Government Stake Sale in Central Bank: अगर आपका अकाउंट सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया में है या आप शेयर बाजार में निवेश करने की सोच रहे हैं, तो ये खबर आपके लिए फायदेमंद हो सकती है. सरकार ने बैंक में अपनी 8% हिस्सेदारी बेचने का फैसला किया है, जिससे वो करीब 2,455 करोड़ रुपये जुटाना चाहती है. ये बिक्री ऑफर फॉर सेल यानी OFS के जरिए की जा रही है. खास बात ये है कि सरकार ने शेयर की कीमत 31 रुपये तय की है, जो बाजार के पिछले बंद भाव 33.94 रुपये से करीब 8.5% सस्ती है. संस्थागत निवेशकों के लिए ये ऑफर 22 मई से खुल गया है, जबकि आम निवेशक और बैंक कर्मचारी 25 मई से इसमें हिस्सा ले सकेंगे.
इस बड़ी खबर को सुनकर आम आदमी के मन में दो बड़े सवाल हैं. पहला ये कि क्या बैंक में जमा उनका पैसा सेफ रहेगा? और दूसरा ये कि क्या इससे आम निवेशकों को कोई फायदा होगा? इस खबर में आपको पूरी जानकारी देते हैं.
बैंक में मौजूद जमा पूंजी पूरी तरह सेफ
कई बार लोगों को लगता है कि सरकार हिस्सेदारी बेच रही है तो बैंक प्राइवेट हो रहा है. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. इस बिक्री के बाद भी बैंक में सरकार की हिस्सेदारी लगभग 81.27% रहेगी. इसलिए बैंक के ग्राहकों, उनके फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) या सेविंग्स अकाउंट पर कोई आंच नहीं आएगी. बैंक पूरी तरह सेफ और सरकारी ही रहेगा.
निवेशकों के लिए लॉटरी
अगर आप शेयर बाजार में नए हैं या सेफ निवेश ढूंढ रहे हैं, तो आपके लिए ये बंपर मौका है. सरकार ने इस सेल का 10% हिस्सा केवल रिटेल निवेशकों, जो 2 लाख रुपये तक निवेश करते हैं, के लिए रिजर्व रखा है. बाजार भाव से 8.5% सस्ते में शेयर खरीदकर आम लोग कमाल का रिटर्न कमा सकते हैं.
बैंक कर्मचारियों के लिए कैसी है खबर?
सेंट्रल बैंक के कर्मचारियों के लिए सरकार ने 75 लाख शेयर अलग से रखे हैं. कर्मचारी 5 लाख रुपये तक के शेयरों के लिए अप्लाई कर सकते हैं. उन्हें भी इस डिस्काउंटेड प्राइस का सीधा फायदा मिलेगा.
सरकार क्यों बेच रही हिस्सा?
दरअसल, सेबी के नियम के अनुसार किसी भी लिस्टेड सरकारी कंपनी या बैंक में कम से कम 25% हिस्सेदारी पब्लिक के पास होनी चाहिए. अभी के समय में इस बैंक में सरकार की हिस्सेदारी 89.27% है. इसी नियम को पूरा करने के लिए सरकार अपनी हिस्सेदारी धीरे-धीरे कम कर रही है.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं