विज्ञापन

Stock Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 300 अंक उछला, अदाणी ग्रुप के शेयरों में भी आई तेजी

Share Market Update: बाजार में रिकवरी के पीछे अदाणी ग्रुप (Adani Group) के शेयरों का बड़ा हाथ है, जिनमें आज सुबह से ही अच्छी खरीदारी देखी जा रही है. अदाणी ग्रुप के अधिकांश स्टॉक्स बढ़त के साथ हरे निशान में ट्रेड करते दिखे.

Stock Market Today: शेयर बाजार में लौटी रौनक, सेंसेक्स 300 अंक उछला, अदाणी ग्रुप के शेयरों में भी आई तेजी
Stock Market News Updates: अदाणी ग्रुप के शेयरों में आज मजबूती देखने को मिली.
नई दिल्ली:

लगातार चार दिनों की भारी गिरावट के बाद आज 5 मार्च की सुबह भारतीय शेयर बाजार में हरियाली लौट आई है. मिडिल ईस्ट के तनाव और बुधवार को सेंसेक्स-निफ्टी में आई करीब 1.55% की बड़ी गिरावट के बाद आज बाजार ने शानदार वापसी की है. शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) करीब 341.66 अंक (0.43%) की मजबूती के साथ 79,457.84 के स्तर पर ट्रेड कर रहा है. निफ्टी-50 में भी रौनक दिख रही है और यह 113.60 अंक (0.46%) की बढ़त के साथ 24,594.10 के पार निकल गया है.

अदाणी ग्रुप के शेयरों में तेज उछाल

शेयर बाजार में आई मजबूती के चलते अदाणी ग्रुप के अधिकांश स्टॉक्स बढ़त के साथ हरे निशान में ट्रेड करते दिखे. अदाणी एंटरप्राइजेज  0.73% की तेजी के साथ करीब ₹2,091.60 पर पहुंच गया. अदाणी ग्रीन एनर्जी  1.75% की बढ़त के साथ लगभग ₹887.20 पर कारोबार करता दिखा. इसी तरह अदाणी टोटल गैस  0.92% ऊपर रहा. अदाणी पोर्ट्स एंड स्पेशल इकोनॉमिक जोन में भी तेजी रही और यह 2.08% की बढ़त के साथ करीब ₹1,464.20 पर ट्रेड करता दिखा.इसके अलावा अदाणी पावर 1.03% और अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस  1.86% और न्यू दिल्ली टेलीविजन (NDTV) का शेयर  1.30% चढ़ा.

शेयर बाजार में आज बड़े शेयरों के साथ-साथ छोटे और मझोले शेयरों में भी अच्छी खरीदारी देखने को मिल रही है. निफ्टी मिडकैप इंडेक्स 0.82 प्रतिशत और निफ्टी स्मॉलकैप इंडेक्स 0.83 प्रतिशत की बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं.  अगर अलग-अलग सेक्टरों की बात करें, तो आज रियल एस्टेट (Realty) से जुड़े शेयरों में सबसे ज्यादा तेजी है. इसके बाद ऑयल एंड गैस और ऑटो सेक्टर के शेयरों ने भी बाजार को ऊपर ले जाने में काफी मदद की है.

कौन सा शेयर चढ़ा और कौन गिरा?

सेंसेक्स के बड़े शेयरों में आज सन फार्मा, अदाणी पोर्ट्स, एलएंडटी (L&T), बीईएल (BEL), एनटीपीसी और टाटा स्टील जैसे शेयर सबसे ज्यादा मुनाफे (Top Gainers) में हैं. दूसरी तरफ, आईटी और एफएमसीजी सेक्टर के कुछ शेयरों पर दबाव दिख रहा है. एचसीएल टेक, टीसीएस, हिंदुस्तान यूनिलीवर (HUL), टेक महिंद्रा और एशियन पेंट्स जैसे शेयरों को आज नुकसान झेलना पड़ रहा है और ये गिरावट के साथ ट्रेड कर रहे हैं.

बीते दिन शेयर बाजार में भारी गिरावट

बता दें कि अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच जारी युद्ध के कारण ग्लोबल मार्केट में बिकवाली और तेल की कीमतों में वृद्धि के चलते बुधवार को भारतीय शेयर बाजार बड़ी गिरावट के साथ खुला और शुरुआती कारोबार में ही दोनों पइंडक्स 2 प्रतिशत से ज्यादा गिर गए थे. हालांकि, सेंसेक्स 1,122.66 अंक या 1.40 प्रतिशत गिरकर 79,116.19 पर बंद हुआ था, जबकि निफ्टी 385.20 अंक या 1.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 24,480.50 पर रहा था.

विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर

बाजार में उतार-चढ़ाव के बीच एक बड़ी खबर विदेशी निवेशकों (FII) को लेकर है. पिछले कारोबारी सत्र में उन्होंने लगातार चौथे दिन बिकवाली की और करीब 8,752 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए. हालांकि, भारतीय घरेलू निवेशकों (DII) ने बाजार को गिरने से बचा लिया. उन्होंने लगातार छठे दिन खरीदारी जारी रखी और 12,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के शेयर खरीदे, जिससे विदेशी निवेशकों की बिकवाली का असर काफी कम हो गया.

अभी क्या करें निवेशक? जानिए एक्सपर्ट की राय

मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि दुनिया भर में जारी अनिश्चितता को देखते हुए निवेशकों को अभी बहुत सावधानी बरतनी चाहिए. फिलहाल केवल उन्हीं कंपनियों के शेयरों पर ध्यान देना चाहिए जिनका कारोबार और फंडामेंटल्स मजबूत हो. एक्सपर्ट के मुताबिक, नई खरीदारी की जल्दबाजी न करें. बाजार में मजबूती का असली संकेत तभी मिलेगा जब निफ्टी 25,000 के ऊपर टिक जाए और लगातार बढ़त बनाए रखे.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com