Road Accident in Khagaria: बिहार के खगड़िया जिले में गुरुवार को एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा हुआ है. महेशखूंट थाना इलाके के गौछारी के पास गिट्टी लदे एक अनियंत्रित हाइवा ने ऑटो को इस कदर रौंदा कि उसमें सवार दंपति और ड्राइवर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई. हादसा इतना भयावह था कि ऑटो पूरी तरह हाइवा के नीचे दब गया और उसमें सवार लोग गिट्टी के ढेर के नीचे दफन हो गए.
ड्यूटी ज्वाइन करने की तैयारी
इस हादसे का सबसे दुखद पहलू यह है कि मरने वालों में सीआईएसएफ (CISF) जवान विपिन कुमार और उनकी पत्नी दीपमाला कुमारी शामिल हैं. विपिन अपने गांव मालिया में छुट्टी बिताकर ड्यूटी ज्वाइन करने के लिए झारखंड के लिए निकले थे. उनकी पत्नी दीपमाला, जो पेशे से एक शिक्षिका थीं, अपने पति को मानसी स्टेशन तक छोड़ने के लिए साथ जा रही थीं. घर से निकलते वक्त सब कुछ सामान्य था, लेकिन एनएच-31 पर अचानक आए एक हाइवा ने सब कुछ खत्म कर दिया.
क्रेन की मदद से घंटों मशक्कत के बाद निकले शव
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गिट्टी लदा हाईवा ऑटो के ऊपर ही पलट गया. हादसे के बाद सड़क पर गिट्टी का अंबार लग गया, जिसके नीचे तीनों शव दब गए थे. स्थानीय पुलिस और प्रशासन को शवों को बाहर निकालने के लिए क्रेन की मदद लेनी पड़ी. घंटों की मशक्कत के बाद क्रेन से गिट्टी हटाई गई और गाड़ी के मलबे से तीनों बॉडी को निकाला गया. इस हादसे में ऑटो चालक टनकेश कुमार की भी जान चली गई है, जो जवान के ही गांव का रहने वाला था.
विधायक ने दी सांत्वना
हादसे की खबर मिलते ही घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई. मृतक के परिजन शंभू चौरसिया ने रोते हुए बताया कि परिवार ने खुशियों के साथ विपिन को विदा किया था, लेकिन स्टेशन पहुंचने से पहले ही यह अनहोनी हो गई. सूचना मिलते ही परबत्ता विधायक डॉ. संजीव कुमार भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने रोते-बिलखते परिजनों को ढांढस बंधाया और प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की. फिलहाल, पुलिस ने हाइवा और क्षतिग्रस्त ऑटो को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
ये भी पढ़ें:- दिल्ली में जान गंवाने वाले बिहार के 'डिलीवरी बॉय' के परिवार को 12 लाख की मदद, CM ने किया ऐलान
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं