दुनिया की सबसे बड़ी टेक कंपनी ऐप्पल (Apple) में एक ऐतिहासिक बदलाव होने जा रहा है. करीब 15 साल तक कंपनी को सफलता के शिखर पर पहुंचाने के बाद टिम कुक (Tim Cook) 1 सितंबर, 2026 को CEO का पद छोड़ देंगे. उनकी जगह कंपनी के भरोसेमंद और हार्डवेयर इंजीनियरिंग के एक्सपर्ट जॉन टर्नस (John Ternus) नए CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे. टिम कुक अब एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के नए रोल में दिखेंगे, जहां वे ग्लोबल पॉलिसी और चुनिंदा बड़े प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे.
$350 बिलियन से $4 ट्रिलियन, टिम कुक का जादुई सफर
जब 2011 में स्टीव जॉब्स के बाद Apple के CEO के तौर पर जब टिम कुक ने कमान संभाली थी, तब ऐप्पल की मार्केट वैल्यू लगभग $350 बिलियन थी और शेयर की कीमत महज $13 के आसपास थी. कुक के नेतृत्व में कंपनी ने न केवल $4 ट्रिलियन यानी करीब 330 लाख करोड़ रुपये का आंकड़ा पार किया, बल्कि निवेशकों को 21 गुना तक का रिटर्न दिया.
इन 15 सालों में कंपनी की वैल्यू में 1100% से ज्यादा का उछाल आया है, जो कॉर्पोरेट इतिहास की सबसे बड़ी कामयाबियों में से एक है.

इन फैसलों ने बदल दी ऐप्पल की किस्मत
ऐप्पल के इस सफर में कुछ टर्निंग पॉइंट्स बहुत अहम रहे...
2011 (अगस्त): टिम कुक ने जब कमान ली, तब शेयर $13 पर था. शुरुआती चुनौतियों जैसे iPhone 6 का बेंडगेट विवाद आदि के बावजूद iPhone 6 सीरीज इतिहास की सबसे ज्यादा बिकने वाली सीरीज बनी.
2020 (प्री-कोविड): शेयर $60-70 के स्तर पर था. कंपनी ने Intel को छोड़कर अपने खुद के M-Series प्रोसेसर्स लॉन्च किए, जिसने मैकबुक की दुनिया बदल दी.
2021-2026: कंपनी ने भारत और इंडोनेशिया जैसे उभरते बाजारों में पैठ बनाई. शेयर $150 से बढ़कर $273 के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया.
रेवेन्यू का नया रिकॉर्ड: कुक के लीडरशिप में कंपनी का सालाना रेवेन्यू 4 गुना बढ़कर 416 अरब डॉलर पार कर गया, जिसमें से 100 अरब डॉलर तो सिर्फ सर्विस सेक्टर यानी Apple Pay, Music आदि से आता है.

कौन हैं Apple के नए बॉस जॉन टर्नस?
Apple के नए सीईओ बनने वाले 50 वर्षीय जॉन टर्नस कोई नया नाम नहीं हैं. वे 2001 से ऐप्पल की प्रोडक्ट डिजाइन टीम का हिस्सा हैं. आईपैड, एयरपॉड्स, और आईफोन की कई सीरीज को तैयार करने में उनका हाथ रहा है. हाल ही में उनकी टीम ने अल्ट्राथिन आईफोन एयर और मैकबुक नियो जैसे प्रोडक्ट्स लॉन्च किए हैं. टर्नस अब उस समय कमान संभाल रहे हैं जब ऐप्पल अपना पूरा फोकस आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) और नेक्स्ट-जेन हार्डवेयर पर लगा रहा है.
Apple के मैनेजमेंट में हुए बड़े बदलाव
ऐप्पल ने सिर्फ CEO ही नहीं बदला, बल्कि अपनी कोर टीम को भी मजबूती दी है. कंपनी के चिप्स (Processors) बनाने वाले मास्टरमाइंड जॉनी स्रूजी (Johny Srouji) को अब चीफ हार्डवेयर ऑफिसर बनाया गया है. इसके साथ ही, 15 साल तक चेयरमैन रहे आर्थर लेविंसन अब लीड इंडिपेंडेंट डायरेक्टर की भूमिका में होंगे. यह पूरी टीम 1 सितंबर से ऐप्पल को एक रुप में आने के लिए तैयार है.
ये भी पढ़ें- Apple CEO Change:15 साल बाद टिम कुक ने छोड़ा CEO पद, जॉन टर्नस संभालेंगे कमान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं