भारत और इंग्लैंड महिला क्रिकेट टीम के बीच लॉर्ड्स में जारी टेस्ट मुकाबले के तीसरे दिन का खेल समाप्त हो चुका है. भारतीय टीम ऐतिहासिक टेस्ट मुकाबले को जीतने से बस चार विकेट दूर है. वहीं विपक्षी टीम को अगर यह मुकाबला अपने नाम करना है तो आखिरी दिन 327 रन बनाने होंगे, जो कि अंसभव नजर आ रहा है. तीसरे दिन की समाप्ति के बाद इंग्लैंड की तरफ से दूसरी पारी में एमी जोन्स 72 गेंद में 52 और सोफी एक्लेस्टोन दो गेंद में एक रन बनाकर नाबाद हैं. आउट होने वाली खिलाड़ी माया बूशेर (02), टैमी बोमॉन्ट (00), हेदर नाइट (13), कैप्टन नैटली सिवर-ब्रंट (11), ऐलिस कैप्सी (21) और मैडी विलियर्स (26) हैं. बल्लेबाजी के लिए आने वाली शेष बल्लेबाज इसी वॉन्ग, लॉरेन बेल और लॉरेन फाइलर हैं. भारत की तरफ से दूसरी पारी में तीसरे दिन की समाप्ति तक सायली सातघरे, क्रांति गौड़ और स्नेह राणा ने क्रंमशः दो-दो विकेट चटकाए हैं.
लॉर्ड्स टेस्ट के तीसरे दिन की 5 बड़ी बातें
लॉर्ड्स में शतक जड़ने वाली पहली महिला खिलाड़ी बनीं यास्तिका
यास्तिका भाटिया लॉर्ड्स में टेस्ट फॉर्मेट के तहत शतक जड़ने वाली पहली महिला खिलाड़ी बन गई हैं. दूसरी पारी में शानदार बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने कुल 158 गेंदों का सामना किया. इस बीच वह 71.51 की स्ट्राइक रेट से 113 रन बनाने में कामयाब रहीं.
भारत ने इंग्लैंड को जीत के लिए 457 रनों का लक्ष्य रखा
लॉर्ड्स में शानदार खेल दिखाते हुए भारतीय महिला टीम ने इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 457 रनों का लक्ष्य रखा है. जिसका पीछा करते हुए मेजबान टीम ने दूसरी पारी में 130 रन के योग पर ही छह विकेट गंवा दिए हैं. वह जीत से अब भी 327 रन पीछे हैं.
सोफी एक्लेस्टोन की जुझारू गेंदबाजी
दूसरी पारी में इंग्लैंड की तरफ से सोफी एक्लेस्टोन ने काबिले तारीफ गेंदबाजी की. टीम के लिए उन्होंने कुल 33.3 ओवर की गेंदबाजी की. इस बीच वह 3.52 की इकॉनमी से 118 रन खर्च करते हुए पांच विकेट चटकाने में कामयाब रहीं.
दूसरी पारी में सोफी एक्लेस्टोन की शिकार शेफाली वर्मा (33), यास्तिका भाटिया (113), कैप्टन हरमनप्रीत कौर (16), दीप्ति शर्मा (10) और स्नेह राणा (01) बनीं.
दूसरी पारी में भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लिश बल्लेबाजों को झकझोर दिया
दूसरी पारी में तीसरे दिन की खेल के समाप्ति तक भारतीय गेंदबाजों ने इंग्लिश बल्लेबाजों को झकझोर कर रख दिया है. क्रांति गौड़, सयाली सतघरे और स्नेह राणा ने क्रमशः दो-दो विकेट चटकाते हुए विपक्षी टीम को हार के मुहाने पर खड़ा कर दिया है.
जीत से चार विकेट दूर भारतीय टीम
भारतीय टीम तीसरे दिन की समाप्ति के बाद जीत से केवल चार विकेट दूर है. विपक्षी टीम 130 रन पर अपने छह विकेट गंवाकर संघर्ष कर रही है. विपक्षी टीम को जीत के लिए अभी भी 327 रनों की जरूरत है, जो कि नामुमकिन नजर आ रहा है.
यह भी पढ़ें- IND vs ENG: एक, दो नहीं इंग्लैंड में कुल चार बड़े रिकॉर्ड कर रहे हैं रोहित शर्मा का इंतजार!
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं