Bihar News: बिहार के मधेपुरा जिले के मुरलीगंज थाना क्षेत्र से एक बेहद दर्दनाक और विचलित कर देने वाली खबर सामने आई है. यहाँ के खारी स्थित जेडी पब्लिक स्कूल में रह रहे छह वर्षीय मासूम आनंद प्रेम की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. छात्र का शव स्कूल के शौचालय के पास पाइप से बंधा हुआ पाया गया, जिससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है.
मृतक छात्र पोखराम परमानंदपुर का निवासी था और यूकेजी का छात्र था. वह पिछले छह महीने से इसी स्कूल के छात्रावास में रहकर शिक्षा प्राप्त कर रहा था. रविवार की सुबह इस घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है. पीड़ित परिवार का सीधे तौर पर आरोप है कि मासूम की हत्या की गई है और साक्ष्य छिपाने के लिए शव को पाइप से बांधा गया.
स्कूल संचालक हुआ फरार
घटना को लेकर कई रहस्यमयी बातें भी सामने आ रही हैं. स्कूल में पढ़ने वाले कुछ अन्य छात्रों ने पुलिस को बताया कि देर रात दो अज्ञात लोग परिसर में घुसे थे और उन्होंने ही छात्र के साथ इस बर्बरता को अंजाम दिया. सबसे बड़ा सवाल यह है कि घटना के बाद से ही स्कूल संचालक सुनील कुमार मौके से फरार है. संचालक की संदिग्ध चुप्पी और उसकी अनुपस्थिति मामले को और भी अधिक गंभीर बना रही है.
पुलिस जांच हुई शुरू
सूचना मिलते ही एसपी संदीप कुमार सिंह ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं कमान संभाल ली है. मुरलीगंज थानाध्यक्ष नूरुल हक ने बताया कि पुलिस हर बारीक पहलू पर जांच कर रही है. फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए मधेपुरा सदर अस्पताल भेज दिया गया है.
पोस्टमार्टम रिपोर्ट ही इस रहस्यमयी मौत से पर्दा उठाएगी. स्कूल परिसर में हुई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. परिजन न्याय की गुहार लगा रहे हैं और पूरे क्षेत्र में इस घटना के बाद से भारी आक्रोश है.
यह भी पढ़ें- केदारनाथ यात्रा में ‘VIP' बनने का शौक पड़ा भारी, बिहार सरकार लिखी स्कॉर्पियो हुई सीज
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं