झारखंड से गिरफ्तार करके लाए गए 11 लाख रुपये के एक इनामी नक्सली की कुछ ही घंटे बाद बिहार पुलिस की हिरासत में मौत हो गई. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी. पुलिस उप महानिरीक्षक मनु महाराज ने कहा कि सीपीआई (माओवाद) के क्षेत्रीय कमांडर सिद्धू कोड़ा (40) को शनिवार देर रात सीने और पेट में दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसकी मौत हो गई. जमुई और पटना पुलिस की संयुक्त एसटीएफ टीम ने कोड़ा को शनिवार सुबह झारखंड के दुमका रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया था.
महाराज ने बताया कि कोड़ा हत्या, डकैती, अपहरण और वसूली जैसे करीब 70 मामलों में वांछित था. उन्होंने बताया कि यहां लाकर कोड़ा से पूछताछ हुई. इस आधार पर नक्सल प्रभावित मुंगेर जिले में छापेमारी की गई, जिसमें भारी मात्रा में गोला-बारूद और हथियार जब्त किए गए. उन्होंने बताया कि शनिवार रात 11 बजे सीने और पेट में दर्द की शिकायत के बाद उसे जमुई सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई.
उन्होंने बताया कि पुलिस हिरासत में मौत होने के चलते नियमानुसार मैजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पोस्टमार्टम किया गया. हालांकि, उन्होंने पोस्टमार्टम रिपोर्ट के विवरण साझा नहीं किए.
(इस खबर को एनडीटीवी टीम ने संपादित नहीं किया है. यह सिंडीकेट फीड से सीधे प्रकाशित की गई है।)NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं