एम्प्लॉईज़ प्रोविडेंट फंड ऑर्गनाइज़ेशन (EPFO) ने मेंटेनेंस का काम पूरा करने के बाद अपना पासबुक पोर्टल फिर से चालू कर दिया है. यानी अब EPFO सदस्य एक बार फिर से अपने प्रोविडेंट फंड अकाउंट का स्टेटमेंट देख सकते हैं. बड़े पैमाने पर डेटाबेस को एक इंटरफेस पर और सॉफ़्टवेयर अपग्रेड करने के काम के तहत, इस पोर्टल को जून के आखिर से कुछ समय के लिए ऑफलाइन कर दिया गया था. लेकिन अब आप EPFO पासबुक पोर्टल पर लॉग इन कर सकते हैं. हालांकि, पोर्टल पर एक नोटिस दिख रहा है जिसमें बताया गया है अभी सारे ट्रांजैक्शन उपलब्ध नहीं है.
वहीं पोर्टल खुलने के बाद शायद पोर्टल का सर्वर डाउन हो गया और मैसेज लिखा पाया गया है कि नेटवर्क फेल होने की वजह से मेंबर पासबुक फेसलिटी तत्काल उपलब्ध नहीं है. जल्द ही यह पुनः काम करेगा, रूकावट के लिए खेद है.

पासबुक पोर्टल पर ट्रांजैक्शन के लिए दिए गए नोटिस के अनुसार, पुराने अकाउंटिंग वर्षों से जुड़े ट्रांज़ैक्शन को माइग्रेट किया जा रहा है और उन्हें कुछ ही दिनों में उपलब्ध करा दिया जाएगा. यह एक ऑटोमेटेड प्रोसेस है और इसके लिए मेंबर को कोई कार्रवाई करने की ज़रूरत नहीं है. यानी यह खद-ब-खुद पोर्टल पर दिखने लगेगा.
PF क्लेम में लगेंगे दो हफ्ते
26 जून को शुरू हुई माइग्रेशन प्रक्रिया का मकसद EPFO के ऑनलाइन प्लेटफ़ॉर्म की प्रोसेसिंग क्षमता को बेहतर बनाना, सुरक्षा को मज़बूत करना और भरोसे को बढ़ाना है. हालांकि सदस्यों और नियोक्ताओं के लिए सेवाएं चरणों में बहाल कर दी गई हैं, लेकिन रिटायरमेंट फंड संस्था ने कहा है कि अगले दो हफ़्तों तक PF क्लेम और दूसरी सेवा अनुरोधों में देरी हो सकती है, क्योंकि अतिरिक्त वेरिफिकेशन और वैलिडेशन जांच की जा रही हैं.
15 जुलाई से ब्याज जमा होना शुरू होगा
पोर्टल का कामकाज ऐसे समय में फिर से शुरू हुआ है जब FY2025-26 के लिए 8.25% सालाना ब्याज जमा किया जाना है; उम्मीद है कि EPFO 15 जुलाई से सब्सक्राइबर्स के खातों में यह ब्याज जमा करना शुरू कर देगा. यह बहाली EPFO के अपग्रेडेड यूनिफाइड मेंबर पोर्टल के चरणबद्ध तरीके से शुरू होने के बाद हुई है.
UAN एक्टिवेशन प्रोसेस में बदलाव
EPFO ने यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को एक्टिवेट करने का तरीका भी बदल दिया है. अब मेंबर्स यूनिफाइड मेंबर पोर्टल के ज़रिए अपना UAN एक्टिवेट नहीं कर सकते. उन्हें आधार-बेस्ड फेस ऑथेंटिकेशन टेक्नोलॉजी (FAT) वाले UMANG मोबाइल ऐप का इस्तेमाल करना होगा.
ऑनलाइन PF बैलेंस कैसे चेक करें
आप EPFO मेंबर पासबुक पोर्टल पर लॉग इन करके अपना EPFO पासबुक बैलेंस ऑनलाइन चेक कर सकते हैं. इसके अलावा, आप UMANG मोबाइल ऐप का इस्तेमाल कर सकते हैं या अपने रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से 9966044425 पर मिस्ड कॉल भी कर सकते हैं.
EPFO ई-पासबुक कैसे चेक करें
- पहले EPFO मेंबर पासबुक पोर्टल पर जाएं
- आप डैशबोर्ड पर, दाईं ओर दिए गए ई-पासबुक आइकन पर क्लिक करें.
- यह आपको ऑनलाइन पासबुक वाले लिंक पर ले जाएगा.
- इसके बाद आप अपना UAN नंबर और पासवर्ड डालें.
- इसके बाद कैप्चा डालें और साइन-इन पर क्लिक करें.
- आपको अपना EPF पासबुक देखेगा आप इसे चेक कर सकते हैं.
- आप अपने ट्रांजैक्शन स्टेटमेंट को डाउनलोड और प्रिंट कर सकते हैं.
यह भी पढ़ेंः EPFO: इस तारीख से खाते में आने लगेगा ब्याज का पैसा, हर महीने कैसे बढ़ता है आपका PF बैलेंस? समझें पूरा कैलकुलेशन
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं