विज्ञापन
This Article is From Aug 12, 2020

LJP के बयानों पर JDU सांसद ललन सिंह ने कहा- कालिदास उसी डाल को काटने लगे जिस पर बैठे थे

ललन सिंह ने कहा- लोजपा की कहां पर निगाहें और कहां निशाना है, ये तो वही जानें, यूं भी कहा ही गया है कि निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय

LJP के बयानों पर JDU सांसद ललन सिंह ने कहा- कालिदास उसी डाल को काटने लगे जिस पर बैठे थे
जेडीयू के सांसद राजीव रंजन सिंह उर्फ ललन सिंह ने बुधवार को प्रेस से बातचीत की.
पटना:

लोकसभा में जेडीयू (JDU) संसदीय दल के नेता और मुंगेर के सांसद राजीव रंजन सिंह (Rajeev Ranjan Singh) उर्फ ललन सिंह ने लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) के बयानों पर मीडिया से कहा कि वे क्या कहते हैं, ये वे ही जानें. एक कालिदास भी थे जिनके लिए प्रसिद्ध है कि जिस डाल पर बैठे थे उसी को काटने लगे. जहां तक कोरोना का प्रश्न है तो इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (Nitish Kumar) बहुत ही सेंसेटिव हैं और आज की तारीख में बिहार में प्रतिदिन लगभग 83 हजार टेस्ट हो रहे हैं. इसे अगले तीन दिनों में एक लाख करने का लक्ष्य है. कल हुए 83 हजार टेस्ट में मात्र 3 हजार 771 पॉजिटिव पाए गए जो कि जांच का 5 प्रतिशत से भी कम है. बिहार का रिकवरी रेट भी लगभग 66% है.

ललन सिंह ने कहा कि कल प्रधानमंत्री ने 10 राज्यों के साथ बैठक में सामान्य तौर पर कहा था कि कोरोना की स्थिति को देखते हुए टेस्ट की संख्या बढ़ाने की आवश्यकता है. अब ये अलग बात है कि लोजपा की कहां पर निगाहें और कहां निशाना है, ये तो वही जानें. यूं भी कहा ही गया है कि निंदक नियरे राखिए, आंगन कुटी छवाय. 

सहयोगी LJP का फिर नीतीश कुमार पर हमला, इस बार PMO के ट्वीट का लिया सहारा

उन्होंने कहा कि बिहार में कोरोना जांचों में लगातार वृद्धि हो रही है. प्राइमरी हेल्थ सेंटर तक पर टेस्ट हो रहे हैं. जांच के अनुरूप पॉजिटिव मामले भी नियंत्रित हैं, अन्य राज्यों की तुलना में बेहतर है. यहां डेडिकेटेड कोविड केयर सेंटर में हर बेड के साथ ऑक्सीजन की सुविधा है, वेंटिलेटर की पर्याप्त व्यवस्था है.

लोक जनशक्ति पार्टी (LJP) ने राजीव रंजन सिंह (Rajeev Ranjan Singh) उर्फ ललन सिंह पर पलटवार किया है. नवादा के एमपी चंदन ने कहा है कि ललन बाबू भ्रमित हैं और चिराग पासवान (Chirag Paswan) पर बोलने लायक नहीं हैं. ललन जी कोरोना टेस्टिंग के विषय पर प्रधानमंत्री को निशाना बनाना चाहते थे लेकिन कन्फ़्यूज़न में चिराग जी पर बोल रहे हैं. बिहार में कोरोना टेस्टिंग कम हो रही है यह सिर्फ़ बिहारी या लोक जनशक्ति पार्टी ही नहीं बल्कि प्रधानमंत्री जी बोल रहे हैं. 

चंदन ने कहा कि प्रधानमंत्री जी जब बोलते हैं तो उसे आलोचना नहीं सुझाव समझना चाहिए. जेडीयू चिराग पासवान की आड़ में प्रधानमंत्री पर हमला कर रही है.यह उचित नहीं है. कहीं पर निगाहें कहीं पर निशाना को चरितार्थ कर रहे हैं हमारे अभिभावक ललन बाबू.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com