विज्ञापन

SBI Data Leak: करीब 4,000 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक, क्या खाली हो जाएगा आपका बैंक अकाउंट?

SBI Data Leak dark web: एसबीआई के हजारों ग्राहकों की जानकारी लीक होने के बाद मचा हड़कंप. डार्क वेब पर 3,897 ग्राहकों का डेटा मिलने के बाद SBI ने दी सफाई.अगर आपका भी है SBI में खाता, तो साइबर फ्रॉड से बचने के लिए तुरंत करें ये जरूरी काम.

SBI Data Leak: करीब 4,000 ग्राहकों का डेटा डार्क वेब पर लीक, क्या खाली हो जाएगा आपका बैंक अकाउंट?
Sbi Bank Data Leak News: एसबीआई डेटा लीक मामले में ग्राहकों के नाम, नंबर और पैन डिटेल्स जैसी जानकारियां सामने आई हैं.
NDTV इंडिया ग्राफिक्‍स

SBI Data Leak: भारतीय स्टेट बैंक (SBI) से जुड़े डेटा लीक का गंभीर मामला सामने आया है. बैंक के करीब 3,897 ग्राहकों की निजी जानकारी डार्क वेब पर मिले डेटा में पाई गई है. इससे SBI कस्टमर्स के मन में सवाल है कि क्या उनका बैंक अकाउंट सुरक्षित है और कहीं बैंक में जमा उनके पैसे पर तो खतरा नहीं है?  हालांकि, अभी आपको घबराने की जरूरत नहीं है. बैंक ने साफ किया है कि इस घटना का  कोर बैंकिंग सर्विस पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. आइए आपको बताते हैं कि डार्क वेब  पर कस्टमर की कौन-सी जानकारी लीक हुई और ऐसे में किसी भी तरह के स्कैम से बचने के लिए आपको क्या सावधानी बरतनी चाहिए.

SBI Data Leak: कैसे सामने आया मामला?

SBI ने 21 अक्टूबर को बताया कि डार्क वेब पर मौजूद करीब 3.75 लाख रिकॉर्ड की शुरुआती जांच में 3,897 रिकॉर्ड में कस्टमर की पर्सनल डिटेल्स मिली. बैंक को 16 अक्टूबर को अपने थ्रेट इंटेलिजेंस सर्विस प्रोवाइडर, डिफेंस साइबर एजेंसी और CERT-In से इस बारे में अलर्ट मिला था. इसके बाद बैंक ने जांच शुरू कर दी है और CERT-In से जुड़ी एक इंडिपेंडेंट साइबर सिक्योरिटी एजेंसी को भी इसकी जांच-पड़ताल की जिम्मेदारी दी है. अभी यह पता लगाया जा रहा है कि डेटा कितना सही है, कहां से आया और कितनी जानकारी लीक हुई है.

कौन-कौन सी जानकारी हुई लीक?

इस मामले की शुरुआती जांच में ग्राहकों के नाम, जेंडर, रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर, डेट ऑफ बर्थ, ईमेल आईडी और एड्रेस जैसी जानकारी मिली है. इसके अलावा ब्रांच की जानकारी, CIF नंबर, लीड आईडी और लोन  से जुड़े रिकॉर्ड का डेटा भी शामिल है. हालांकि, अभी इस बात की पुष्टि नहीं हुई है कि ग्राहकों के पासवर्ड, PIN, बैंक लॉगिन डिटेल्स या ट्रांजैक्शन की पूरी जानकारी लीक हुई है. यह भी साबित नहीं हुआ है कि किसी ग्राहक के खाते से पैसे निकाले गए हैं.

क्या आपका खतरे में है आपका बैंक अकाउंट?

ये जान लें कि डेटा लीक होने का मतलब यह नहीं है कि हैकर्स ने सीधे आपका बैंक अकाउंट हैक कर लिया है. लेकिन आपकी पर्सनल डिटेल्स के जरिए साइबर ठग आपके साथ धोखाधड़ी करने की कोशिश कर सकते हैं.उन्हें आपका नाम, मोबाइल नंबर या लोन से जुड़ी जानकारी पता हो, तो वे बैंक कर्मचारी बनकर फोन कर सकते हैं. इस दौरान बैंक अकाउंट के ब्लॉक होने या लोन एप्लीकेशन के नाम पर आपसे OTP, PIN या दूसरी पर्सनल डिटेल्स मांग सकते हैं.

