विज्ञापन

PAK vs WI: हार पर बाबर आजम का फूटा गुस्सा, 58 रन पर रहे नाबाद, बाकी खिलाड़ी नहीं दे सके साथ, बल्लेबाजों को लगाई फटकार

PAK vs WI 1st Test: लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. अजान अवैस और इमाम उल हक सिर्फ 3-3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. सलमान आगा बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि मोहम्मद रिजवान 11 रन ही बना सके.

PAK vs WI: हार पर बाबर आजम का फूटा गुस्सा, 58 रन पर रहे नाबाद, बाकी खिलाड़ी नहीं दे सके साथ, बल्लेबाजों को लगाई फटकार
Babar Azam on Lose vs West Indies 1st Test

वेस्ट इंडीज ने पहले टेस्ट में पाकिस्तान को 90 रन से हराकर दो मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. ब्रायन लारा क्रिकेट स्टेडियम में 211 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की दूसरी पारी सिर्फ 120 रन पर सिमट गई. कप्तान बाबर आजम ने एक छोर संभालते हुए नाबाद अर्धशतक लगाया, लेकिन बाकी बल्लेबाजों के फ्लॉप शो ने टीम की हार तय कर दी. मैच के बाद बाबर अपनी बल्लेबाजी यूनिट के प्रदर्शन से बेहद निराश नजर आए और उन्होंने खुलकर नाराजगी जाहिर की.

 58 रन पर नाबाद रहे बाबर, बाकी बल्लेबाज नहीं दे सके साथ

लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही. अजान अवैस और इमाम उल हक सिर्फ 3-3 रन बनाकर पवेलियन लौट गए. सलमान आगा बिना खाता खोले आउट हुए, जबकि मोहम्मद रिजवान 11 रन ही बना सके. आमिर जमाल भी शून्य पर चलते बने. इसके बाद अली उस्मान 2 रन, शान मसूद 3 रन, खुर्रम शहजाद 4 रन और मोहम्मद अली बिना खाता खोले आउट हो गए. एक तरफ विकेट लगातार गिरते रहे, जबकि बाबर आजम अकेले संघर्ष करते रहे. उन्होंने 107 गेंद में 58 रन की नाबाद पारी खेली, जिसमें 9 चौके शामिल रहे. हालांकि दूसरे छोर से उन्हें किसी बल्लेबाज का साथ नहीं मिला.

सील्स और रोच ने तोड़ी पाकिस्तान की कमर

वेस्ट इंडीज की जीत में तेज गेंदबाज जयडेन सील्स सबसे बड़े हीरो रहे. उन्होंने 14.2 ओवर में सिर्फ 20 रन देकर 5 विकेट झटके. केमार रोच और जस्टिन ग्रीव्स ने भी दो-दो विकेट लेकर पाकिस्तान की बल्लेबाजी को पूरी तरह बिखेर दिया.

पहली पारी में मिली थी बढ़त

इससे पहले पाकिस्तान के तेज गेंदबाज मोहम्मद अब्बास ने दूसरी पारी में 5 विकेट लेकर वेस्ट इंडीज को 181 रन पर समेट दिया था. कैरेबियाई टीम की ओर से शेमार जोसेफ ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए. पहली पारी में शाई होप के 92 और केवम हॉज के 84 रन की बदौलत वेस्ट इंडीज ने 311 रन बनाए थे. जवाब में पाकिस्तान की टीम शान मसूद के 109 रन के बावजूद 282 रन पर सिमट गई थी.

"एक बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर हम पूरी तरह नाकाम.."

मैच के बाद प्रेजेंटेशन सेरेमनी में बाबर आजम ने माना कि उनकी टीम बल्लेबाजी में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सकी. उन्होंने कहा, "नतीजा हमारे हाथ में नहीं था, लेकिन पिछले दो दिनों में हमने अच्छा क्रिकेट खेला. आज एक बल्लेबाजी यूनिट के तौर पर हम वैसा प्रदर्शन नहीं कर पाए, जैसा करना चाहिए था. हमने लगातार विकेट गंवाए और यही हमारी हार की सबसे बड़ी वजह बनी."

"पिच नहीं, हमारी बल्लेबाजी जिम्मेदार"

जब बाबर से चौथी पारी में पिच के व्यवहार को लेकर सवाल पूछा गया तो उन्होंने हार का ठीकरा पिच पर फोड़ने से इनकार कर दिया. उन्होंने कहा, "पिच अच्छी थी. हमें नई गेंद से थोड़ी मूवमेंट की उम्मीद थी और हम उसके लिए तैयार भी थे. लेकिन वेस्ट इंडीज के गेंदबाजों ने शानदार गेंदबाजी की और हालात का पूरा फायदा उठाया. चौथे दिन गेंद थोड़ी नीचे रह रही थी और असमान उछाल भी मिल रहा था, लेकिन हम बड़ी साझेदारी नहीं बना सके."

शान मसूद की चोट से भी बढ़ी मुश्किल

पूर्व कप्तान शान मसूद उंगली में फ्रैक्चर होने के बावजूद नंबर आठ पर बल्लेबाजी करने उतरे. बाबर का मानना है कि उनकी चोट का असर भी टीम पर पड़ा. उन्होंने कहा, "शान पूरी तरह फिट नहीं थे. उनकी उंगली में फ्रैक्चर है और हमने उन्हें जरूर मिस किया. लेकिन नई गेंद के खिलाफ शुरुआती 20 ओवर निकालना और साझेदारी बनाना भी हमारी जिम्मेदारी थी. हम ऐसा नहीं कर सके और मैच हमारे हाथ से निकल गया."

अब ड्रेसिंग रूम में होगी हार की समीक्षा

विदेशी सरजमीं पर टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान का खराब प्रदर्शन लगातार जारी है. बाबर ने कहा कि टीम अब अपनी गलतियों पर गंभीरता से चर्चा करेगी. उन्होंने कहा, "हम साथ बैठकर इस हार की समीक्षा करेंगे. नतीजे हमेशा हमारे हाथ में नहीं होते, लेकिन अपनी गलतियों को सुधारना हमारे हाथ में है. अगले मैच में हम इन्हें सुधारने की पूरी कोशिश करेंगे."

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Cricket
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com