विज्ञापन

बेटी की 'डोली' से पहले उठा पिता का जनाजा, शादी के कार्ड बांटने निकले थे, रास्ते में हुई मौत

मध्य प्रदेश के मुरैना जिले में दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है. बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले पिता और दामाद की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई. तेज रफ्तार कार ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे मौके पर ही दोनों की जान चली गई.

बेटी की 'डोली' से पहले उठा पिता का जनाजा, शादी के कार्ड बांटने निकले थे, रास्ते में हुई मौत

Father Dies Before Daughter Wedding: मध्य प्रदेश के मुरैना जिले से एक ऐसी दर्दनाक घटना सामने आई है, जिसने हर सुनने वाले की आंखें नम कर दीं. बेटी की शादी की खुशियों में जुटे एक पिता की जिंदगी शादी से ठीक पहले सड़क हादसे में खत्म हो गई. जिस घर में कुछ दिन बाद शहनाइयां बजने वाली थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है. हादसा उस समय हुआ, जब पिता बेटी की शादी के कार्ड बांटने निकले थे.

बेटी की शादी की तैयारी में निकले थे पीरू खान

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, मृतक की पहचान श्योपुर जिले के सहसराम निवासी पीरू खान के रूप में हुई है. उनकी बेटी की शादी 10 अप्रैल को तय थी. शादी की तैयारियों के तहत पीरू खान कार्ड बांटने के लिए मुरैना के अगरोता गांव आए थे. उनके साथ उनके दामाद शाहिद खान भी मौजूद थे, जो मुरैना के गुर्जा इलाके के रहने वाले थे.

अगरोता पेट्रोल पंप के पास हुआ दर्दनाक हादसा

यह हादसा जौरा थाना क्षेत्र के अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग 552 पर अगरोता पेट्रोल पंप के पास हुआ. पीरू खान और उनके दामाद बाइक से अगरोता से जौरा की ओर जा रहे थे. इसी दौरान जौरा से कैलारस की ओर तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी.

पीरू खान और दामाद की मौके पर ही मौत

कार की टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक सवार पीरू खान और शाहिद खान की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में कार सवार युवक बंटी कुशवाह भी गंभीर रूप से घायल हो गया. टक्कर के बाद सड़क पर अफरा‑तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई.

घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, चालक फरार

सूचना मिलते ही जौरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची. घायल बंटी कुशवाह को पहले जौरा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे मुरैना जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया. हादसे के बाद कार चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश पुलिस कर रही है.

मौत की खबर से शादी की खुशियां बदलीं मातम में

पीरू खान की मौत की खबर मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा. जिस बेटी की शादी की तैयारियों में वह लगे थे, उसी बेटी की डोली उठने से पहले पिता की अर्थी उठ गई. पूरे परिवार में कोहराम मचा हुआ है और गांव में शोक का माहौल है. पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को जौरा के अस्पताल स्थित पीएम हाउस में रखवाया है. इस मामले में पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है और फरार कार चालक की तलाश जारी है. 

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Morena Road Accident, Father Dies Before Daughter Wedding, MP Road Accident News, Wedding Tragedy India, Wedding Card Accident, National Highway Accident
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com