डेटा का हो सकता है गलत इस्तेमाल 

बैंक ग्राहकों की लीक हुई  का इस्तेमाल टारगेटेड फिशिंग कॉल, फर्जी बैंक मैसेज और डिजिटल अरेस्ट जैसी धोखाधड़ी में हो सकता है. साइबर ठग आपकी असली जानकारी बताकर आपका भरोसा जीतने की कोशिश कर सकते हैं. इतना ही नहीं मोबाइल नंबर और पहचान से जुड़ी जानकारी का गलत इस्तेमाल SIM स्वैपिंग की कोशिश में भी हो सकता है. इसके अलावा, पर्सनल डॉक्यूमेंट्स के आधार पर फर्जी लोन लेने  की कोशिश भी की जी सकती है. हालांकि, इस मामले में इन तरीकों से धोखाधड़ी होने की अभी पुष्टि नहीं हुई है.

Mitigata के को-फाउंडर और COO सार्थक दुबे के मुताबिक, लोन एप्लीकेशन, KYC डॉक्यूमेंट्स, कर्मचारियों के ईमेल, शेयरिंग फोल्डर और थर्ड-पार्टी सर्विस प्रोवाइडर के सिस्टम से भी डेटा लीक हो सकता है. फिशिंग, चोरी हुए लॉगिन क्रेडेंशियल और गलत तरीके से सेट किए गए सिस्टम भी संभावित वजहें हो सकती हैं. जांच पूरी होने से पहले डेटा लीक का असली सोर्स तय नहीं किया जा सकता.

SBI कस्टमर्स को अब क्या करना चाहिए?

  • सबसे पहले, किसी अनजान लिंक पर क्लिक न करें और OTP, PIN या पासवर्ड किसी से शेयर न करें.
  • बैंक के नाम पर आने वाली कॉल या मैसेज पर आंख बंद करके भरोसा न करें. 
  • अपने बैंक खाते के ट्रांजैक्शन पर नजर रखें और SMS व ईमेल अलर्ट चालू रखें. 
  • अपनी क्रेडिट रिपोर्ट भी चेक करें, ताकि आपके नाम पर किसी अनजान लोन या क्रेडिट कार्ड का पता चल सके. 
  • जरूरत पड़ने पर SBI की ऑफिशियल वेबसाइट, ऐप या कस्टमर सर्विस से खुद संपर्क करें.
  • UIDAI की आधिकारिक वेबसाइट से आधार बायोमेट्रिक्स लॉक भी कर सकते हैं.

अगर आपके साथ किसी तरह का फ्रॉड होता है, तो तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें या cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें. साथ ही SBI को भी इसकी जानकारी दें.

बैंक की सर्विस पर क्या होगा असर?

SBI के मुताबिक, इस डेटा लीक मामले से उसके कारोबार, वित्तीय प्रदर्शन या बैंकिंग सेवाओं पर कोई बड़ा असर नहीं पड़ा है. ऑनलाइन और ऑफलाइन सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं. बैंक ने कहा है कि जांच के बाद जरूरी सुधार और बचाव के कदम उठाए जाएंगे. फिलहाल ग्राहकों को अपना अकाउंट बंद कराने की जरूरत नहीं है. सबसे जरूरी है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज पर अपनी बैंकिंग से जुड़ी जानकारी शेयर न करें.

यह भी पढ़ें | SBI के हजारों कस्टमर्स का डेटा लीक! नाम-पता से लेकर फोन नंबर तक एक्सपोज, कंपनी ने दिया बयान

पूरी स्टोरी पढ़ें

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
SBI Data Leak, SBI Data Breach, SBI Dark Web Data Leak, Sbi Bank Account, SBI Customer Data Leak
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com