को जोरदार झटका तो लगा ही है.. साथ ही उसके नाम एक शर्मनाक रिकॉर्ड भी दर्ज हुआ है. कोलकाता आईपीएल इतिहास की पांचवीं टीम है, जिसे शुरुआती 6 मैचों के बाद भी जीत नहीं मिली है. दूसरी ओर, गुजरात ने जीत की हैट्रिक लगाई है और अब उसके 6 अंक हो गए हैं. गुजरात ने अंक तालिका में दो स्थान की छलांग लगाई है और टीम अब चौथे स्थान पर पहुंच गई है.
गुजरात टॉप-4 में
कोलकाता को हराने के बाद गुजरात अंक तालिता में चौथे स्थान पर है. उसके 5 मैचों में 3 जीत और दो हार के बाद 6 अंक हैं. गुजरात के लिए अच्छी बात यह है कि अब उसका नेट रन रेट +0.018 का हो गया है. वहीं टॉप पर अभी भी पंजाब किंग्स बरकार है. पंजाब के 5 मैचों में 4 जीत के बाद 9 अंक हैं. पंजाब का एक मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था. वहीं दूसरे स्थान पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु है. बेंगलुरु के 5 मैचों में 4 जीत और एक हार के बाद 8 अंक हैं. जबिक राजस्थान के भी 8 अंक हैं और नेट रन रेट के आधार पर वह तीसरे स्थान पर हैं.

वहीं दिल्ली कैपिटल्स के 4 मैचों में 2 जीत और 2 हार के बाद 4 अंक है और वो छठे स्थान पर है. लखनऊ 5 मैचों में 4 अंकों के साथ 4 अंकों के साथ सातवें स्थान पर है. चेन्नई 5 मैचों में 2 जीत के बाद आठवें और मुंबई 5 मैचों में 1 जीत के बाद नौंवे स्थान पर है. वहीं कोलकाता 6 मैचों में 1 अंक के साथ आखिरी स्थान पर है. कोलकाता और पंजाब का मैच बारिश के कारण रद्द हुआ था, जिससे उसे एक अंक मिला था.
शुभमन गिल के प्रहार से कोलकाता ध्वस्त
नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में केकेआर से मिले 181 रनों के लक्ष्य को गुजरात ने 5 विकेट खोकर 19.4 ओवर में हासिल किया. कोलकाता से मिले 181 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही. पहले विकेट के लिए साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल ने मिलकर 57 रन जोड़े. सुदर्शन 16 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद सुनील नरेन का शिकार बने. इसके बाद जोस बटलर और गिल ने दूसरे विकेट के लिए 24 गेंदों में 38 रन जोड़े. बटलर 15 गेंदों में 2 चौके और 2 छक्कों की मदद से 25 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि, कप्तान शुभमन गिल ने एक छोर से अपनी शानदार बल्लेबाजी जारी रखी और अपना अर्धशतक पूरा किया.

Photo Credit: @IPL/X
गिल ने 50 गेंदों का सामना करते हुए 86 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस पारी में गिल ने 8 चौके और 4 छक्के लगाए. वॉशिंगटन सुंदर 13 रन ही बना सके. ग्लेन फिलिप्स 16 गेंदों में 19 रन बनाकर आउट हुए. शाहरुख खान 3 और राहुल तेवतिया 7 रन बनाकर नाबाद रहे.
इससे पहले, टॉस जीतने के बाद बल्लेबाजी करते हुए केकेआर की पूरी टीम 180 रन बनाकर सिमटी. टीम की शुरुआत एक बार फिर अच्छी नहीं रही और कप्तान अजिंक्य रहाणे बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. इसके बाद अंगकृष रघुवंशी भी सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हुए. टिम सीफर्ट भी बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और 14 गेंदों में 19 रन बनाने के बाद कगिसो रबाडा की गेंद पर ग्लेन फिलिप्स को कैच देकर पवेलियन लौटे.
हालांकि, कैमरून ग्रीन ने एक छोर संभाले रखा और बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए इस सीजन में अपना पहला अर्धशतक लगाया. ग्रीन ने 55 गेंदों का सामना करते हुए 79 रनों की शानदार पारी खेली. अपनी इस पारी में ग्रीन ने 7 चौके और 4 छक्के लगाए. हालांकि, ग्रीन को दूसरे छोर से बाकी बल्लेबाजों का साथ नहीं मिल सका. रोवमैन पॉवेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और वह 20 गेंदों में 27 रन बनाकर आउट हुए.
यह भी पढ़ें: विनोद कांबली को ब्रेन स्ट्रोक का खतरा? पत्नी ने बताया अफवाह, कहा- 'कोई फैला रहा झूठ'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं