पहले टी-20 में भारत ने अफगानिस्तान को 7 विकेट से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. भले ही भारत को पहले मैच में जीत मिली है लेकिन भारतीय प्लेइंग इलेवन के चुनाव को लेकर काफी बहस तेज हो गई है. दरअसल, वैभव सूर्यवंशी को पहले मैच में भारत की इलेवन में शामिल नहीं किया गया था. संजू सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ पारी की शुरुआत की थी. लेकिन पहले मैच में संजू केवल 10 रन बनाकर आउट हो गए, जिसके बाद टीम मैनेजमेंट एक बार फिर निशाने पर आ गया है.
पूर्व क्रिकेटरों ने वैभव को इलेवन से बाहर रखने पर सवाल खड़े किए हैं. मोहम्मद कैफ सीधे तौर पर माना है कि टीम मैनेजमेंट टॉप 3 बल्लेबाजों को लेकर असमंजस की स्थिति में है. ऐसे में अब यह देखना काफी दिलचस्प होने वाला है कि दूसरे मैच में क्या वैभव की वापसी होगी या फिर भारत की प्लेइंग इलेवन में बदलाव नहीं होगा.

वैभव सूर्यवंशी बिना कारण इलेवन से हो रहे हैं बाहर
वैभव सूर्यवंशी को इस साल जून में आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज के लिए पहली बार भारतीय टीम में चुना गया था, लेकिन उन्हें खेलने का मौका नहीं मिला. उस सीरीज में भारत को बुरी तरह हार का सामना करना पड़ा, और इस युवा खिलाड़ी को टीम में शामिल न करने का मुद्दा चर्चा का विषय बन गया, खासकर उनके शानदार आईपीएल परफॉर्मेंस के बाद.
आखिरकार वैभव को इंग्लैंड के खिलाफ भारत की पांच मैचों की T20I सीरीज में डेब्यू किया लेकिन असफल रहे. लेकिन इसके बाद जिम्बाब्वे के खिलाफ वैभव ने कमाल की बल्लेबाजी की और प्लेयर ऑफ द सीरीज के खिताब से नवाजे गए. लेकिन फिर अब अफगानिस्तान के खिलाफ वैभव को मौका नहीं मिला है जिसने एक बार फिर प्लेइंग इलेवन को लेकर मैनेजमेंट की स्थिति पर सवाल उठने लगे हैं.

संजू सैमसन के लिए क्या बन रहा है समीकरण
दूसरी ओर भारतीय टीम में सैमसन का सफर कभी आसान नहीं रहा, पहले रोहित शर्मा और शुभमन गिल, और बाद में यशस्वी जायसवाल के साथ मुकाबला करते हुए, केरल के इस बल्लेबाज को टीम में अपनी जगह पक्की करने के लिए लगातार कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ा है. हालांकि प्रतिस्पर्धा ने निश्चित रूप से उनके कभी-कभार खेलने में भूमिका निभाई है, लेकिन सैमसन का खराब फ़ॉर्म भी एक बड़ा कारण रहा है।
हालां कि साल 2024 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार दो शतक लगाकर सैमसन ने अपनी दावेदारी मजबूत की और भारत की T20I प्लेइंग XI के नियमित सदस्य बनने की राह पर दिखे. बाद में, जब मैनेजमेंट ने सबसे छोटे फॉर्मेट में गिल से आगे बढ़ने का फैसला किया, तो सैमसन ने अभिषेक शर्मा के साथ ओपनिंग जोड़ी बनाई.
हालांकि, वैभव सूर्यवंशी के आने से टीम में जगह के लिए नई प्रतिस्पर्धा पैदा हो गई है. विकेटकीपर-बल्लेबाज के तौर पर ईशान किशन के भी दावेदार होने के कारण, सैमसन के लिए समय कम पड़ सकता है, जब तक कि वह टीम में अपनी जगह को लगातार सही साबित न कर सकें. एक छोर से अभिषेक की स्थिति मजबूत है, अभिषेक लगातार फॉर्म में है और धमाकेदार पारी खेल रहे हैं. ऐसा लगता है कि वैभव सूर्यवंशी की प्लेइंग XI में जगह के लिए सीधे संजू सैमसन से मुकाबला कर रहे हैं.

प्लेइंग इलेवन को लेकर क्या बन रहा है समीकरण
ये तो सीधा है कि वैभव और संजू एक दूसरे को कंपटीशन दे रहे हैं. अब जब पहले मैच में संजू फ्लॉप हो गए हैं तो फिर से सवाल उठ रहे हैं. हालांकि टीम मैनेजमेंट दूसरे मैच में संजू के साथ ही जाने का फैसला कर सकता है. संजू को एक और मौका मिलने की संभावना है. अगर दूसरे मैच में संजू का बल्ला शांत रहता है तो फिर उनका आगे के मैच में इलेवन में रहना मुश्किल हो सकता है. यानी दूसरे मैच में संजू पर रन बनाने का दबाव होगा.
बदलाव की संभावना कम
दरअसल, सभी मैच दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में भारतीय टीम खेलने वाली है. ऐसे में दूसरे मैच में भी पिच बल्लेबाजों के लिए माकूल होगी, ऐसे में भारतीय इलेवन में बदलाव न के बराबर होने के आसार हैं.
दूसरे टी-20 में ऐसी हो सकती है भारत की प्लेइंग 11
संजू सैमसन (विकेटकीपर), अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, नितीश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, वरुण चक्रवर्ती
ये भी पढ़ें- भारत-अफगानिस्तान दूसरा टी20 कल , फ्री में कैसे देखें LIVE मुकाबला?
ये भी पढ़ें- अभिषेक शर्मा ने रचा इतिहास, नंबर 1 पर फिल एलन, सबसे कम गेंदों में 6000 टी20 रन बनाने वाले टॉप-5 बल्लेबाज
ये भी पढ़ें- भारत के फैसले से उड़ी मोहसिन नकवी के चेहरे की रंगत! कैमरे में कैद हुआ रिएक्शन, स्टेडियम से 'भागते' आए नजर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं