- भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की सीरीज 19 अक्टूबर से शुरू होगी.
- विराट कोहली और रोहित शर्मा की यह ऑस्ट्रेलिया में आखिरी वनडे सीरीज हो सकती है और उनके भविष्य पर सवाल हैं.
- सचिन तेंदुलकर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं जिनके नाम 3077 रन और 9 शतक हैं.
Most ODI Runs in India vs Australia: भारत-ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन वनडे मैचों की वनडे सीरीज का शुरुआत 19 अक्टूबर से होनी है. इस सीरीज से पहले शुभमन गिल को टीम इंडिया की कप्तानी सौंपी गई है. जबकि विराट कोहली और रोहित शर्मा की यह ऑस्ट्रेलियाई सरजमीं पर आखिरी वनडे सीरीज हो सकती है. कोहली और रोहित पहले ही 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलने की इच्छा जता चुके हैं, लेकिन उनके भविष्य को लेकर सवाल हैं. ऐसे में फैंस की नजरें इन दोनों दिग्गजों पर होंगी. इसके अलावा रोहित और कोहली के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में दूसरे स्थान पर रहने के लिए दिलचस्प जंग भी दिखने को मिल सकती है.
भारत-ऑस्ट्रेलिया की टीमों ने साल 1980 से 2025 के बीच अब तक कुल 152 वनडे मैच खेले हैं. दोनों देशों के बीच वनडे इतिहास में सर्वाधिक रन बनाने वाले पांच बल्लेबाजों में 4 भारतीय हैं. सचिन इस लिस्ट में टॉप पर रहैं जबकि कोहली दूसरे और रोहित तीसरे स्थान पर हैं. कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2,451 रन बनाए हैं जबकि रोहित ने 2,407 रन बनाए हैं.
भारत-ऑस्ट्रेलिया वनडे में सबसे अधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज
सचिन तेंदुलकर : 'मास्टर-ब्लास्टर' ने साल 1991 से 2012 के बीच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 71 मुकाबलों में 44.59 की औसत के साथ कुल 3,077 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 15 अर्धशतक निकले. तेंदुलकर के नाम इस टीम के खिलाफ सर्वाधिक 330 चौके जड़ने का भी रिकॉर्ड है.
विराट कोहली : 'रन मशीन' कोहली ने साल 2009 से 2025 के बीच ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध 50 मुकाबलों में 54.46 की औसत के साथ बल्लेबाजी की. इस दौरान कोहली ने 8 शतकीय और 15 अर्धशतकीय पारियों की मदद से 2,451 रन बनाए.
रोहित शर्मा : ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इस दिग्गज बल्लेबाज ने साल 2007 से 2025 के बीच कुल 46 मैच खेले. इस दौरान रोहित ने 57.30 की औसत के साथ 2,407 रन बनाए, जिसमें 8 शतक और 9 अर्धशतक भी शामिल रहे. रोहित शर्मा ने 2 नवंबर 2013 को इस टीम के खिलाफ बेंगलुरु में 158 गेंदों का सामना करते हुए 16 छक्कों और 12 चौकों के साथ 209 रन की पारी खेली थी.
रिकी पोंटिंग : ऑस्ट्रेलिया के इस दिग्गज कप्तान ने भारत के खिलाफ साल 1995 से 2012 के बीच 59 वनडे मैच खेले, जिसमें 40.07 की औसत के साथ 2,164 रन बनाए. इस दौरान पोंटिंग ने भारत के विरुद्ध 6 शतक और 9 अर्धशतक जमाए.
महेंद्र सिंह धोनी : भारत को दोनों फॉर्मेट में विश्व कप खिताब जिताने वाले कप्तान ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ साल 2006 से 2019 के बीच 55 वनडे मैच खेले, जिसकी 48 पारियों में 44.86 की औसत के साथ 1,660 रन बनाए. इस दौरान माही के बल्ले से 2 शतक और 11 अर्धशतक निकले.
यह भी पढ़ें: NDTV World Summit 2025: 'फिट होता तो टीम में होता', मोहम्मद शमी के आरोपों पर क्या बोले अजीत अगरकर
यह भी पढ़ें: विराट और रोहित 2027 वर्ल्ड कप तक खेलेंगे या नहीं ? NDTV वर्ल्ड समिट 2025 में अजीत अगरकर ने दिया जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं