विज्ञापन
This Article is From Apr 15, 2017

...तो सुशील मोदी अपनी सारी संपत्ति लालू प्रसाद यादव के नाम कर देंगे

...तो सुशील मोदी अपनी सारी संपत्ति लालू प्रसाद यादव के नाम कर देंगे
बीजेपी नेता सुशील मोदी ने लालू प्रसाद यादव परिवार पर अकूत अवैध संपत्ति अर्जित करने के आरोप लगाए हैं (फाइल फोटो)
  • सुशील मोदी ने लालू प्रसाद पर बेनामी संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया
  • जवाब में RJD के प्रवक्ता ने सुशील मोदी पर इसी तरह के आरोप लगाए
  • RJD के आरोप पर मोदी ने प्रमाण न देने पर मानहानि का केस करने बात कही
क्या हमारी AI समरी आपके लिए उपयोगी रही?
हमें बताएं।
पटना: भारतीय जनता पार्टी के नेता और पूर्व उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) द्वारा बेनामी संपत्ति अर्जित किए जाने के आरोप पर पलटवार करते हुए कहा कि आरजेडी के नेता अगर प्रमाण दे दें, तो वह अपनी संपत्ति लालू प्रसाद के नाम कर देंगे. उन्होंने राजद प्रवक्ता मनोज झा पर मानहानि का मुकदमा करने की भी बात कही.

सुशील मोदी ने पटना में कहा कि आरजेडी प्रवक्ता ने बगैर किसी प्रमाण के आनाप-शनाप आरोप लगा दिए हैं. इससे उनके द्वारा लगाए आरोप का मामला दबने वाला नहीं. उन्होंने कहा कि आरजेडी सिर्फ लालू परिवार की अवैध ढंग से अर्जित की गई अकूत संपत्ति के मामले को दूसरी दिशा देने के लिए बगैर किसी आधार के आरोप लगा रहा है.

उन्होंने कहा कि मनोज झा सात दिनों के अंदर सार्वजनिक रूप से अपने बयानों के लिए माफी मांगें नहीं तो वे उनके खिलाफ मानहानि का मुकदमा करेंगे. उन्होंने कहा कि उन्हें राजद की बहस की चुनौती स्वीकार है, लेकिन इसके लिए राजद को कहीं जाने की जरूरत नहीं.

सुशील मोदी ने कहा, "हम छोटे भाई हैं, लालू प्रसाद ही दिन और समय तय करें. मैं ही आरजेडी के दफ्तर आ जाऊंगा. लालू प्रसाद किसी समय उनसे बहस कर लें. वे सारे दस्तावेज भी उसी दिन सबके समक्ष पेश कर देंगे. यही अपेक्षा उनकी भी है. लालू प्रसाद और उनके परिवार के लोग भी मेरे ऊपर लगाए सारे आरोपों के दस्तावेज पेश कर दें."

बता दें कि सुशील मोदी लालू प्रसाद के परिवार पर लगातार बेनामी संपत्ति अर्जित करने तथा मिट्टी घोटाला और मॉल घोटाला में शामिल होने का आरोप लगा रहे हैं. उन पर पलटवार करते हुए आरजेडी के प्रवक्ता मनोज झा ने सुशील मोदी पर ही बेनामी संपत्ति जमा करने का आरोप लगा दिया. उन्होंने कहा कि सुशील मोदी का राजेंद्र नगर रोड नंबर 13 में आलीशान महल है. इसके अलावा सोहना रोड, गुड़गांव में भी सुशील मोदी का रियल स्टेट से संबंध है.

उधर, इन आरोप-प्रत्यारोपों पर बिहार के मुख्यमंत्री ने कोई भी प्रतिक्रिया देने से इंकार कर दिया है.

(इनपुट भाषा से भी)

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com