विज्ञापन
This Article is From Aug 26, 2017

बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 440 हुई, पीएम मोदी ने 500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की

प्रभावित इलाकों से बाढ़ का पानी भले ही कम हो रहा है, लेकिन लोगों की परेशानियां घट नहीं रही हैं.

बिहार में बाढ़ से मरने वालों की संख्या 440 हुई, पीएम मोदी ने 500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की
फाइल फोटो
पटना: बिहार में बाढ़ से अब भी हालात खराब बने हुए हैं. राज्य में बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 440 हो गई है, जबकि 1.71 करोड़ लोग इस आपदा से प्रभावित हैं. प्रभावित इलाकों से बाढ़ का पानी भले ही कम हो रहा है, लेकिन लोगों की परेशानियां घट नहीं रही हैं. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और उपमुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी के साथ बाढ़ प्रभावित अररिया, किशनगंज, कटिहार और पूर्णिया जिले का हवाई सर्वेक्षण किया. पीएम मोदी ने तत्काल 500 करोड़ रुपये देने की घोषणा की. उन्होंने बाढ़ से मारे गए लोगों के परिजन को दो-दो लाख रुपये देने की घोषणा भी की.

यह भी पढ़ें: बाढ़ पीड़ितों के लिए बिहार विधानमंडल के कई सदस्यों ने किया मुख्यमंत्री राहत कोष में अंशदान

आपदा प्रबंधन विभाग द्वारा शनिवार को जारी आंकड़े के मुताबिक, राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में पिछले 24 घंटे के दौरान बाढ़ से 22 लोगों की मौत हुई है, जिस कारण बाढ़ से मरने वालों की संख्या 440 तक पहुंच गई है. अररिया में सबसे ज्यादा 95 लोगों की मौत हुई है. किशनगंज में 24, पूर्णिया में नौ, कटिहार में 40, पूर्वी चंपारण में 32, पश्चिमी चंपारण में 36, दरभंगा में 30, मधुबनी में 28, सीतामढ़ी में 46, शिवहर में पांच, सुपौल में 16, मधेपुरा में 25, गोपालगंज में 20, सहरसा और खगड़िया में आठ-आठ, मुजफ्फरपुर में नौ, समस्तीपुर में दो तथा सारण में सात लोगों की मौत हुई है.

VIDEO: घरों और गोदामों में रखा सैकड़ों टन अनाज हुआ बर्बाद
आपदा प्रबंधन विभाग के मुताबिक कई जगहों पर बाढ़ का पानी घटा है, जिसके बाद लोग अपने-अपने घर लौट रहे हैं. राहत शिविरों की संख्या घटकर 262 हो गई है. राहत शिविरों में अभी 1.65 लाख लोग रह रहे हैं.

NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं

फॉलो करे:
Listen to the latest songs, only on JioSaavn.com