ICC Back Channel Talks with PCB on T20 World Cup 2026: T20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाले मुकाबले को लेकर बना गतिरोध अब इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के लिए बड़ी चिंता का विषय बनता जा रहा है. Revsportz के रिपोर्ट के मुताबिक, ICC ने डिप्टी चेयरमैन इमरान ख्वाजा से पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के रुख पर पर्दे के पीछे बातचीत करने को कहा है. सिंगापुर क्रिकेट एसोसिएशन का प्रतिनिधित्व करने वाले इमरान ख्वाजा को यह जिम्मेदारी दी गई है कि वे पाकिस्तान को 15 फरवरी को भारत के खिलाफ ग्रुप स्टेज मैच खेलने के लिए राजी करने की कोशिश करें. माना जा रहा है कि ICC इस पूरे मामले में ख्वाजा को एक तरह से “शांतिदूत” की भूमिका में देख रहा है.
पाकिस्तान के फैसले से ICC हैरान
पाकिस्तान ने रविवार को यह ऐलान किया था कि वह T20 वर्ल्ड कप में हिस्सा तो लेगा, लेकिन भारत के खिलाफ मुकाबले का बहिष्कार करेगा. हालांकि, अब तक PCB की ओर से इस फैसले को लेकर ICC को कोई आधिकारिक पत्र या स्पष्ट कारण नहीं भेजा गया है.
PCB को कानूनी कार्रवाई की चेतावनी
इस बीच PCB से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि ICC ने पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को आगाह किया है कि अगर 15 फरवरी को होने वाले भारत के खिलाफ मैच का बहिष्कार किया गया, तो टूर्नामेंट के आधिकारिक ब्रॉडकास्टर जियोस्टार (JioStar) की ओर से कानूनी कार्रवाई हो सकती है. सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान ने अपनी सरकार के निर्देश पर कोलंबो में होने वाले इस मुकाबले से हटने का फैसला किया है, लेकिन इस संबंध में ICC को औपचारिक जानकारी नहीं दी गई है.
पाकिस्तान को करोड़ों डॉलर के नुकसान का खतरा
एक अन्य रिपोर्ट के अनुसार, ICC पाकिस्तान का पूरा सालाना रेवेन्यू शेयर रोक सकता है, जिसकी रकम करीब 35 मिलियन अमेरिकी डॉलर बताई जा रही है. यही पैसा बाद में ब्रॉडकास्टर को मुआवजे के तौर पर दिया जा सकता है. PCB के एक अधिकारी ने बताया कि बोर्ड चेयरमैन मोहसिन नकवी ने इस मुद्दे पर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ को जानकारी देने से पहले कानूनी विशेषज्ञों से सलाह ली थी, लेकिन इसके बावजूद बोर्ड गंभीर परिणामों के लिए खुद को तैयार मान रहा है.
अपील का रास्ता भी मुश्किल
PCB सूत्रों का कहना है कि अगर पाकिस्तान अपने फैसले पर अड़ा रहता है और भारत के खिलाफ नहीं खेलता, तो उसे सिर्फ आर्थिक नुकसान ही नहीं झेलना पड़ेगा, बल्कि ICC के विवाद समाधान तंत्र (DRC) में जाकर भी राहत मिलने की संभावना बेहद कम है. ICC की यह समिति अपने ही फैसलों के खिलाफ अपील सुनने के लिए जानी नहीं जाती.
न्यूट्रल वेन्यू का तर्क बेदम?
एक अन्य PCB अधिकारी ने यह भी माना कि पाकिस्तान के लिए स्थिति इसलिए भी मुश्किल हो सकती है क्योंकि वह अपने सभी मैच भारत में नहीं, बल्कि न्यूट्रल वेन्यू श्रीलंका में खेल रहा है. इसके अलावा, यह तर्क भी दिया जा रहा है कि भारतीय सरकार ने पाकिस्तान में खेलने से जरूर इनकार किया है, लेकिन न्यूट्रल स्थानों पर एशिया कप या ICC टूर्नामेंट में पाकिस्तान के खिलाफ खेलने से भारत को कभी नहीं रोका गया.
अब सबकी निगाहें ICC और इमरान ख्वाजा की कोशिशों पर टिकी हैं कि क्या भारत-पाकिस्तान का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा या फिर यह विवाद T20 वर्ल्ड कप 2026 पर भारी पड़ जाएगा.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं