न्यूजीलैंड के हाथो 0-3 से सफाए के बाद टीम इंडिया अब बड़े चैलेंज के लिए सोमवार को ऑस्ट्रेलिया रवाना हो रही है. चैलेंज के साथ कई पहलुओं से असमंजस की भी स्थिति है. मीडिया और फैंस के बीच, तो पूर्व क्रिकेटरों के बीच भी कि आगे क्या होगा. वजह यह है कि तमाम प्रैक्टिस मैच खत्म हो चुके है, अभ्यास मैचों से हाथ कम लगा, समस्या ज्यादा बढ़ गई. खासतौर से ऑस्ट्रेलिया "ए" के खिलाफ दूसरे मैच में केएल राहुल (KL Rahul) और अभिमन्यु ईश्वरन (Abhimanyu Ishwaran) की नाकामी ने सभी की चिंता को और ज्यादा बढ़ा दिया है. हैरानी की बात यह रही कि पिछले दिनों घरेलू क्रिकेट में लगातार चार सेंचुरी बनाने वाले ईश्वरन चार पारियों में मिलाकर 20 का भी आंकड़ा नहीं छू सके. अब पूर्व क्रिकेटर संजय मांजरेकर ने दोनों की नाकामी की समीक्षा करते हुए बहुत ही अहम सलाह भी दी है. पहला टेस्ट मैच 22 नवंबर से पर्थ के मैदान पर खेला जाएगा.
एक वेबसाइट से बातचीत में मांजरेकर ने कहा, " भारत "ए" के बल्लेबाज ठीक वैसे ही आउट हुए, जैसे पूर्व में भारतीय बल्लेबाज अपने पहले ऑस्ट्रेलियाई दौरे में होते रहे हैं. मांजरेकर ने यह भी कहा कि न्यूजीलैंड से सीरीज हारने के बाद टीम इंडिया कम आत्मविश्वास के साथ ऑस्ट्रेलिया जा रही है. और स्टार रोहित और विराट भी फॉर्म में नहीं हैं. पूर्व बल्लेबाज ने कहा, "मुझे लगता है कि कई पहलुओं से यह टीम कम आत्मविश्वास के साथ ऑस्ट्रेलिया जा रही है. वजह एकदम साफ है, न्यूजीलैंड के हाथों मिली 0-3 से हार. साथ ही, मुख्य स्टार खिलाड़ी रोहित और विराट आउट-ऑफ-फॉर्म हैं."
संजय ने कहा, " जो आपने भारत "ए" के बल्लेबाजों के आउट होना का तरीका देखा, वह ठीक वैसा ही रहा, जैसा पूर्व में बल्लेबाजों के अपने पहले ऑस्ट्रेलियाई दौरे में होता रहा है. कारण यह है कि ऑस्ट्रेलियाई पिचों में थोड़ी नमी है और वे एक तय तरीके से खेल रहे हैं. लेकिन मिल रही अतिरिक्त उछाल से वह हैरान हो रहे हैं, जो हम सभी के साथ पहले हो चुका है."
उन्होंने कहा, "हम ऑस्ट्रेलिया गए हैं और हमें यहां के अतिरिक्त उछाल से अभ्यस्त होने और तुलनात्मक रूप से थोड़ा ऊंचा उठकर खेलने में समय की जरुरत पड़ती है.ऐसे में आपको "भारतीय आदत" से जल्द छुटकारा पाना पड़ता है. केएल राहुल और ईश्वरन की अच्छी शुरुआत नहीं रही. ऐसे में एक जगह के लिए दोनों के बीच मुकाबला बहुत ही कड़ा हो चला है"
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं