विज्ञापन

'हमेशा सैमसन पर ही गाज क्यों?' पूर्व चीफ सेलेक्टर ने उठाए सवाल, वैभव सूर्यवंशी पर दी अहम सलाह

इंग्लैंड टी20 सीरीज खत्म हो गई है, लेकिन 2 खिलाड़ियों को लेकर चर्चा थमने की नाम नहीं ले रही है. वैभव सूर्यवंशी और दूसरे हैं संजू सैमसन

'हमेशा सैमसन पर ही गाज क्यों?' पूर्व चीफ सेलेक्टर ने उठाए सवाल, वैभव सूर्यवंशी पर दी अहम सलाह
टी20 सीरीज खत्म हो चुकी है, लेकिन सैमसन और सूर्यवंशी की चर्चा खत्म नहीं हुई है
Source: Social media

MSK Prasad on Sanju Samson: पिछले दिनों खत्म हुई टी20 सीरीज में टीम इंडिया की हार और जीत से इतर दो ही खिलाड़ी सबसे ज्यादा चर्चा में रहे. वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) और संजू सैमसन (Sanju Samson). और वास्तव में ये दोनों एक-दूसरे के पूरक ही रहे. मतलब इन दोनों का शुरुआत से लेकर आखिर तक रिश्ता बना रहा.  और दोनों को लेकर चर्चा और दिग्गजों के बयान अभी भी जारी है. अब  कुछ साल पहले टीम इंडिया के चीफ सेलेक्टर रहे एमएसके प्रसाद ने मुख्य कोच गौतम गंभीर के कार्यकाल का आंकलन करने से पहले धैर्य रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि आयरलैंड और इंग्लैंड के खिलाफ टी20 अंतरराष्ट्रीय हार के समय हार्दिक पांड्या और जसप्रीत बुमराह जैसे भारत के दो सबसे प्रभावशाली खिलाड़ी टीम में नहीं थे. प्रसाद का मानना है कि केवल उन परिणामों के आधार पर गंभीर का आकलन करना अनुचित होगा.

'हार के लिए सिर्फ कोच जिम्मेदार नहीं'

प्रसाद ने कहा, 'सिर्फ इसलिए कि टीम ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, हम अकेले मुख्य कोच पर जिम्मेदारी नहीं डाल सकते. हम यह नहीं कह सकते कि गंभीर टीम को प्रेरित करने में विफल रहे हैं. साथ ही, सिर्फ इसलिए कि हमने टूर्नामेंट या विश्व कप जीते हैं, इसका मतलब यह नहीं है कि केवल गंभीर ने ही टीम को प्रेरित किया है. यह कई चीजों के मायने होते हैं. गंभीर को अभी से खारिज करना बहुत जल्दबाजी होगी.' उन्होंने कहा कि अगली सीरीज कोच और कप्तान दोनों का आंकलन करने के लिए बेहतर मापदंड प्रदान करेगी

'पूर्ण क्षमतावान टीम के साथ आंकलन करना होगा'

उन्होंने कहा, 'हमें गंभीर और कप्तान अय्यर का मूल्यांकन तब करना होगा, जब भारतीय टीम बुमराह और पांड्या के साथ पूरी ताकत के साथ अगली सीरीज खेलेगी. तब हम बात कर सकते हैं कि कौन किसे प्रेरित कर रहा है, या क्या कप्तान इसे संभालने में सक्षम है, या कोच इसे संभालने में सक्षम हैं. इसलिए, अगली टी20 श्रृंखला वह है जिसका हमें वास्तव में आंकलन करना होगा.' हालांकि, प्रसाद ने कम स्कोर के संक्षिप्त दौर के बाद संजू सैमसन को बाहर करने के फैसले की आलोचना की. खासकर भारत के सफल टी20 विश्व कप अभियान के दौरान विकेटकीपर-बल्लेबाज के प्रदर्शन को देखते हुए.

'गाज हमेशा संजू पर ही क्यों?'

एमएसके बोले, 'संजू पर ही हमेशा गाज क्यों गिरती है? संजू को बाहर करना एक बड़ी गलती थी. वह इंग्लिश परिस्थितियों में सबसे अच्छे खिलाड़ी हैं. जब विकेट सख्त होते हैं और उछाल लेते हैं, तो वह बेहद अच्छे होते हैं. उन्होंने हाल ही में जीते गए टी20 विश्व कप के क्वार्टर फाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में मैच जिताने वाला प्रदर्शन किया. वह विश्व कप के खिलाड़ी हैं. और अचानक, 2-3 मैचों में रन न बना पाने पर आप उन्हें बाहर कर रहे हैं.' पूर्व चयनकर्ता ने किशोर सनसनी वैभव सूर्यवंशी को संभालने पर भी चिंता व्यक्त की और कहा कि युवा खिलाड़ी को इंग्लैंड के खिलाफ उच्च दबाव वाली श्रृंखला में झोंकने के बजाय धीरे-धीरे शामिल किया जाना चाहिए था.

'वैभव के मामले में सतर्कता बरतने की जरूरत'

उन्होंने कहा, 'वैभव को आयरलैंड और जिम्बाब्वे भेजना समझ में आता है क्योंकि यदि आपको एक खिलाड़ी तैयार करना है, तो मुझे लगता है कि आपको उसे धीरे-धीरे तैयार करना चाहिए. खासकर जब 15 साल की उम्र की अविश्वसनीय प्रतिभा के साथ काम कर रहे हों.' पूर्व विकेटकीपर ने कहा, 'हमें उसे उतारने के बारे में बहुत सावधान और सतर्क रहने की जरूरत है. देखिए, इससे प्लेइंग इलेवन में थोड़ी अशांति पैदा हुई है. उस दबाव के कारण जो हर तरफ से कोच और कप्तान पर वैभव को खिलाने के लिए डाला गया. पहले कुछ मैचों में संजू ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, इसलिए, बहुत दबाव था. जब वैभव ने अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, तो संजू को वापस लाने के लिए फिर से बहुत दबाव था.'

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Vaibhav Sooryavanshi, Sanju Viswanath Samson, India, England, England Vs India 2026, Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com