दुनिया की दिग्गज चिप कंपनी Nvidia के CEO और को-फाउंडर जेन्सन हुआंग (Jensen Huang) ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. कंपनी से उनकी विदाई के साथ ही उन्हें करीब 10.8 करोड़ डॉलर यानी 108 मिलियन डॉलर के शेयरों का नुकसान उठाना पड़ेगा. हालांकि, उनकी कुल संपत्ति के मुकाबले यह रकम काफी छोटी है. ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, हुआंग की नेटवर्थ फिलहाल 138.4 अरब डॉलर है. वहीं, Nvidia के शेयरों में गिरावट ने उनकी दौलत को 6 अरब डॉलर से ज्यादा का झटका दिया है.
$108 मिलियन के शेयर छोड़ने पड़ेंगे
जेन्सन हुआंग को Nvidia से बाहर होने के बाद करीब 108 मिलियन डॉलर के अनवेस्टेड शेयर छोड़ने होंगे. दरअसल, कंपनी की इक्विटी कंपनसेशन पॉलिसी के मुताबिक, अगर कोई अधिकारी कंपनी में अपनी लगातार सर्विस खत्म करता है, तो उसके अनवेस्टेड RSU यानी Restricted Stock Units खत्म हो जाते हैं.
हुआंग के पास करीब 3.46 लाख ऐसे यूनिट हैं. कंपनी के इक्विटी इंसेंटिव प्लान के तहत परफॉर्मेंस से जुड़े कुछ टागरेट पूरे होने पर उन्हें करीब 3.10 लाख शेयर मिल सकते थे. लेकिन CEO पद छोड़ने के बाद अब उन्हें ये शेयर नहीं मिलेंगे.
नेटवर्थ का सिर्फ 0.08% हुआ नुकसान
ब्लूमबर्ग बिलेनियर्स इंडेक्स के मुताबिक, जेन्सन हुआंग की कुल संपत्ति (Jensen Huang net worth)138.4 अरब डॉलर है. ऐसे में 108 मिलियन डॉलर का यह नुकसान उनकी कुल नेटवर्थ का महज 0.08 फीसदी है. यानी इतनी बड़ी रकम गंवाने के बाद भी उनकी संपत्ति पर इसका बहुत मामूली असर पड़ा है.
हुआंग की नेटवर्थ का बड़ा हिस्सा Nvidia के आम शेयरों में उनकी हिस्सेदारी से आता है. उनके पास कंपनी की करीब 3.5 फीसदी वोटिंग हिस्सेदारी है, जो उनकी कुल संपत्ति का लगभग 97 फीसदी है. Nvidia में सिर्फ एक तरह के शेयर हैं, इसलिए हुआंग के पास कोई अलग या खास वोटिंग अधिकार भी नहीं हैं.
शेयरों में गिरावट से 6 अरब डॉलर से ज्यादा का नुकसान
Nvidia से विदाई का असर हुआंग की दौलत पर शेयर बाजार में भी दिखा. कंपनी के शेयर न्यूयॉर्क में कारोबार के दौरान एक समय 14 फीसदी तक गिर गए थे. हालांकि, बाद में गिरावट कम हुई और शेयर 4.3 फीसदी टूटकर 166.19 डॉलर पर बंद हुए. इस गिरावट से हुआंग की कुल संपत्ति में 6 अरब डॉलर से ज्यादा की कमी आई.
हर साल मिलती थी इतनी सैलरी
63 साल के जेन्सन हुआंग Nvidia के को-फाउंडर हैं. पिछले दो सालों में उन्हें हर साल करीब 7.5 मिलियन डॉलर नकद सैलरी (Nvidia CEO Salary) मिली थी. हालांकि, उनकी कुल नेटवर्थ के मुकाबले यह रकम काफी कम है.उनके इस्तीफे के पीछे दो अफेयर से जुड़ी खबरें सामने आने के बाद पैदा हुआ विवाद बताया गया है. कंपनी के बोर्ड ने उनका इस्तीफा तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया है.
यह भी पढ़ें | EPFO: करोड़ों कर्मचारियों के लिए जरूरी खबर, कंपनियों को 15 नवंबर तक जमा करना होगा अक्टूबर का PF पैसा
यह भी पढ़ें | भारत में स्टारलिंक की एंट्री में देरी पर मस्क के आरोप पर एयरटेल चेयरमैन सुनील मित्तल ने दिया करारा जवाब
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं