बांग्लादेश के अनुभवी बल्लेबाज मुशफिकुर रहीम ने इतिहास रच दिया है. वह बांग्लादेश के ऐसे पहले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने टेस्ट में 7 हजार रनों का आंकड़ा पार किया है. उन्होंने सिलहट में वेस्टइंडीज के खिलाफ खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के आखिरी दिन यह उपलब्धि हासिल की. शुरुआत में उन्हें शायद इस उपलब्धि का पता नहीं था, लेकिन जब ड्रेसिंग रूम में उनके साथियों ने खड़े होकर तालियां बजाईं, तब उन्हें इसका एहसास हुआ. 39 वर्षीय खिलाड़ी उंगली में चोट के कारण सीरीज का पहला टेस्ट नहीं खेल पाए थे, लेकिन दूसरे मैच में वापसी करते हुए उन्होंने अपने शानदार करियर में एक और उपलब्धि जोड़ ली. मुशफिकुर इससे पहले 5,000 और 6,000 टेस्ट रन तक पहुंचने वाले बांग्लादेश के पहले बल्लेबाज बने थे. उन्होंने ये मुकाम 2022 और 2024 में हासिल किए थे. वहीं बात अगर टेस्ट क्रिकेट में सभी देशों के उन बल्लेबाजों की करें जिन्होंने सबसे पहले 7 हजार रनों के आंकड़े को पार किया है तो इसमें सुनील गावस्कर से लेकर गारफील्ड सोबर्स और महेला जयवर्धने तक का नाम है.
बात अगर हर टेस्ट प्लेइंग नेशन के लिए सबसे पहले 7000 रन बनाने वाले खिलाड़ियों की करें तो इस लिस्ट में सबसे पहले नाम इंग्लैंड के वैली हैमंड का आता है, जिन्होंने 1946 में यह आंकड़ा पार किया है. यह इंग्लिश दिग्गज आज भी टेस्ट में दूसरा सबसे तेज 7 हजार रन बनाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में दूसरे स्थान पर है. वहीं भारत के लिए यह कारनामा सबसे पहले सुनील गावस्कर ने किया था. इस लिस्ट में पाकिस्तान की तरफ से जावेद मियांदाद हैं, जबकि वेस्टइंडीज से गारफील्ड सोबर्स का नाम है.
हर टेस्ट खेलने वाले देश के लिए सबसे पहले 7000 रन बनाने वाले खिलाड़ी
- 80 मैच – वैली हैमंड (इंग्लैंड), 1946
- 79 मैच – गारफील्ड सोबर्स (वेस्टइंडीज), 1971
- 80 मैच – सुनील गावस्कर (भारत), 1982
- 87 मैच – ग्रेग चैपल (ऑस्ट्रेलिया), 1984
- 95 मैच – जावेद मियांदाद (पाकिस्तान), 1988
- 96 मैच – गैरी कर्स्टन (दक्षिण अफ्रीका), 2003
- 92 मैच – महेला जयवर्धने (श्रीलंका), 2007
- 110 मैच – स्टीफन फ्लेमिंग (न्यूजीलैंड), 2008
- 107 मैच – मुशफिकुर रहीम (बांग्लादेश), 2026)
25 पारियों में पूरे किए एक हजार रन
2005 में अपना अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले मुशफिकुर, बांग्लादेश के सबसे अनुभवी टेस्ट क्रिकेटर हैं. वे अभी अपना 107वां टेस्ट खेल रहे हैं और नवंबर 2025 में वे देश के ऐसे पहले खिलाड़ी बने, जिन्होंने 100 टेस्ट मैच खेले हैं. मुशफिकुर ने अपने करियर की शुरुआत लोअर-मिडल-ऑर्डर बल्लेबाज और विकेटकीपर के रूप में की थी. उन्होंने अपने पहले 1,000 टेस्ट रन पूरे करने के लिए 20 टेस्ट मैच खेले. टीम में उनकी भूमिका बढ़ने के साथ-साथ बल्लेबाजी में उनका योगदान भी बढ़ता गया, खासकर 2011 में बांग्लादेश का कप्तान बनने के बाद.
टेस्ट क्रिकेट में 6,000 से 7,000 रनों तक पहुंचने के लिए उन्हें केवल 25 पारियों की जरूरत पड़ी, जो इस फॉर्मेट में उनके लगातार अच्छे प्रदर्शन को दर्शाता है. टेस्ट क्रिकेट में अपनी उपलब्धियों के अलावा, मुशफिकुर ने वनडे इंटरनेशनल (ODI) में 6,697 रन और T20 इंटरनेशनल में 1,495 रन बनाए हैं. वे सीमित ओवरों के इन दोनों फॉर्मेट से संन्यास ले चुके हैं.
वेस्टइंडीज ने जीती टेस्ट सीरीज
बात अगर इस मुकाबले की करें तो सिलहट इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया टेस्ट सीरीज का दूसरा मुकाबला ड्रॉ पर समाप्त हुआ, जिसके साथ वेस्टइंडीज ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली. नाबाद दोहरा शतक जड़ने वाले तौहीद हिरदॉय मुकाबले के हीरो बने. वेस्टइंडीज ने ढाका के शेर-ए-बांग्ला नेशनल स्टेडियम में खेले गए सीरीज के पहले मैच को 8 विकेट से अपने नाम किया था, जिसके बाद बांग्लादेश को सीरीज ड्रॉ करवाने के लिए इस मुकाबले को हर हाल में जीतना था, लेकिन मेजबान टीम ऐसा करने में नाकाम रही.
टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम ने पहली पारी में 356 रन बनाए. इस दौरान आमिर जंगू ने 2 छक्कों और 13 चौकों की मदद से 133 रन की पारी खेली, जबकि केविन विकहम ने 61 रन का योगदान टीम के खेमे में दिया. विपक्षी खेमे से हसन महमूद ने सर्वाधिक 6 विकेट निकाले. तस्किन अहमद और मेहदी हसन मिराज को 2-2 विकेट हाथ लगे.
इसके जवाब में बांग्लादेशी टीम ने पहली पारी में 386 रन बनाकर 30 रन की मामूली बढ़त हासिल कर ली. इस पारी में तौहीद हिरदॉय ने एक छोर को संभाले रखा और 359 गेंदों में 11 छक्कों और 22 चौकों के साथ 242 रन की नाबाद पारी खेली.
इसके जवाब में वेस्टइंडीज ने अपनी दूसरी पारी 398/6 के स्कोर पर घोषित की. इस दौरान कावेम हॉज ने 18 बाउंड्री के साथ सर्वाधिक 142 रन बनाए, जबकि केविन विकहम ने 78 रन और ब्रैंडन किंग ने 61 रन की पारी खेली. मेजबान टीम को जीत के लिए 369 रन का टारगेट मिला, लेकिन अंतिम दिन यह टीम 59 ओवरों में 4 विकेट खोकर 184 रन ही बना सकी.
यह भी पढ़ें: नंबर 3 वसीम अकरम, विवियन रिचर्ड्स ने चुने दुनिया के टॉप- 3 सबसे महान गेंदबाज, बोले- 'वह GOAT हैं'
यह भी पढ़ें: पीटी उषा को बड़ा झटका, SOM चुनाव में मिली हार, IOA को मिलेगा नया अध्यक्ष?
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं