अफगानिस्तान के खिलाफ रविवार को तीन मैचों की टी20 सीरीज के पहले मैच में भारत के सामने दुविधा होगी कि ‘वंडर ब्वॉय' वैभव सूर्यवंशी को उतारा जाए या संजू सैमसन के अनुभव पर भरोसा किया जाए. सूर्यवंशी को इंग्लैंड में सैमसन की जगह प्लेइंग इलेवन में जगह दी गई थी लेकिन सीरीज के आखिरी मैच में 15 वर्ष के सूर्यवंशी की जगह सैमसन को उतारा गया. टी20 प्रारूप में सैमसन और अभिषेक शर्मा की जोड़ी कामयाब रही है. उम्मीद है कि कोच गौतम गंभीर और कप्तान श्रेयस अय्यर जापान में होने वाले एशियाई खेलों की प्लेइंग इलेवन तय करने से पहले सैमसन और सूर्यवंशी दोनों को बराबर मौके देंगे.
गंभीर एंड कंपनी के सामने बड़ा सवाल?
शुक्रवार की शाम को अभ्यास सत्र के दौरान सूर्यवंशी की तुलना में सैमसन अधिक संतुलित नजर आए. सूर्यवंशी को जसप्रीत बुमराह की गेंदों पर सहज होकर खेलने में समय लगा क्योंकि पिच से भी बुमराह की गेंदों को मदद मिल रही थी. यह भी हो सकता है कि लगातार लाल गेंद के तीन मैच खेलने के बाद सूर्यवंशी को सामंजस्य बिठाने में समय लग रहा हो. वैसे अफगानिस्तान के पास बुमराह जैसा कोई गेंदबाज नहीं है. अफगानिस्तान के गेंदबाजों के सामने सूर्यवंशी को फुटवर्क का इस्तेमाल नहीं करने पर भी दिक्कत नहीं आयेगी.
ईशान हुए चोटिल
सैमसन की बात करें तो तीन पारियों में नाकामी के बाद उन्हें इंग्लैंड दौरे से बाहर करना ज्यादती था. लेकिन सूर्यवंशी को लेकर हाइप इतनी बढ गई थी कि टीम प्रबंधन ने जनता की मांग पर फैसला लिया भले ही बार बार वे कहते हों कि बाहरी आवाज का असर नहीं होता. अगर ईशान किशन नहीं खेल पाते हैं तो सूर्यवंशी और सैमसन दोनों को मौका मिल सकता है. ईशान को शुक्रवार को नेट अभ्यास के दौरान कमर में चोट लगी थी.
अफगानिस्तान के स्पिनर बुनेंगे जाल
एशियाई खेलों से पहले भारतीय टीम के पास तैयारी का यह सुनहरा मौका है क्योंकि अफगानिस्तान के बेहतरीन स्पिनरों राशिद खान, नूर अहमद और मुजीबुर रहमान का सामना करना होगा. तेज गेंदबाजों में उनके पास फजलहक फारूकी, नवीनुल हक, हरफनमौला गुलबदिन नायब और अजमतुल्लाह उमरजइ शामिल हैं.
कैसी रहेगी पिच
दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम की पिच आम तौर पर छोटी बाउंड्री और फ्लैट ट्रैक की वजह से बल्लेबाजों के लिए मददगार होती है. हालांकि खेल आगे बढ़ने के साथ पिच धीमी हो जाती है और स्पिनरों को मदद करती है. आईपीएल में इस पिच पर खूब रन बने थे. ऐसे में जब भारतीय बल्लेबाजों का सामना अफगानि स्पिनर्स से होगा, तो मुकाबला देखना मजेदार होगा.
कैसा रहेगा मौसम
दिल्ली में रविवार को बारिश की संभावना है. आईएमडी की भविष्यवाणी के अनुसार, दोपहर में हल्की बारिश हो सकती है. हालांकि, दिन में बादल छाए रह सकते है. लेकिन शाम के दौरान मौसम अच्छा रहेगा. ओवरकास्ट कंडीशन के चलते तेज गेंदबाजों को मदद मिल सकती है. शाम के समय बारिश की कोई अधिक नहीं है.
ऐसी हैं दोनों टीमें
भारत : श्रेयस अय्यर (कप्तान ), संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन, तिलक वर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी, शिवम दुबे, वॉशिंगटन सुंदर, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, वैभव सूर्यवंशी, यश ठाकुर, वरूण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई.
अफगानिस्तान : इब्राहिम जदरान (कप्तान ), दारविश रसूली, नूर उल रहमान, रहमानुल्लाह गुरबाज, सेदिकुल्लाह अटल, अजमतुल्लाह उमरजइ, राशिद खान, मोहम्मद नबी, गुलबदिन नायब, नांगेलिया खरोटे, अब्दुल्लाह अहमदजइ, फजलहक फारूकी, नवीनुल हक, मुजीबुर रहमान, नूर अहमद.
(इनपुट - भाषा)
यह भी पढ़ें: नीरज चोपड़ा नंबर-1, सचिन से आगे रोहित, इस साल सबसे दूर भाला फेंकने वाले टॉप-10 भारतीय
यह भी पढ़ें: पी.टी. उषा नंबर-1, मिल्खा सिंह टॉप-5 से बाहर, एशियन गेम्स में भारत के 10 सबसे सफल एथलीट
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं