विज्ञापन

चौथी से छठी सबसे बड़ी इकोनॉमी बना भारत, GDP की रेस में नंबर-1 होने के बाद भी क्यों फिसली रैंकिंग? समझें रुपये की कमजोरी ने कैसे बिगाड़ा खेल

IMF के मुताबिक भारत की अर्थव्यवस्था की विकास दर 6 से 7 प्रतिशत से अधिक रहने का अनुमान है, जो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं में सबसे ज्यादा है. इसका मतलब यह है कि रैंकिंग में बदलाव के बावजूद भारत की आर्थिक गति मजबूत बनी हुई है.

चौथी से छठी सबसे बड़ी इकोनॉमी बना भारत, GDP की रेस में नंबर-1 होने के बाद भी क्यों फिसली रैंकिंग? समझें रुपये की कमजोरी ने कैसे बिगाड़ा खेल
Rupee vs Dollar Impact on GDP: रुपये की कमजोरी से भारत छठे स्थान पर आया, लेकिन अर्थव्यवस्था की रफ्तार मजबूत.

भारतीय अर्थव्यवस्था को लेकर एक ऐसी खबर आई है जो सुनने में तो चौकाती है, लेकिन इसके पीछे की वजह काफी पेंचीदा है. इंटरनेशनल मॉनेटरी फंड (IMF) की ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, भारत अब दुनिया की चौथी सबसे बड़ी इकोनॉमी से खिसक कर छठे पायदान पर आ गया है.फिर भी लेकिन हाल के महीनों में डॉलर के मुकाबले रुपए की कमजोरी ने ग्लोबल रैंकिंग में भारत का खेल बिगाड़ दिया है.हालांकि अच्छी बात यह है कि भारत अब भी दुनिया की सबसे तेज़ बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बना हुआ है.

दुनिया की टॉप अर्थव्यवस्थाओं की सूची में भारत छठे नंबर पर

IMF के ताजा नॉमिनल GDP (Nominal GDP) आंकड़ों के अनुसार भारत अब अमेरिका, चीन, जर्मनी, जापान और यूनाइटेड किंगडम के बाद छठे स्थान पर है.वर्तमान में दुनिया की सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं की लिस्ट कुछ इस तरह है...

  • अमेरिका करीब 30.8 ट्रिलियन डॉलर
  • चीन करीब 19.6 ट्रिलियन डॉलर
  • जर्मनी करीब 4.7 ट्रिलियन डॉलर
  • जापान करीब 4.4 ट्रिलियन डॉलर
  • यूनाइटेड किंगडम करीब 4.0 से 4.3 ट्रिलियन डॉलर
  • भारत करीब 3.9 से 4.2 ट्रिलियन डॉलर
Latest and Breaking News on NDTV

नोट- यह रैंकिंग लोकल करेंसी को मौजूदा डॉलर एक्सचेंज रेट पर बदलकर तय की जाती है.

रफ्तार में तेज, लेकिन रैंकिंग में पीछे क्यों ?

अगर आप सोच रहे हैं कि क्या भारतीय अर्थव्यवस्था सुस्त पड़ गई है, तो जवाब है 'नहीं'. भारत की रैंकिंग नीचे आने का मतलब यह नहीं है कि देश की अर्थव्यवस्था कमजोर हुई है. इसकी असल में दो बड़ी वजह है...

1.कमजोर होता रुपया

हाल के महीनों में रुपये की कीमत डॉलर के मुकाबले कमजोर हुई है. जब देश की जीडीपी को अमेरिकी डॉलर में बदला जाता है, तो रुपये की कमजोरी के कारण वह आंकड़ा छोटा नजर आता है  और वैश्विक रैंकिंग प्रभावित होती है.

2.GDP बेस ईयर में बदलाव

भारत ने हाल ही में GDP कैलकुलेशन का बेस ईयर अपडेट किया है. यह सामान्य प्रक्रिया है, लेकिन इससे कागज पर नॉमिनल जीडीपी का आंकड़ा पहले के मुकाबले कम दिखने लगा है. इस तकनीकी बदलाव का भी भारत की वैश्विक रैंकिंग पर असर पड़ा है.

AI Image

रुपये की कमजोरी का असर कैसे पड़ता है? एक्सपर्ट ने समझाया

इंडियाफर्स्ट लाइफ इंश्योरेंस की सीआईओ पूनम टंडन के मुताबिक ,भारत की 7-8% की ग्रोथ के बावजूद करेंसी वैल्यू में उतार-चढ़ाव की वजह से रैंकिंग प्रभावित हुई है.डॉलर के मुकाबले रुपये के कमजोर होने से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अर्थव्यवस्था का आकार छोटा दिखता है, जबकि असल में भारत की ग्रोथ रेट 7–8 प्रतिशत के आसपास मजबूत बनी हुई है. उन्होंने कहा कि  कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और युद्ध जैसी स्थितियां खत्म होने के बाद रुपये में मजबूती आ सकती है. साथ ही  विदेशी निवेश (FPI)बढ़ने से भी रुपये को सहारा मिल सकता है और रुपया जल्द ही मजबूती पकड़ेगा.

रुपये की कमजोरी का असर आयात, महंगाई और निवेश पर

विभावंगल अनुकूलकारा के मैनेजिंग डायरेक्टर सिद्धार्थ मौर्य का कहना है कि रुपये की कमजोरी से वैश्विक रैंकिंग में बदलाव को घबराने वाली स्थिति नहीं माना जाना चाहिए.इसे खतरे की घंटी नहीं, बल्कि सावधानी की तरह देखना चाहिए. भारत की अर्थव्यवस्था कंज्यूमर खर्च, इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट और सर्विस सेक्टक की मजबूती के कारण सामान्य रूप से आगे बढ़ रही है. हालांकि रुपये की कमजोरी का असर  अर्थव्यवस्था की बुनियाद पर नहीं, केवल इंपोर्ट (आयात) लागत और महंगाई पर थोड़ा असर पड़ता है.

भारत की आर्थिक बुनियाद मजबूत 

निटस्टोन फिनसर्व के CEO और MD सैंथिल कुमार आर के अनुसार भारत की आर्थिक वृद्धि की बुनियादी ताकत अभी भी मजबूत है. घरेलू मांग, फाइनेंशियल सिस्टम की मजबूती और स्टेबल ग्रोथ रफ्तार यह दिखाती है कि भारत वैश्विक अनिश्चितताओं के बीच भी संतुलित तरीके से आगे बढ़ रहा है.

2027 तक फिर चौथे स्थान पर पहुंच सकता है भारत

सरकारी अधिकारियों और कई आर्थिक अनुमानों के मुताबिक यह गिरावट सिर्फ कुछ समय के लिए है. भारत जल्द ही अपनी रैंकिंग वापस सुधार सकता है.आईएमएफ का अनुमान है कि भारत की ग्रोथ 6-7% बनी रहेगी, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है. अनुमान है कि भारत 2027 तक वापस चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन सकता है और 2030 की शुरुआत तक दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की राह पर है.

ये भी पढ़ें-  Oil Price Today: इजरायल-लेबनान सीजफायर से कच्चा तेल 2% तक सस्ता, युद्धविराम की उम्मीद से ब्रेंट क्रूड $97.99 पर फिसला

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com