विज्ञापन

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर, विधायक होटल में शिफ्ट, तेजस्वी के साथ इफ्तार के बाद AIMIM ने कहा- फैसला चौंकाएगा

महागठबंधन और RJD के विधायक बैग और सामान के साथ होटल पहुंच रहे हैं. सभी विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे वोटिंग तक यहीं रहें. यानी आज दिनभर और पूरी रात विधायक इसी होटल में रहेंगे और कल यहीं से सीधे विधानसभा जाकर राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करेंगे.

राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग का डर, विधायक होटल में शिफ्ट, तेजस्वी के साथ इफ्तार के बाद AIMIM ने कहा- फैसला चौंकाएगा
राज्यसभा चुनाव के मतदान से पहले राजद विधायकों को पटना के एक होटल में रखा गया है.
  • बिहार में राज्यसभा चुनाव से पहले सभी राजनीतिक दल अपने विधायकों को एकजुट रखने के प्रयास में लगे हुए हैं.
  • राष्ट्रीय जनता दल ने अपने सभी विधायकों को पटना के एक निजी होटल में ठहराकर सुरक्षित रखा है.
  • RJD ने विधायकों को निर्देश दिया है कि वे मतदान तक होटल में ही रहें और किसी बाहरी से बात न करें.
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना:

बिहार में राज्यसभा चुनाव से पहले सियासी गतिविधियां तेज हो गई हैं. चुनाव को लेकर सभी दल अपने-अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश में जुटे हैं. इसी कड़ी में महागठबंधन और राष्ट्रीय जनता दल ने भी अपने विधायकों को एक साथ रखने की रणनीति अपनाई है. जानकारी के मुताबिक, RJD ने अपने सभी विधायकों को पटना के आर ब्लॉक स्थित एक निजी होटल में शिफ्ट कर दिया है. राज्यसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी नहीं चाहती कि किसी भी तरह की राजनीतिक हलचल या दबाव का असर उसके विधायकों पर पड़े. इसी वजह से विधायकों को होटल में ठहराने का फैसला लिया गया है.

बैग और सामान के साथ होटल पहुंचे राजद विधायक

बताया जा रहा है कि महागठबंधन और RJD के विधायक बैग और सामान के साथ होटल पहुंच रहे हैं. सभी विधायकों को निर्देश दिया गया है कि वे वोटिंग तक यहीं रहें. यानी आज दिनभर और पूरी रात विधायक इसी होटल में रहेंगे और कल यहीं से सीधे विधानसभा जाकर राज्यसभा चुनाव के लिए मतदान करेंगे. होटल के बाहर और अंदर का नजारा भी काफी दिलचस्प देखने को मिल रहा है. कई विधायक अपने बैग और सामान के साथ होटल पहुंचते नजर आए. 

प्रवक्ता बोले- भाजपा कुछ भी कर सकती है, हमारे विधायक एकजुट

वहीं पार्टी के लोग उनकी व्यवस्था में लगे हुए हैं. होटल में विधायकों के रहने, खाने और बैठकों की पूरी व्यवस्था की गई है. इस पूरे मामले पर RJD के प्रवक्ता शक्ति सिंह यादव ने प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि भाजपा कुछ भी कर सकती है, लेकिन हमारे सभी विधायक एकजुट हैं. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के पास पूरा संख्या बल है और राज्यसभा चुनाव में जीत हमारी ही होगी.

विधायकों को हिदायत- किसी बाहरी से बात न करें, होटल से सीधे वोट देने जाएं

आरजेडी के सभी विधायकों को हिदायत दी गई है कि वे किसी बाहरी व्यक्ति से बात न करें. पार्टी के वरिष्ठ नेताओं ने मोर्चा संभाल लिया है और यह तय किया गया है कि विधायक कल सुबह पटना के आलीशान होटल से सीधे बिहार विधानसभा पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे. रात भर होटल में ही विधायकों की मॉनिटरिंग की जाएगी.


AIMIM की इफ्तार पार्टी में आए तेजस्वी, अख्तरुल बोले- हमारा फैसला चौंकाएगा

दूसरी ओर राज्यसभा चुनाव की वोटिंग कसे पहले रविवार को तेजस्वी यादव AIMIM के इफ्तार पार्टी में शामिल हुए. इसमें महागठबंधन के राज्यसभा के उम्मीदवार एडी सिंह भी नजर आए. उन्होंने कहा है कि हमारे पास 16% वोट शेयर है, हमे उम्मीद है कि हमारी जीत होगी. वही तेजस्वी में कहा कि हमलोग AIMIM से मदद की उम्मीद जताई है, उम्मीद है कि इनके 5 विधायक कल महागठबंधन के पक्ष में वोट करेंगे. वहीं अख़्तरुल इमाम ने कहा है कि कल जो भी हमारा फ़ैसला होगा वह चौंकने वाला होगा. लेकिन हम लोग आज मोहब्बत के लिए इफ़्तार में एक साथ आए है.

क्यों किया गया यह फैसला?

राज्यसभा चुनाव में विधायकों के वोट के आधार पर ही उम्मीदवारों की जीत तय होती है. ऐसे में राजनीतिक दल अक्सर अपने विधायकों को एक साथ रखते हैं, ताकि किसी तरह की टूट-फूट या क्रॉस वोटिंग की संभावना कम हो सके. बिहार की राजनीति में भी यह पहली बार नहीं है जब चुनाव से पहले विधायकों को होटल या रिसॉर्ट में रखा गया हो. इससे पहले भी कई बार अलग-अलग पार्टियां ऐसा करती रही हैं.

राज्यसभा चुनाव के करीब आते ही बिहार में राजनीतिक रणनीति और भी तेज हो गई है. एक तरफ एनडीए अपने विधायकों को एकजुट रखने की कोशिश कर रहा है, तो दूसरी तरफ आरजेडी भी पूरी तरह सतर्क दिखाई दे रही है.

क्रॉस वोटिंग हुई तो बदलेंगे संभावित नतीजे

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि अगर सभी विधायक पार्टी लाइन पर वोट करते हैं, तो नतीजे पहले से तय समीकरणों के अनुसार ही आ सकते हैं. लेकिन अगर कहीं भी क्रॉस वोटिंग होती है, तो चुनाव का परिणाम काफी दिलचस्प हो सकता है. फिलहाल सभी की नजरें मतदान के दिन पर टिकी हुई हैं, जब यह साफ हो जाएगा कि बिहार से राज्यसभा की सीटों पर किस पार्टी का पलड़ा भारी रहता है.

यह भी पढ़ें - राज्यसभा चुनाव: बिहार NDA में महामंथन जारी, क्या 5वीं सीट पर जीत का निकल आएगा फॉर्मूला?

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com