भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच क्रिकेट संबंधों को मजबूत करने की दिशा में एक नया कदम उठाया गया है. दरअसल, इस बार दोनों देशों के अंपायर एक दूसरे के देश जाकर घरेलू क्रिकेट में अंपायरिंग करने वाले हैं जिसे एक्सचेंज प्रोग्राम नाम दिया गया है. क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और बीसीसीआई के बीच एक्सचेंज प्रोग्राम के तहत, ऑस्ट्रेलियाई अंपायर बेन ट्रेलोर भारत में रणजी ट्रॉफी के दो मैचों में अंपायरिंग करेंगे, जबकि भारतीय अंपायर पराशर जोशी ऑस्ट्रेलिया जाकर शेफील्ड शील्ड के दो मैचों और वन डे कप के एक मैच में अंपायरिंग करेंगे.
बेन ट्रेलोर कौन है
बेन ट्रेलोर के पास अंपायरिंग का काफी अनुभव है, उन्होंने 30 फर्स्ट-क्लास मैचों, 20 लिस्ट-ए मैचों और 39 बिग बैश लीग मैचों में अंपायरिंग की है. इसके अलावा, उन्होंने दो महिला वनडे इंटरनेशनल और चार महिला टी20 इंटरनेशनल मैचों में भी अंपायरिंग की है. मैदान के बाहर, ट्रेलोर 'क्रिकेट न्यू साउथ वेल्स' में अंपायर एजुकेशन ऑफिसर के तौर पर काम करते हैं, जहां वे मैच अधिकारियों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करते हैं.
अंपायर शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें 'न्यू साउथ वेल्स क्रिकेट अंपायर्स एंड स्कोरर्स एसोसिएशन' की ओर से चार बार 'जॉर्ज बोरविक मेमोरियल अवार्ड' से सम्मानित किया जा चुका है. ट्रेलोर अभी 18 से 21 अक्टूबर तक दिल्ली में खेले जा रहे दिल्ली Vs गुजरात रणजी ट्रॉफी मैच में अंपायरिंग कर रहे हैं. इसके बाद, वे 26 से 29 अक्टूबर तक मुंबई में होने वाले मुंबई Vs हरियाणा मैच में अंपायर की भूमिका निभाएंगे.
पराशर जोशी कौन हैं?
पराशर जोशी, 2015 से BCCI के अंपायर पैनल का हिस्सा हैं, उन्होंने भारतीय घरेलू रेड-बॉल और व्हाइट-बॉल टूर्नामेंटों में अंपायर के तौर पर अपना एक मजबूत करियर बनाया है. दिलचस्प बात यह है कि अपने प्रोफेशनल अंपायरिंग करियर की शुरुआत करने से पहले, उन्होंने 2008 में 'इंडियन आइडल 4' के पियानो राउंड तक पहुंचकर काफी सुर्खियां बटोरी थीं. अपने करियर में उन्होंने 9 फर्स्ट-क्लास मैचों, 24 लिस्ट-A मैचों और 30 T20 मैचों में अंपायरिंग की है.
यह भी पढ़ें | करोड़ों की कमाई करते हैं संजू सैमसन, ₹18 करोड़ IPL सैलरी, जानें नेटवर्थ और कार कलेक्शन
यह भी पढ़ें | नंबर 1 मिचेल स्टार्क, नंबर 2 जसप्रीत बुमराह, वसीम अकरम ने स्टार्क को बताया 'मॉडर्न डे ग्रेट'
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं