बॉलीवुड में कई फिल्में बनती हैं जो किसी की रियल लाइफ पर बेस्ड होती हैं. ऐसे कई किरदार हैं जिनको उनके कामों के लिए पहले बहुत ही कम लोग जानते थे, लेकिन जब उनकी कहानी को लेकर के फिल्में बनीं तो दर्शकों ने उनको बेहद पसंद किया. आज हम आपको बॉलीवुड में बनी कुछ ऐसी ही बायोपिक्स के बारे में बताएंगे जिन्होंने सिर्फ भारत मे ही नहीं बल्कि भारत के बाहर भी अपनी पहचान बनाई है.
क्रिकेट के मैदान पर अपनी पहचान बनाने से लेकर, इतिहास के पन्नों में दर्ज नाम तो किसी ने गरीबी और मुश्किलों को पीछे छोड़कर हजारों बच्चों के सपनों को नई उड़ान दी. इन असल जिंदगी से जुड़ी कहानियों को जब बॉलीवुड के दिग्गजों ने बड़े पर्दे पर उतारा गया इनको दर्शकों का भी भरपूर प्यार मिला. लेकिन इन 5 बायोपिक फिल्मों में एक ऐसी फिल्म है, जिसकी कमाई इतनी ज्यादा है कि 10 साल बाद भी इसकी कमाई तक कोई नहीं पहुंच पाया है. तो चलिए जानते हैं भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली 5 बायोपिक के बारे में.
1. संजू (Sanju)- 586.85 करोड़

बॉलीवुड के खलनायक संजय दत्त की जिंदगी पर बनी फिल्म संजू इस लिस्ट में दूसरे नंबर पर आती है. राजकुमार हिरानी के निर्देशन में बनी फिल्म साल 2018 में रिलीज हुई थी. इसमें रणबीर कपूर ने संजय दत्त का किरदार निभाया थी. उनके साथ फिल्म में परेश रावल, मनीषा कोइराला, विक्की कौशल, सोनम कपूर और अनुष्का शर्मा ने भी काम किया था. फिल्म में संजय दत्त की असल जिंदगी की कहानी दिखाई गई थी. उनके जिंदगी के वो अलग-अलग हिस्से जिनके बारे में उनके फैंस हमेशा से जानना चाहते होंगे. फिल्म संजू ने वर्ल्डवाइड 586.85 करोड़ का कलेक्शन किया था.
ये भी पढ़ें: 90 के दशक के वो गीतकार जिन्होंने 24 घंटे में लिखे 27 गाने, आज भी गूंजते हैं उनके सदाबहार गीत
2. तान्हा जी (Tanhaji)- 367.65 करोड़

अजय देवगन की तान्हा जी फिल्म साल 2020 में बॉक्स ऑफिस पर रिलीज हुई. ओम राउत के निर्देशन में बनी इस फिल्म में अजय देवगन ने छत्रपति शिवाजी महाराज के सेनापति तानाजी मालुसरे का किरदार निभाया था. इस फिल्म में अजय देवगन के साथ सैफ अली खान और काजोल भी फिल्म का हिस्सा बने थे. फिल्म ने वर्ल्ड वाइड 367.65 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया.
3. दंगल (Dangal) - 1968.03 करोड़

इस लिस्ट में सबसे पहले नंबर पर आती है आमिर खान स्टारर फिल्म दंगल. नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी ये फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी. इसकी कहानी पहलवान महावीर सिंह फोगाट और उनकी बेटियों बबीता और गीता फोगाट की कहानी से प्रेरित होकर बनाया गया था. फिल्म में आमिर के साथ फातिमा सना शेख और सान्या मल्होत्रा ने काम किया था. फिल्म के गाने धाकड़ और हानिकारक बापू और नैना भी काफी फेमस हुए थे. फिल्म ने वर्ल्डवाइड 1,968.03 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया था.
4. एम० एस० धोनी: द अनटोल्ड स्टोरी (M.S. Dhoni: The Untold Story) - 216 करोड़

क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी की जिंदगी पर बनी फिल्म साल 2016 में रिलीज हुई थी. इस फिल्म में दिवंगत एक्टर सुशांत सिंह राजपूत ने धोनी का किरदार निभाया था. नीरज पांडे के निर्देशन में बनी फिल्म में कियारा आडवाणी और दिशा पाटनी भी अहम भूमिकाओं में थीं. इस फिल्म की वर्ल्डवाइड कमाई 216 करोड़ रही.
5. सुपर 30 (Super 30) - 208.93 करोड़

साल 2019 में आई फिल्म सुपर 30 आनंद कुमार की जिंदगी से प्रेरित होकर बनी थी. इस फिल्म में ऋतिक रोशन ने मुख्य भूमिका निभाई. फिल्म का डायरेक्शन विकास बहल ने किया था. फिल्म में मृणाल ठाकुर, पंकज त्रिपाठी और आदित्य श्रीवास्तव ने भी काम किया था. फिल्म ने पढ़ाई और संघर्ष की कहानी को बड़े पर्दे पर दिखाया गया है, फिल्म ने वर्ल्डवाइड 208.93 करोड़ रुपए की कमाई की.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं