Royal Enfield Bullet 650 Launch in India: भारतीय बाजार में क्रूजर बाइक पसंद करने वालों के लिए बड़ी खुशखबरी है, क्योंकि रॉयल एनफील्ड ने अपनी फेमस बुलेट को पावरफुल रूप में लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने नई रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 को भारत में करीब 3.65 लाख रुपये की एक्स-शोरूम कीमत पर पेश किया और इसकी सेल पूरे देश में डीलरशिप पर शुरू हो चुकी है. इस बाइक के आने से रॉयल एनफील्ड की 650cc सेगमेंट वाली बाइक्स की रेंज और मजबूत हो गई, जिसमें पहले से इंटरसेप्टर 650, शॉटगन 650 और सुपर मीटियोर 650 जैसी पॉपुलर बाइक्स शामिल हैं.
आइकॉनिक डिजाइन
रॉयल एनफील्ड ने बुलेट 650 के डिजाइन में इसके क्लासिक लुक को बरकरार रखा है. इस बाइक में पुराने स्टाइल का फ्यूल टैंक दिया है, जिस पर हाथ से बनी गोल्डन लाइनें और विंटेज बैज लगे हैं. सामने की ओर क्लासिक स्टाइल का एलईडी हेडलैंप और टाइगर आई पायलट लाइट्स दी हैं. इसके अलावा, क्रोम फिनिश वाले पीशूटर एग्जॉस्ट बाइक को रेट्रो लुक दे रहे हैं.
इंजन, परफॉर्मेंस में कैसी है बुलेट?
रॉयल एनफील्ड बुलेट में कंपनी का भरोसेमंद 648cc का इंजन दिया है, जो एयर और ऑयल कूलिंग के साथ आता है. ये इंजन 47 bhp की पावर और 52.3 Nm का टॉर्क पैदा करता है, जिससे बाइक को अच्छी पावर मिलती है. स्मूथ राइडिंग के लिए इसमें 6-स्पीड गियरबॉक्स और स्लिप एंड असिस्ट क्लच दिया है. कुल मिलाकर, ये अब तक की सबसे पावरफुल बुलेट है, जो खास तौर पर हाईवे के लिए शानदार मानी जा रही है.
रॉयल एनफील्ड बुलेट 650 में आगे की ओर 41mm शोवा टेलिस्कोपिक सस्पेंशन और पीछे की ओर हाइड्रोलिक शॉक एब्जॉर्बर दिए हैं, जिससे खराब सड़कों पर भी राइड काफी स्मूथ रहती है. इसके क्लासिक लुक के लिए इसमें आगे 19‑इंच और पीछे 18‑इंच के स्पोक व्हील्स लगाए हैं. सेफ्टी की बात करें तो इसके लिए बाइक में डुअल‑चैनल एबीएस के साथ आगे और पीछे दोनों तरफ डिस्क ब्रेक दिए हैं. साथ ही बाइक में नया डिजिटल एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर भी मिलता है, जो फ्यूल, ट्रिप, गियर पोजीशन और सर्विस जैसी जरूरी जानकारी दिखाता है.
कितने कलर में मिल रही?
ये दमदार बाइक दो कलर ऑप्शन में लॉन्च हुई है. पहला कैनन ब्लैक और दूसरा बैटलशिप ब्लू. दोनों ही वेरिएंट्स की कीमत एक जैसी रखी गई है. फिर इंतजार किस बात का आप क्रूजर बाइक को पसंद करते हैं, तो जल्द ही इसे अपने घर ले आइए.
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं