Cigarette Price Hike: अगर आप Gold Flake Premium सिगरेट पीते हैं तो अब आपको एक पैकेट के लिए ज्यादा पैसे खर्च करने होंगे. ITC ने इस ब्रांड की कीमत में 10 रुपये की बढ़ोतरी कर दी है. इसके बाद 10 सिगरेट वाले एक पैकेट की कीमत 125 रुपये से बढ़कर 135 रुपये हो गई है. यानी कीमत में करीब 8% का इजाफा हुआ है. इस साल कंपनी ने दूसरी बार इस ब्रांड के दाम बढ़ाए हैं.
नवंबर के चौथे हफ्ते से मिलेंगे नए पैकेट
जानकारी के मुताबिक, Gold Flake Premium की रेगुलर साइज फिल्टर वाली सिगरेट (RSFT) की कीमत बढ़ाई गई है. इसकी लंबाई 60 से 70 मिलीमीटर के बीच होती है. नई कीमत वाले पैकेट नवंबर के चौथे हफ्ते तक वेयरहाउस में पहुंचने की उम्मीद है.
इससे पहले जून 2026 में भी ITC ने इस ब्रांड की कीमत 115 रुपये से बढ़ाकर 125 रुपये प्रति पैकेट की थी. अब दूसरी बढ़ोतरी के बाद कुल कीमत में पुराने 115 रुपये के मुकाबले करीब 17.4% का इजाफा हो चुका है. हालांकि, कीमत बढ़ाने को लेकर NDTV Profit की ओर से भेजे गए सवाल पर ITC ने कोई जवाब नहीं दिया.
ज्यादा टैक्स से सिगरेट कारोबार पर दबाव
सिगरेट की कीमतों में यह बढ़ोतरी ऐसे समय हुई है, जब ज्यादा टैक्स के कारण ITC के सिगरेट कारोबार पर दबाव बना हुआ है. कंपनी ने सितंबर तिमाही के नतीजों के दौरान कहा था कि कानूनी तरीके से बिकने वाली सिगरेट की बिक्री पर दबाव बना हुआ है.
सितंबर तिमाही में 27% गिरा सिगरेट कारोबार का मुनाफा
इसका असर कंपनी के नतीजों में भी दिखा है. सितंबर तिमाही में ITC के सिगरेट कारोबार का मुनाफा सालाना आधार पर 27.2% गिरकर 3,813 करोड़ रुपये रह गया. पिछले साल इसी तिमाही में यह 5,241 करोड़ रुपये था. वहीं, सिगरेट से होने वाला नेट रेवेन्यू भी 21% घट गया.
ITC की कमाई में Gold Flake Premium की बड़ी हिस्सेदारी
Gold Flake Premium का रेगुलर साइज वाला सेगमेंट ITC के लिए काफी अहम है. बाजार से मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी के कुल सिगरेट रेवेन्यू में इस सेगमेंट की हिस्सेदारी करीब 46-50% है.सिगरेट कारोबार ITC के मुनाफे का भी एक बड़ा जरिया है. इस बिजनेस में कंपनी का प्रॉफिट मार्जिन करीब 70% तक रहने का अनुमान है. ऐसे में कीमतों में बढ़ोतरी कंपनी के लिए अहम मानी जा रही है.
यह भी पढ़ें | RBI ने बदले मनी ट्रांसफर के नियम, बैंक ब्रांच से अब बिना अकाउंट ₹50,000 तक पैसे भेज सकेंगे ग्राहक, जानें कैसे
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं