Bihar IAS Officers Suspended: बिहार में टेंडर घोटाले की परतें जैसे-जैसे खुल रही हैं वैसे वैसे प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप मच गया है. सरकार ने भ्रष्टाचार के गंभीर आरोपों के चलते दो वरिष्ठ आईएएस अधिकारियों योगेश कुमार सागर और अभिलाषा शर्मा को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है. यह कार्रवाई स्पेशल विजिलेंस की उस रिपोर्ट के बाद की गई है जिसमें इन अधिकारियों और रिशु श्री के बीच के अवैध संबंधों का पर्दाफाश हुआ था.
अधिकारियों को दिए महंगे तोहफे
जांच में सामने आया है कि रिशु श्री ने सरकारी टेंडर हासिल करने के लिए अधिकारियों को 'रिश्वत' के नए तरीके अपनाए थे. जब योगेश कुमार सागर बुडको के एमडी थे तब उन्होंने रिशु श्री की मदद से करीब 22 लाख रुपये का खर्च कर अपने पूरे परिवार के साथ विदेश यात्राओं का आनंद लिया था. इसके बदले में नगर विकास विभाग के कई बड़े टेंडर रिशु श्री की कंपनी को सौंपे गए.
वहीं अभिलाषा शर्मा पर आरोप है कि उन्होंने अपने घर की छत पर गार्डन बनवाने से लेकर महंगे उपहार और आईफोन तक रिशु श्री से लिए. इतना ही नहीं उनके रिश्तेदारों की देश भर की सैर का खर्च भी रिशु श्री ने ही उठाया था. नौ लाख रुपये से ज्यादा की यह 'सेवा' टेंडर मैनेज करने की एवज में दी गई थी.
विजिलेंस की रडार पर अन्य अधिकारी
रिशु श्री की गिरफ्तारी के बाद मिली व्हाट्सएप चैट ने इस घोटाले के दायरे को और बढ़ा दिया है. जांच में बीएमएसआईसीएल के पूर्व एमडी धर्मेंद्र सिंह का नाम भी सामने आया है जिनकी विदेश यात्राओं और टेंडर आवंटन में मिलीभगत के संकेत मिले हैं. स्पेशल विजिलेंस अब रिशु श्री को दोबारा रिमांड पर लेने की तैयारी कर रही है. माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में कई और रसूखदार अधिकारी कानून की जद में आ सकते हैं.
यह भी पढ़ें- राजस्थान में दिखा हॉलीवुड मूवी जैसा नजारा, धूल के बवंडर में कैद हुआ आसमान, देखें तस्वीरें
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं