Smart Investing Tips : हर किसी की इच्छा होती है कि रिटायरमेंट के बाद जिंदगी बिना आर्थिक तनाव के आराम से गुजरे. लेकिन इसके लिए पहले से मजबूत फाइनेंशियल प्लानिंग और अच्छे-खासे फंड का होना बेहद जरूरी माना जाता है. इसलिए ही फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स अक्सर 20 की उम्र से निवेश शुरू करने की सलाह देते हैं. हालांकि, कई लोग पढ़ाई, नौकरी, परिवार की जिम्मेदारियों या आर्थिक दबावों के कारण समय पर निवेश शुरू नहीं कर पाते. लेकिन इसका मतलब यह बिल्कुल भी नहीं है कि अब बड़ा फंड बनाना संभव नहीं है.
एक्सपर्ट्स का मानना है कि 30s और 40s में निवेश शुरू किया जा सकता है. इस दौरान सबसे बड़ा एडवांटेज स्टेबल और मजबूत इनकम हो सकती है. FindiBANKIT के सीईओ अमित निगम के मुताबिक, सबसे अहम बात यह नहीं है कि आपने देर से शुरुआत की, बल्कि यह है कि आपने शुरुआत की या नहीं. सही प्लानिंग और डिसिप्लिन्ड निवेश के जरिए देर से शुरू करने वाले लोग भी बड़ा फंड तैयार कर सकते हैं.
कैसे कारगर है SIP?
देर से शुरूआत करने वालों के लिए SIP काफी फायदेमंद माना जाता है. इसमें हर महीने एक तय रकम निवेश की जाती है, जिससे डिसिप्लिन बना रहता है और बाजार के उतार-चढ़ाव का असर भी कम होता है. SIP निवेश को आसान और सिस्टेमैटिक बनाता है. इसकी सबसे खास बात यह है कि इसमें धीरे-धीरे निवेश बढ़ाने का ऑप्शन भी मिलता है, जिसे स्टेप-अप SIP कहा जाता है.
देर से शुरुआत करने पर कितना बढ़ जाता है दबाव?
Wise Finserv के सीईओ अजय कुमार यादव ने एक उदाहरण से समझाया कि अगर कोई व्यक्ति 60 साल की उम्र तक 5 करोड़ रुपये का रिटायरमेंट फंड बनाना चाहता है, तो उम्र के हिसाब से उसे अलग-अलग SIP करनी होगी -
उम्र SIP
25 साल लगभग 7,800 रुपये प्रति महीना
35 साल लगभग 26,600 रुपये प्रति महीना
45 साल लगभग 1 लाख रुपये प्रति महीना
इससे साफ है कि जितनी देर होगी, उतना ज्यादा निवेश करना पड़ेगा. हालांकि एक्सपर्ट्स का कहना है कि घबराने की जरूरत नहीं है, बल्कि निवेश की रणनीति बदलने की जरूरत है.
स्टेप-अप SIP से बदल सकता है पूरा खेल
स्टेप-अप SIP का मतलब समय के साथ अपनी SIP को बढ़ाना है. अगर कोई व्यक्ति हर साल अपनी SIP में 10% से 15% तक बढ़ोतरी करता है, तो लंबे समय में बड़ा फर्क देखने को मिलता है. उदाहरण के लिए, 40 साल की उम्र में 15,000 रुपए की SIP शुरू करने वाला निवेशक 20 साल में फिक्स्ड SIP पर लगभग 1.5 करोड़ रुपये का फंड तैयार कर सकता है. लेकिन, अगर वह हर साल SIP में 10% का इजाफा करता है, तो करीब 3 करोड़, वहीं 15% के स्टेप-अप पर लगभग 4.5 करोड़ रुपये का फंड तैयार कर सकता है.
30s और 40s में कर सकते हैं ज्यादा निवेश
The Wealth Company Mutual Fund की सीआईओ अपर्णा शंकर के मुताबिक, 30s और 40s में लोगों की कमाई आमतौर पर सबसे ज्यादा होती है. ऐसे में वे 20s की तुलना में ज्यादा निवेश कर सकते हैं. उनका मानना है कि 30s में लोगों को अपनी इनकम का 15-20% और 40s में करीब 25% तक निवेश करना चाहिए.
सुरक्षित निवेश में लिमिटेड रिटर्न
कई लोग देर से निवेश शुरू करने के बाद जोखिम से बचने के लिए केवल FD या डेट में पैसा लगाते हैं. लेकिन एक्सपर्ट्स मानते हैं कि रिटायरमेंट तक लंबा समय होने पर इक्विटी में निवेश जरूरी है, ताकि महंगाई को मात दी जा सके और बेहतर रिटर्न मिल सके. एक्सपर्ट्स के मुताबिक, निवेश में सबसे जरूरी चीज समय नहीं बल्कि निरंतरता और डिसिप्लिन है. देर से शुरुआत करने वाले लोग भी सही रणनीति के जरिए मजबूत फंड बना सकते हैं.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं