बिहार में पूरी तरह से शराबबंदी है और इसका कारोबार करने वाले समेत इसका सेवन करने वालों पर सख्त कार्रवाई करने का निर्देश है. इसके बावजूद अलग-अलग जिलों में शराब का अवैध कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. अब एक बार फिर बिहार में उत्पाद विभाग की कार्रवाई की चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है. मुजफ्फरपुर में उत्पाद विभाग को शराब की गुप्त सूचना मिली, जिसके बाद टीम मौके पर पहुंची. लेकिन टीम के लिए परेशानी तब बढ़ गई जब उन पर मधुमक्खियों का हमला हो गया. जिसमें कई कर्मचारी जख्मी हो गए.
हालांकि जख्मी होने के बावजूद उत्पाद विभाग की टीम ने साहस दिखाते हुए मौके से एक बोलोरो और भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद किया. इसके साथ ही एक शराब तस्कर को भी धर दबोचा है. यह घटना गुरुवार (19 मार्च) देर रात हुई.
लीची गाछी में मधुमक्खियों के बीच रखा था शराब
दरअसल उत्पाद विभाग के इंस्पेक्टर दीपक कुमार को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि अहियापुर थाना क्षेत्र के खानपुर के एक लिची गाछी में मधुमक्खियों की आड़ में विदेशी शराब का कारोबार किया जा रहा है. वहीं मामले की सूचना मिलते ही उत्पाद इंस्पेक्टर दीपक कुमार के निर्देशन में एक विशेष टीम का गठन किया. जिसके बाद गठित विशेष टीम सूचना पर अहियापुर थाना क्षेत्र के खानपुर में स्थित लीची गाछी में रखे गए मधुमक्खियों के रखे गए बॉक्स के पास पहुंची. लेकिन जैसे ही छापेमारी शुरू की इसी बीच उत्पाद विभाग की टीम पर मधुमक्खियों द्वारा हमला कर कई उत्पाद कर्मी को जख्मी कर दिया गया.
इसी मौसम में मधुमक्खियों की आड़ में करता था शराब तस्करी
वहीं घायल होने के बाद भी कर्मियों ने लग्जरी गाड़ी और भारी मात्रा में विदेशी शराब को जब्त किया. वहीं विभाग ने एक शराब तस्कर को भी गिरफ्तार किया है. पूछताछ में उसने बताया कि वह इसी मौसम में मधुमक्खियों की आड़ में शराब का तस्करी करता है. वह यूपी के सीतापुर से शराब की खेप को लेकर यहां बेचने का काम करता है.
फिलहाल गिरफ्तार कारोबारी से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जा रही है. इसके गिरोह का भी पता लगाया जा रहा है.
यह भी पढ़ेंः पहले कांग्रेस नेता के घर पर चला बुलडोजर... अब पार्टी से हुए निष्कासित, सीएम सोरेन पर बयान देना पड़ा भारी
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं