Anshul Kamboj Wrost Record, Most sixes conceded in an IPL edition: एक तरफ अंशुल कंबोज को हाल ही में भारत 'ए' टीम में चुना गया, जो उनके करियर के लिए बड़ी उपलब्धि है, लेकिन दूसरी तरफ आईपीएल 2026 ने उनके नाम एक ऐसा रिकॉर्ड भी जोड़ दिया है, जिसे कोई गेंदबाज याद नहीं रखना चाहेगा. चेन्नई सुपर किंग्स के तेज गेंदबाज के लिए यह सीजन काफी अच्छा जा रहा था, लेकिन जब से उन्हें श्रीलंका में होने वाली ट्राई सीरीज के लिए टीम इंडिया में शामिल किया गया है, उनके प्रदर्शन का ग्राफ गिरता चला गया है.
गुजरात टाइटंस के खिलाफ गुरुवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में उन्होंने 4 ओवर में 56 रन लुटाए. एक विकेट उनके खाते में तो आया, लेकिन 14 की इकॉनमी रही. मौजूदा सीजन में उन्होंने 14 मैचों में 21 विकेट निकाले हैं. उनका बेहतर प्रदर्शन 3/22 का रहा. लीग में इस सीजन कम से कम 15 विकेट लेने वाले गेंदबाजों में उनकी इकॉनमी सबसे खराब है. जबकि उनका औसत 25.23 का है.
कंबोज इस सीजन में एक संस्करण में सबसे ज्यादा छक्के खाने वाले गेंदबाज बन गए हैं. उन्होंने कुल 34 छक्के खाए, जो आईपीएल इतिहास (एक सीजन) का नया रिकॉर्ड है. इस लिहाज से कंबोज का यह रिकॉर्ड उनके लिए एक बड़ा धब्बा बन गया है. पहले यह शर्मनाक रिकॉर्ड राशिद खान के नाम था, जिन्हें पिछले सीजन में 33 छक्के पड़े थे. आईपीएल 2025 राशिद के लिए काफी खराब रहा था.
IPL के एक एडिशन में सबसे ज़्यादा छक्के खाने वाले गेंदबाज
- 34 - अंशुल कंबोज (2026)
- 33 - राशिद खान (2025)
- 31 - मोहम्मद सिराज (2022)
- 30 - वानिंदु हसरंगा (2022)
- 30 - युजवेंद्र चहल (2024)
- 30 - कगिसो रबाडा (2026)
चेन्नई की शर्मनाक विदाई
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 का अंत भी उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा. गुरुवार को नरेंद्र मोदी क्रिकेट स्टेडियम में सीएसके को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 89 रनों से हार का सामना करना पड़ा, जो इस लीग में टीम की रनों के लिहाज से सबसे बड़ी हार रही.
इससे पहले, सीएसके को साल 2013 में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 60 रनों से हार का सामना करना पड़ा था, जो इस लीग में टीम की अब तक की सबसे बड़ी हार थी. गुजरात टाइटंस से मिले 230 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए सीएसके की पूरी टीम 140 रन बनाकर ढेर हो गई.
यह भी पढ़ें: गुजरात के बॉलरों का 'पावरफुल' कमाल, इस सीजन में कोई टीम नहीं कर सकी ऐसा, भुवनेश्वर से भिड़े रबाडा
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल ने इस खास लिस्ट में सचिन तेंदुलकर को छोड़ा पीछे, कोहली हैं लिस्ट में टॉप पर
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं