Bihar News: बिहार में सारण जिले के अमनौर प्रखंड स्थित पकड़ी महम्मद गांव में शुक्रवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती अपने प्रेमी को बुलाने के लिए गांव के एक ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गई. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक युवती टावर पर चढ़कर ज़ोर-ज़ोर से अपने प्रेमी का नाम पुकार रही थी और उसे मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गई. इसके बाद प्रशासन और लोगों में अफरा-तफरी मच गई.
बड़ी मशक्कत के बाद उतरी युवती
इस घटना को देखकर पूरे गांव में सनसनी फैल गई और देखते ही देखते वहां सैकड़ों लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा. स्थानीय ग्रामीणों ने शुरुआत में अपने स्तर से युवती को समझाने और शांत करने की बहुत कोशिश की. लोग उससे नीचे उतरने की मिन्नतें करते रहे, लेकिन गुस्से से भरी युवती किसी की बात सुनने को तैयार नहीं थी.
इसके बाद स्थिति बेकाबू होते देख तुरंत स्थानीय प्रशासन और पुलिस को मामले की जानकारी दी गई. मौके पर पहुंची टीम ने ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद युवती को सुरक्षित नीचे उतारा, तब जाकर प्रशासन और परिजनों ने राहत की सांस ली.
रील्स और सोशल मीडिया का बढ़ता असर
इस घटना के बाद इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं गर्म हैं. सामाजिक विशेषज्ञों का कहना है कि आजकल की रील संस्कृति और सोशल मीडिया के अतिरेक प्रभाव के कारण युवाओं में धैर्य कम हो रहा है. अपनी मांगें मनवाने के लिए इस तरह जान जोखिम में डालना एक गंभीर सामाजिक चिंता का विषय बनता जा रहा है.
यह भी पढ़ें-
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं