जारी इंडियंस प्रीमियर लीग (IPL 2024) में अभी तक दो टीमों मुंबई इंडियंस (MI) और पंजाब किंग्स (PBKS) टीमों का बोरिया बिस्तर बंध चुका है. पंजाब का बाहर होना कोई चौंकाने वाली बात नहीं है, लेकिन नए कप्तान हार्दिक पांड्या (Hardim Pandya) की कप्तानी में इंडियंस का यह प्रदर्शन बहुत ही ज्यादा चौंकाने वाली बात है. और निश्चित रूप से इंडियंस प्रबंधन इस प्रदर्शन की समीक्षा कर आने वाले समय में कुछ बड़े फैसले जरूर लेगा. बहरहाल, अगले साल मेगा नीलामी होगी, जो हर तीन साल बाद होती है. मतलब हर फ्रेंचाइजी अपनी नए सिरे से टीम, रणनीति बनाने के लिए नए सिरे से ही खिलाड़ियों का चयन करेगी. और इस लिहाज से दोनों ही टीमों में अब कई ऐसे खिलाड़ी हैं, जिनका करियर भी मुंबई और पंजाब के बाहर होने के साथ ही खत्म हो गया. चलिए आपका ऐसे खिलाड़ियों से परिचय करा देते हैं.
1. शिखर धवन
पंजाब के नियमित कप्तान जारी सीजन में अनफिट होने के कारण सिर्फ पांच ही मैच खेल सके. इन मैचों में धवन ने 30.40 के औसत से 152 रन बनाए. धवन अपने 39वें साल में चल रहे हैं. और अब जब टीमें अगले तीन साल की रणनीति के लिहाज से ऑक्शन-रूम में बैठेंगे, तो साफ है कि शायद ही धवन किसी फ्रेंचाइजी की प्लानिंग में फिट बैठें.
2. रजा नहीं बनेंगे सिकंदर!
पिछले कुछ सालों में जिंबाब्वे के इस खिलाड़ी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जमकर चर्चा बटोरी. बढ़ती उम्र के साथ ही सिकंदर रजा ने प्रदर्शन से सभी को हैरान कर दिया. लेकिन जारी सीजन में वह पंजाब की योजनाओं में फिट नहीं हो सके. यही वजह रही कि सिकंदर रजा सीजन में अभी तक दो ही मैच खेले. इसमें उन्होंने 21.50 के औसतक से 38 ही रन बनाए. और लगता नहीं कि 39वें साल में चल रहे रजा पर अगले साल कोई फ्रेंचाइजी उन पर दांव लगाएगी
3. मोहम्मद नबी भी गए समझो!
टी20 विश्व कप टीम में अफगानिस्तान टीम का हिस्सा पूर्व कप्तान मोहम्मद नबी को मुंबई इंडियंस प्रबंधन ने जारी सीजन में 7 मैच खिलाए. इसमें नबी एकदम नाकाम रहे. बैटिंग से उनका औसत सिर्फ 8.75 का रहा, तो उनके हिस्से में दो ही विकेट आए. नबी अगले साल होने वाली नीलामी से पहले वह चालीस साल के हो जाएंगे. ऐसे में मोहम्मद नबी का आईपीएल करियर भी आप खत्म ही समझें.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं