Pulsar फैन्स के लिए खुशखबरी है. Bajaj Auto ने Pulsar N160 के 'SS' मॉडल को बाजार में उतारने के बाद, अब अपनी सबसे पावरफुल Pulsar N250 को भी अपग्रेड कर दिया है. Bajaj Pulsar N250SS नाम से लॉन्च हुए इस नए मॉडल में कई बड़े बदलाव किए गए हैं. इनमें एक नया 6-स्पीड गियरबॉक्स, ब्लूटूथ को सपोर्ट करने वाली 5-इंच की TFT स्क्रीन और राइडिंग को आसान बनाने के लिए राइड मोड्स के साथ 'इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी' (ETB) शामिल है. दिल्ली में इस नई बाइक की एक्स-शोरूम कीमत 1.59 लाख रुपये रखी गई है. इस नई बाइक में पुराने रेगुलर मॉडल के मुकाबले पावर और टॉर्क में भी मामूली सुधार किया गया है.
नया 4-वाल्व इंजन और 6-स्पीड गियरबॉक्स की ताकत
Bajaj Pulsar N250SS में पहले की तरह ही 249cc का इंजन दिया गया है, लेकिन अब इसे एक बिल्कुल नए 4-वाल्व सेटअप के साथ अपग्रेड किया गया है. इस नई तकनीक के दम पर ये इंजन अब 24.7 bhp की मैक्सिमम पावर और 22 Nm का पीक टॉर्क जनरेट करता है. आपको बता दें कि ये इसके रेगुलर मॉडल की 24.2 bhp पावर और 21.5 Nm टॉर्क के मुकाबले अधिक है.
Bajaj ने इसके पुराने 5-स्पीड गियरबॉक्स को हटाकर एक बिल्कुल नया 6-स्पीड गियरबॉक्स दिया है, जो इस बाइक की क्रूजिंग क्षमता को काफी बेहतर बना देगा. इस बाइक में अब इलेक्ट्रॉनिक थ्रॉटल बॉडी (ETB) यानी राइड-बाय-वायर तकनीक दी गई है. इसकी मदद से राइडर सड़क की स्थिति के अनुसार अलग-अलग ETB राइड मोड्स को सेलेक्ट कर सकता है. ये मोड्स बाइक में पहले से मिलने वाले ABS सुरक्षा मोड्स के अलावा काम करेंगे.
नेविगेशन सपोर्ट करने वाली नई 5-इंच की TFT स्क्रीन और आधुनिक फीचर्स
Bajaj ने इस बाइक के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को पूरी तरह से डिजिटल और हाई-टेक बना दिया है. Pulsar N160SS की तरह ही नई N250SS में भी पुराने LCD यूनिट की जगह एक बिल्कुल नया 5-इंच का कलरफुल TFT कंसोल दिया गया है. ये डिस्प्ले ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और सीधे स्क्रीन पर Google Maps नेविगेशन को दिखाने की सुविधा देता है. परफॉर्मेंस लवर्स के लिए इसमें एक नया Sports Shifter दिया गया है. इसके अलावा ड्राइवर की सुविधा के लिए एडजस्टेबल क्लच और ब्रेक लीवर्स, फोन चार्ज करने के लिए एक यूएसबी Type-C पोर्ट और चारों इंडिकेटर्स को एक साथ जलाने के लिए एक हैजार्ड स्विच दिया गया है.
Bajaj Pulsar N250SS का मुकाबला
सुरक्षा के लिए इसमें पैनिक ब्रेक अलर्ट फीचर दिया गया है, जो अचानक तेजी से ब्रेक लगाने पर पीछे आ रहे ट्रैफिक को सावधान करने के लिए इंडिकेटर्स को बहुत तेजी से चमकाने लगता है. कंपनी ने इस स्पोर्टी बाइक को चार कलर्स अटलांटिक ब्लू, ब्रुकलिन ब्लैक, फायरी रेड और पर्ल व्हाइट में पेश किया है. रेगुलर Pulsar N250 के मुकाबले इस नए प्रीमियम 'SS' वेरिएंट की कीमत लगभग 14,000 रुपये अधिक रखी गई है. इसके बावजूद, अपने सेगमेंट में यह बाइक अपने कंपीटिटर्स जैसे Hero Xtreme 250R और Suzuki Gixxer 250 के मुकाबले काफी किफायती है.
यह भी पढ़ें | Maruti का झटका! कंपनी की सबसे पॉपुलर 7-सीटर कार हुई महंगी, जानें कितने बढ़े दाम
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं