Maruti Suzuki ने अपनी नई कार खरीदने वाले कस्टमर्स को जोरदार झटका दिया है. कंपनी ने अपनी सबसे पॉपुलर 7-सीटर कार को महंगा कर दिया है. Maruti Suzuki Ertiga की कीमत को रिवाइज किया गया है. इससे पहले कंपनी Fronx और XL6 की कीमतों में बदलाव कर चुकी हैं. कार वाले की रिपोर्ट के अनुसार, Maruti Ertiga अब 10 हजार रुपये महंगी हो गई है. आपको बता दें कि Maruti Suzuki Ertiga की कीमतों में की गई ये बढ़ोतरी केवल इसके ZXi+ पेट्रोल MT स्मार्ट हाइब्रिड और ZXi+ पेट्रोल AT स्मार्ट हाइब्रिड वेरिएंट्स पर ही लागू होगी.
अच्छी बात है कि इन मॉडल्स के अलावा दूसरे सभी पेट्रोल और सीएनजी वेरिएंट्स की कीमतों में कोई बदलाव नहीं किया गया है. यानी उन मॉडल्स को आप उसी कीमत पर खरीद सकते हैं. आइए आपको Maruti Suzuki Ertiga के स्पेसिफिकेशन्स और फीचर्स के बारे में बताते हैं.
Maruti Suzuki Ertiga के फीचर्स
पैसेंजर्स की सेफ्टी के लिए Maruti Suzuki Ertiga के सभी वेरिएंट्स में 6 एयरबैग्स स्टैंडर्ड (हर मॉडल में अनिवार्य) तौर पर दिए जा रहे हैं. ये यात्रियों की सुरक्षा को काफी मजबूत बनाते हैं. कार के बाहरी लुक में एक नए रियर रूफ स्पॉइलर मिलता है. दूसरी रो (second row) के यात्रियों के लिए छत पर लगे ब्लोअर यूनिट के स्थान पर आगे की सीट के आर्मरेस्ट के ठीक पीछे एसी वेंट्स दिए गए हैं. दिलचस्प बात ये है कि इस एसी को ऑन/ऑफ करने का मेन स्विच डैशबोर्ड के राइट साइड की तरफ फिट किया गया है, यानी केवल ड्राइवर ही इसे कंट्रोल कर सकता है.
यह भी पढ़ें | 34KM का माइलेज, 360° कैमरा, कीमत 4.98 लाख से शुरू, Maruti की सबसे ज्यादा बिकने वाली कारें
इसमें बीच की सीट पर बैठने वाले यात्रियों के लिए आरामदायक हेडरेस्ट दिया गया है. इसके साथ ही फोन चार्ज करने के लिए दो फास्ट चार्जिंग यूएसबी टाइप-सी पोर्ट्स भी जोड़े गए हैं. तीसरी रो (third row) में भी यात्रियों के लिए दो नए एसी वेंट्स और दो फास्ट चार्जिंग टाइप-सी पोर्ट्स दिए गए हैं ताकि लंबी यात्राओं के दौरान चार्जिंग की कोई समस्या न हो.
Maruti Suzuki Ertiga: इंजन और माइलेज
Maruti Suzuki Ertiga के बोनट के नीचे यानी इसके इंजन कंपार्टमेंट में 1.5-लीटर पेट्रोल इंजन दिया गया है. ये 103 hp की पावर जनरेट करता है. इसके साथ ही एनवायरमेंट-फ्रेंडली CNG मॉडल भी उपलब्ध है जो सीएनजी मोड में 89 hp की पावर देता है. कंपनी का दावा है कि इसका पेट्रोल मैनुअल वेरिएंट 20.51 किमी/लीटर तक माइलेज देता है. जबकि ऑटोमैटिक वेरिएंट 20.30 किमी/लीटर का माइलेज देता है. हालांकि, इसका CNG वेरिएंट 26.11 किमी/किग्रा का बंपर माइलेज देता है. आपको बता दें कि इसकी कीमत 8.80 लाख रुपये से शुरू होती है. कस्टमर्स इसको LXi, VXi, ZXi, और ZXi+ वेरिएंट्स में खरीद सकते हैं.
यह भी पढ़ें | CNG का माइलेज और डिग्गी में फुल स्पेस.. ये हैं बड़े बूट स्पेस वाली धाकड़ SUV, कीमत 9.99 लाख से शुरू
NDTV.in पर ताज़ातरीन ख़बरों को ट्रैक करें, व देश के कोने-कोने से और दुनियाभर से न्यूज़ अपडेट पाएं