राज्यसभा सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह (Harbhajan Singh) ने पंजाब में बढ़ती नशे की समस्या को लेकर एक बार फिर आवाज उठाई है. उन्होंने सोशल मीडिया से लेकर संसद तक इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए कहा कि राजनीति छोड़कर पंजाब को ड्रग-मुक्त बनाने के लिए ठोस कदम उठाए जाने चाहिए. हरभजन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर पोस्ट करते हुए लिखा, 'क्या यह राजस्थान की तस्वीर है? चर्चा पंजाब की ड्रग समस्या के बारे में हो रही है. आपके पैसे देकर रखे गए ट्रोलर्स इस मुद्दे को छिपा नहीं पाएंगे. इस पर काम करना होगा. जिम्मेदारियों से भागने से कोई समाधान नहीं निकलेगा.'
दरअसल, इससे पहले पंजाब सरकार के कैबिनेट मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने हरभजन पर राज्य को बदनाम करने का आरोप लगाया था और राजस्थान का एक वीडियो शेयर करने की बात कही थी. उन्होंने स्पष्ट किया करते हुए कहा, 'मामला किसी खास व्यक्ति को निशाना बनाने का नहीं है. पंजाब और पूरे देश में जो भी लोग नशीले पदार्थों का सेवन करते हैं, उन्हें लत से मुक्त कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जाने चाहिए. एक-दूसरे की टांग खींचने के बजाय, पंजाब सरकार को इस बात पर काम करना चाहिए कि पंजाब को ड्रग-मुक्त कैसे बनाया जाए.'
दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए हरभजन सिंह ने कहा, 'मैं चाहता हूं कि पंजाब ड्रग-फ्री हो. सामने आए वीडियो पर कई लोगों ने आपत्ति जताई है और कहा है कि वे पंजाब के नहीं हैं. लेकिन मैं उनसे पूछूंगा, क्या आपको वहां ऐसे वीडियो नहीं दिखते? मैं वहां रहता हूं, और क्या पंजाब सच में ड्रग-फ्री है?'
हरभजन ने कहा, 'अगर है, तो उस पर बात करें. और अगर मकसद पंजाब को ड्रग-फ्री बनाना है, तो इस मुद्दे को उठाने वाले किसी व्यक्ति को निशाना बनाने के बजाय, उस लक्ष्य को पाने के लिए किए जा रहे कामों पर ध्यान दें. अगर मैं पंजाब के मुद्दों पर बात नहीं करता, तो मुझे नहीं लगता कि मेरे यहां होने का कोई मतलब है. मेरा मानना है कि ये पंजाब से जुड़े गंभीर मुद्दे हैं और सरकारों को इन पर काम करना चाहिए.'
उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक ऐसा मुद्दा है जिसने मुझे बहुत दुखी किया है. मैं पंजाब को इस हालत में नहीं देख सकता क्योंकि पंजाब खुशहाली, खेल और प्यार-भाईचारे के लिए जाना जाता है. लेकिन अगर आज हमारे युवा नशे की लत में पड़ गए हैं और उन्हें समझ नहीं आ रहा कि क्या करें, तो कहीं न कहीं यह हम सबकी जिम्मेदारी बन जाती है.'
हरभजन ने कहा, 'मैं कहूंगा कि इस पर काफी काम किया जाना चाहिए था, और अगर काम हुआ होता, तो हम ये सारे वीडियो नहीं देखते या पंजाब में ड्रग्स के इस्तेमाल के बारे में इतनी बातें नहीं सुनते. पंजाब खुशहाली के लिए जाना जाता था, तो अब यह ऐसी बुरी हालत के लिए क्यों जाना जा रहा है? मुझे लगता है कि सरकार को इस पर कार्रवाई करनी चाहिए.'
सांसद हरभजन ने संसद की कार्यवाही न चलने पर भी नाराजगी जताते हुए कहा, 'हर समस्या का समाधान बातचीत से ही निकलता है. अगर संसद में बातचीत ही नहीं होगी, तो आप किसी समस्या के समाधान की उम्मीद कैसे कर सकते हैं? मुझे हैरानी होती है कि वे सदन को चलने क्यों नहीं दे रहे हैं.'
इसी क्रम में राज्यसभा सांसद हरभजन सिंह ने केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव से भी मुलाकात की. हालांकि मुलाकात के मुद्दे को लेकर उन्होंने सार्वजनिक रूप से कोई जानकारी नहीं दी.
यह भी पढ़ें- पप्पू यादव के बेटे सार्थक ने फिर किया धमाका, वैभव ने भी लूटी महफिल, स्ट्राइकर्स ने लायंस को 8 विकेट से हराया
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं