- बिहार विधानसभा को ईमेल के माध्यम से बम धमकी मिलने के बाद परिसर की सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है.
- पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने धमकी की पुष्टि की है और मामले की गहन जांच चल रही है.
- विधानसभा परिसर में बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों ने तलाशी अभियान शुरू कर दिया है.
बिहार विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद परिसर की सुरक्षा सख्त कर दी गई है. धमकी एक ईमेल के जरिए भेजी गई थी, जिसकी पुष्टि पटना के एसएसपी कार्तिकेय शर्मा ने की है. उन्होंने बताया कि मेल की जांच की जा रही है और मामले की गहन छानबीन जारी है.
बिहार विधानसभा के अध्यक्ष डॉ. प्रेम कुमार ने मामले पर तुरंत संज्ञान लेते हुए सभा सचिवालय के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बैठक की. अध्यक्ष ने प्रभारी सचिव ख्याति सिंह को निर्देश दिया कि वह इस संबंध में मुख्य सचिव और पुलिस महानिदेशक को सूचना दें तथा सुरक्षा के दृष्टिकोण से विधानसभा परिसर की शीघ्र जांच कराई जाए. सूत्रों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल की जानकारी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों को सतर्क कर दिया गया है और पूरे परिसर की जांच कराई जा रही है. पुलिस और संबंधित एजेंसियां ई-मेल के स्रोत का पता लगाने में जुटी हैं.
इसी बीच, विधानसभा परिसर में बम स्क्वायड और डॉग स्क्वायड की टीमों ने पहुंचकर पूरे कैंपस की तलाशी शुरू कर दी है. सुरक्षा बलों ने चप्पे‑चप्पे पर जांच अभियान चला रखा है, जिसमें मेटल डिटेक्टर और बम खोजने वाले विशेष उपकरणों का उपयोग किया जा रहा है.
इससे पहले महाराष्ट्र विधान भवन और मुंबई के अन्य प्रमुख स्थानों पर ‘‘मिसाइल और बम हमलों'' की धमकी वाले एक ईमेल के बाद बृहस्पतिवार को सुरक्षा अलर्ट जारी किया गया था. बम की धमकी मिलने के बाद अधिकारियों ने जारी बजट सत्र के दौरान विधानसभा परिसर में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया था. हालांकि जांच में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.
ये भी पढ़ें : VIDEO: ईद तभी मनाएंगे जब नेतन्याहू का भी वही हश्र हो... लखनऊ में मुस्लिमों ने अमेरिका-इजरायल पर निकाला गुस्सा
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं